4 मैच 276 रन…भारत के खिलाफ 56 रन बनाते ही ग्लेन फिलिप्स के नाम हो जाएगा विश्व कीर्तिमान

होमखेलक्रिकेट
4 मैच 276 रन… 56 रन बनाते ही फिलिप्स के नाम हो जाएगा विश्व कीर्तिमान
Last Updated:October 31, 2026, 16:11 IST
Glenn Phillips 56 Runs need for world records: न्यूजीलैंड और भारत के बीच पांचवें और अंतिम टी20 मुकाबले में कीवी बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स के पास इतिहास रचने का सुनहरा मौका है. सीरीज के चौथे मैच में 107 रनों की शानदार शतकीय पारी खेलने वाले फिलिप्स अब तक 276 रन बना चुके हैं. फिल साल्ट के 331 रनों के ऑल-टाइम वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए उन्हें 56 रनों की दरकार है. इसके अलावा 15 रन बनाते ही वे मार्क चैपमैन का रिकॉर्ड तोड़कर न्यूजीलैंड के लिए द्विपक्षीय सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे.ग्लेन फिलिप्स को वर्ल्ड रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए 56 रन की जरूरत है.
नई दिल्ली. क्रिकेट के मैदान पर रिकॉर्ड बनते और टूटते रहते हैं. लेकिन कुछ रिकॉर्ड ऐसे होते हैं जो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज हो जाते हैं. न्यूजीलैंड और भारत के बीच खेली जा रही रोमांचक टी20 सीरीज अब अपने आखिरी और सबसे रोमांचक पड़ाव पर पहुंच गई है. सीरीज का पांचवां और अंतिम मुकाबला रविवार (1 नवंबर) को हेमिल्टन के सेडन पार्क में खेला जाना है. इस मुकाबले में कीवी टीम के विस्फोटक दाएं हाथ के बल्लेबाज ग्लेन फिलिप्स के पास एक ऐसा ऐतिहासिक कारनामा करने का मौका होगा, जो उन्हें टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सबसे खास बल्लेबाजों की फेहरिस्त में ला खड़ा करेगा. फिलिप्स के निशाने पर फिल साल्ट और मार्क चैपमैन के वे बड़े रिकॉर्ड हैं, जिन्हें तोड़ना किसी भी बल्लेबाज के लिए एक बड़ी उपलब्धि होती है.
ग्लेन फिलिप्स (Glenn Phillips) इस समय अपने करियर की बेहतरीन फॉर्म से गुजर रहे हैं. सीरीज के चौथे टी20 मुकाबले में शुक्रवार (30 अक्टूबर) को उन्होंने भारतीय गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए मैदान के चारों तरफ चौकों-छक्कों की बारिश कर दी थी. फिलिप्स ने उस मैच में महज 49 गेंदों पर ताबड़तोड़ 107 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली थी. उनकी इस आक्रामक पारी के दम पर ही न्यूजीलैंड ने मैच में अपनी स्थिति मजबूत की थी. इस सीरीज में अब तक खेले गए 4 मैचों की 4 पारियों में फिलिप्स कुल 276 रन अपने नाम कर चुके हैं. अब पांचवें और आखिरी टी20 मैच में उनके पास दुनिया भर के दिग्गजों को पीछे छोड़ने का सुनहरा अवसर है.
फिल साल्ट के ऑल-टाइम वर्ल्ड रिकॉर्ड पर नजरफिलहाल किसी द्विपक्षीय टी20I सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का ऑल-टाइम वर्ल्ड रिकॉर्ड इंग्लैंड के तूफानी बल्लेबाज फिल साल्ट के नाम दर्ज है. साल्ट ने दिसंबर 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए कुल 331 रन बनाए थे. इस सर्वकालिक सूची में दूसरे नंबर पर पाकिस्तान के स्टार बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान हैं, जिन्होंने 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ छह मैचों में 316 रन बनाए थे.
इस एलीट लिस्ट में तीसरा नाम एस्टोनिया के साहिल चौहान का है, जिन्होंने 2024 में साइप्रस के खिलाफ छह मैचों में 297 रन बनाए थे. वहीं, न्यूजीलैंड के मार्क चैपमैन चौथे स्थान पर हैं, जिन्होंने 2023 में पाकिस्तान के खिलाफ पांच मैचों में 290 रन बनाए थे. इनके अलावा पाकिस्तान के बाबर आजम (285 रन), सर्बिया के लेस्ली डनबर (284 रन), स्पेन के मोहम्मद एहसान (283 रन), भारत के तिलक वर्मा (280 रन), भारत के अभिषेक शर्मा (279 रन), कंबोडिया के शाह अबरार हुसैन (279 रन), ऑस्ट्रिया के करनबीर सिंह (278 रन), जर्मनी के मुसाद्दिक अहमद (277 रन) और न्यूजीलैंड के फिन एलन (275 रन) इस सूची में शामिल हैं. ग्लेन फिलिप्स वर्तमान में 276 रनों के साथ इस फेहरिस्त में मौजूद हैं. फिल साल्ट के इस ऑल-टाइम रिकॉर्ड को तोड़ने के लिए फिलिप्स को पांचवें मैच में महज 56 और रनों की दरकार है.
मार्क चैपमैन का न्यूजीलैंड का रिकॉर्ड टूटने की कगार परयदि ग्लेन फिलिप्स भारत के खिलाफ रविवार को होने वाले मुकाबले में कम से कम 15 रन बना लेते हैं, तो वे ब्लैक कैप्स (न्यूजीलैंड) के लिए किसी द्विपक्षीय टी20I सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे. फिलहाल यह रिकॉर्ड मार्क चैपमैन के नाम है, जिन्होंने 2023 में पाकिस्तान के खिलाफ पांच मैचों की पांच पारियों में कुल 290 रन बनाए थे. इस मामले में फिलिप्स 4 मैचों में 276 रनों के साथ दूसरे, फिन एलन 5 मैचों में 275 रनों के साथ तीसरे, टिम सेफर्ट 5 मैचों में 249 रनों के साथ चौथे और कॉलिन मुनरो 3 मैचों में 223 रनों के साथ पांचवें पायदान पर हैं. फिलिप्स को चैपमैन के इस रिकॉर्ड को अपने नाम करने के लिए केवल 15 रनों की जरूरत है.
रिजवान और रविचंद्रन के क्लब में शामिल होने का मौकाग्लेन फिलिप्स पहले ही भारत के खिलाफ किसी टी20 सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर चुके हैं. अब अगर वे इस आखिरी मुकाबले में एक शानदार अर्धशतक जड़ने में सफल रहते हैं, तो वे दुनिया के केवल तीसरे ऐसे बल्लेबाज बन जाएंगे जिन्होंने टी20 सीरीज में चार या उससे ज्यादा बार 50-प्लस का स्कोर बनाया है. अंतरराष्ट्रीय टी20 इतिहास में अब तक केवल पाकिस्तान के विकेटकीपर बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और जापान के सबाोरिश रविचंद्रन ही एक ही सीरीज में चार बार 50 से अधिक रन बनाने का करिश्मा कर पाए हैं.
About the AuthorKamlesh Raiचीफ सब एडिटर
कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
October 31, 2026, 16:11 IST



