डेब्यू पर 300 रन… सहवाग या ब्रैडमैन नहीं, इन दो बल्लेबाजों के नाम कीर्तिमान, एक का तो 8 मैचों में खत्म हुआ करियर

Last Updated:June 16, 2026, 19:01 IST
300 run record on debut match: जब क्रिकेट में बड़े स्कोर या तिहरे शतक की बात आती है, तो जेहन में सबसे पहले वीरेंद्र सहवाग, सर डॉन ब्रैडमैन, क्रिस गेल या ब्रायन लारा जैसे दिग्गज बल्लेबाजों के नाम आते हैं, लेकिन आपको यह जानकर हैरानी होगी कि दुनिया के बड़े-बड़े धुरंधर जो कारनामा अपने पूरे करियर में नहीं कर सके, वह इतिहास में दो बल्लेबाजों ने अपने पहले ही मैच में कर दिखाया था. ये कारनामा है डेब्यू इंटरनेशनल मैच में 300 रन का. आइए जानते हैं ये दो नाम कौन-कौन हैं.
क्रिकेट के 149 साल से ज्यादा के इतिहास में डेब्यू टेस्ट मैच में 300 या उससे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड केवल दो बल्लेबाजों के नाम दर्ज है. इनमें से एक खिलाड़ी का करियर तो इतना दुर्भाग्यपूर्ण रहा कि सिर्फ 8 मैच खेलने के बाद ही खत्म हो गया. दरअसल, ये दो नाम हैं लॉरेंस रो और टिप फोस्टर.
वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज लॉरेंस रो ने अपने पहले ही टेस्ट मैच में वो कर दिखाया जो आज तक दोबारा कोई नहीं कर सका. 16 फरवरी 1972 को न्यूजीलैंड के खिलाफ किंग्सटन में उन्होंने अपने करियर का आगाज किया था. मैच की पहली पारी में इस बल्लेबाज ने 214 रन बनाए, जबकि दूसरी पारी में नाबाद 100 रन की पारी खेली. उन्होंने मैच में कुल 314 रन बनाए, जो डेब्यू मैच में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड भी है.
लॉरेंस रो दुनिया के इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं, जिन्होंने अपने डेब्यू मैच की दोनों पारियों में शतक (एक दोहरा शतक और एक शतक) लगाया और मैच में कुल 314 रन बनाए. हालांकि, इतने जबरदस्त डेब्यू के बाद भी उनका करियर महज 30 टेस्ट मैचों में ही सिमट गया. उनके नाम 7 शतकों के साथ 2047 रन दर्ज हैं.
Add as Preferred Source on Google
लॉरेंस रो से भी पहले यह कारनामा इंग्लैंड के टिप फोस्टर ने किया था. उन्होंने आज से करीब 123 साल पहले, 11 दिसंबर 1903 को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी के मैदान पर अपना डेब्यू किया था. इस मैच की अपनी पहली पारी में 287 रन और दूसरी पारी में 19 रन के साथ कुल 306 रन बनाए. वह डेब्यू मैच में 300 रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बने थे.
फोस्टर ने अपनी पहली ही पारी में 287 रनों की मैराथन पारी खेली थी, जो आज भी किसी बल्लेबाज द्वारा अपने डेब्यू मैच की एक पारी में बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है. मैच में उन्होंने कुल 306 रन जोड़े थे. फोस्टर एक बेहतरीन ऑलराउंडर खिलाड़ी थे, जिन्होंने इंग्लैंड के लिए फुटबॉल भी खेला था.
धमाकेदार डेब्यू के बाद भी फोस्टर का करियर सिर्फ 8 मैचों तक ही सीमित रहा. यह उनके मुकाबले का इकलोता सेंचुरी स्कोर रहा. 1903 में डेब्यू करने के चार साल बाद 1907 में फोस्टर ने इंटरनेशनल करियर का अपना आखिरी मैच खेल लिया. 8 मैचों में उन्होंने 602 रन बनाए.



