8 साल का सूखा खत्म… 40 की उम्र में शतक जड़कर जिम्बाब्वे के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बने ब्रेंडन टेलर

होमखेलक्रिकेट
40 की उम्र में शतक, ब्रेंडन टेलर बने जिम्बाब्वे के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी
Last Updated:November 05, 2026, 20:44 IST
Brendan Taylor Oldest Test Century: शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे पहले टेस्ट के पहले दिन जिम्बाब्वे ने 5 विकेट पर 326 रन बनाए. अनुभवी बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर ने 8 साल का सूखा खत्म करते हुए 168 गेंदों में 131 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली. टेलर 40 साल की उम्र में टेस्ट शतक जड़ने वाले जिम्बाब्वे के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं. साथ ही, उन्होंने अपने टेस्ट शतकों की संख्या 7 पहुंचाकर ग्रांट फ्लावर को पीछे छोड़ दिया है और 21वीं सदी में इस उम्र में शतक लगाने वाले दुनिया के चुनिंदा बल्लेबाजों में जगह बनाई है.40 की उम्र में शतक ठोककर बल्लेबाज ने बनाया रिकॉर्ड.
नई दिल्ली. अफगानिस्तान के खिलाफ खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच का पहला दिन पूरी तरह से जिम्बाब्वे और उनके अनुभवी बल्लेबाज ब्रेंडन टेलर के नाम रहा. मौजूदा दौरे पर लगातार चार मैच हारकर दबाव में दिख रही जिम्बाब्वे की टीम को शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में टेलर की यादगार शतकीय पारी ने मजबूत स्थिति में लाकर खड़ा कर दिया. पहले दिन का खेल खत्म होने तक जिम्बाब्वे ने पहली पारी में 5 विकेट के नुकसान पर 326 रनों का विशाल स्कोर बना लिया है. इस पारी के साथ ही ब्रेंडन टेलर ने लाल गेंद के क्रिकेट में अपने 8 साल के लंबे शतक के इंतजार को खत्म किया और रिकॉर्ड किताबों में कई नए पन्ने जोड़ दिए.
जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था. टीम की शुरुआत ठीक-ठाक रही, लेकिन 17वें ओवर के अंत में जब स्कोर 60 रनों पर 1 विकेट था, तब पूर्व कप्तान ब्रेंडन टेलर (Brendan Taylor) मैदान पर उतरे. हाल ही में वनडे क्रिकेट में जिम्बाब्वे के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बनने वाले टेलर ने आते ही अपनी मंशा साफ कर दी. हालांकि दूसरे छोर पर उन्हें बैन करन (125 के कुल स्कोर पर) के रूप में झटका लगा, लेकिन इसके बाद टेलर ने कप्तान ब्रायन बेनेट के साथ मिलकर अफगान गेंदबाजों को कोई मौका नहीं दिया.
टेलर और बेनेट की शतकीय साझेदारीटेलर और कप्तान बेनेट के बीच तीसरे विकेट के लिए 200 गेंदों में 137 रनों की मजबूत और आक्रामक साझेदारी हुई. दोनों ने मिलकर तीसरे सत्र तक अफगान आक्रमण को पूरी तरह पस्त कर दिया. टेलर जब तीसरे सत्र में आउट हुए, तब तक वे 168 गेंदों पर 131 रन ठोक चुके थे, जिसमें 14 चौके और 4 शानदार छक्के शामिल थे. उनकी इस ताबड़तोड़ पारी ने जिम्बाब्वे को मुकाबले में बेहद मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया.
जिम्बाब्वे के सबसे उम्रदराज टेस्ट शतकवीरइस शतक के साथ ही 40 वर्ष और 272 दिन की उम्र में ब्रेंडन टेलर टेस्ट क्रिकेट में शतक जड़ने वाले जिम्बाब्वे के सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने अपनी ही टीम के दिग्गज साथी क्रेग एरविन के उस रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया, जो उन्होंने साल 2024 में बुलावायो में अफगानिस्तान के खिलाफ 39 वर्ष 129 दिन की उम्र में 104 रन बनाकर बनाया था. इस सूची में तीसरे स्थान पर सीन विलियम्स हैं, जिन्होंने साल 2025 में बुलावायो के मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 38 वर्ष 275 दिन की उम्र में 137 रनों की पारी खेली थी.
शतकों की रेस में दिग्गज ग्रांट फ्लावर को पछाड़ायह ब्रेंडन टेलर के टेस्ट करियर का 7वां शतक था. इसके साथ ही उन्होंने जिम्बाब्वे के महान पूर्व क्रिकेटर ग्रांट फ्लावर और पूर्व साथी सीन विलियम्स के 6-6 टेस्ट शतकों के आंकड़े को पीछे छोड़ दिया है. अब जिम्बाब्वे की ओर से टेस्ट इतिहास में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में टेलर केवल दिग्गज एंडी फ्लावर से पीछे हैं, जिनके नाम 12 टेस्ट शतक दर्ज हैं.
21वीं सदी के स्पेशल क्लब में बनाई जगह21वीं सदी यानी साल 2000 के बाद से टेस्ट क्रिकेट में 40 वर्ष की उम्र पार करने के बाद शतक लगाने वाले ब्रेंडन टेलर महज तीसरे बल्लेबाज बन गए हैं. आधुनिक क्रिकेट के इतिहास में टेलर से अधिक उम्र में शतक बनाने का कारनामा केवल पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मिसबाह-उल-हक ने किया है, जिन्होंने साल 2016 में लॉर्ड्स के मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ 42 वर्ष और 47 दिन की उम्र में शतक जड़ा था. इस सूची में तीसरे स्थान पर वेस्टइंडीज के पूर्व महान बल्लेबाज शिवनारायण चंद्रपॉल हैं, जिन्होंने 2014 में ग्रॉस आइलेट में बांग्लादेश के खिलाफ 40 वर्ष और 28 दिन की उम्र में शतक जमाया था.
About the AuthorKamlesh Raiचीफ सब एडिटर
कमलेश कुमार राय नेटवर्क18 ग्रुप में बतौर चीफ सब एडिटर जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. वह बीते 15 सालों से खेल पत्रकारिता की पिच पर डटे हुए हैं. हिंदी स्पोर्ट्स सेक्शन में वह खेल कंटेंट की गहरी समझ, सटीक विश्लेषण और ब…
और पढ़ेंLocation :
New Delhi,New Delhi,Delhi
First Published :
November 05, 2026, 20:44 IST



