चौदह साल में 140 कन्याओं का कराया विवाह… जहां शादी बनती बोझ, वहां किन्नर नीतू बाई बनी सहारा, पढ़िए पूरी खबर

Last Updated:November 22, 2025, 19:52 IST
भरतपुर की कुम्हेर गेट निवासी किन्नर नीतू बाई पिछले 14 वर्षों से मानवीय सेवा की अनोखी मिसाल पेश कर रही हैं. आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों की शादी करवाने का बीड़ा उठाकर अब तक वे 140 से अधिक कन्याओं का विवाह करा चुकी हैं. समाज से मिले सम्मान और प्यार को लौटाने की भावना से प्रेरित नीतू बाई हर वर्ष सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित करती हैं. इस बार 27 नवंबर को होने वाले 15वें सम्मेलन में 10 जोड़ों का विवाह कराया जाएगा.
भरतपुर. समाज में मानवीय संवेदनाओं और सेवा की मिसाल बनकर उभरी कुम्हेर गेट निवासी किन्नर नीतू बाई आज उन गरीब परिवारों के लिए बड़ी उम्मीद का आधार बनी हुई हैं, जिनके लिए बेटियों की शादी एक जिम्मेदारी से अधिक चुनौती होती है. बीते 14 वर्षों से नीतू बाई लगातार जरूरतमंद परिवारों की बेटियों की शादी करवा रही हैं. अब तक वे 140 से अधिक कन्याओं का विवाह संपन्न करा चुकी हैं और इस सेवा कार्य को पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ आगे बढ़ा रही हैं.
नीतू बाई का यह प्रयास केवल आर्थिक सहयोग तक सीमित नहीं है, बल्कि वह एक बड़े सामाजिक संदेश की ओर भी इशारा करता है कि किन्नर समाज भी समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है और दे रहा है. नीतू बाई लोकल 18 को बताती हैं कि समाज ने उन्हें जो सम्मान, प्यार और सहारा दिया है, उसी को लौटाने के लिए उन्होंने यह जिम्मेदारी उठाई. उनके अनुसार, हमारे पास जो भी है, वह समाज का दिया हुआ है, इसलिए उसे समाज को लौटाना हमारी सामाजिक जिम्मेदारी है.
15वां सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित
इस वर्ष भी नीतू बाई की ओर से 15वां सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है. यह कार्यक्रम 27 नवंबर को रखा गया है, जिसमें 10 जोड़ों के विवाह कराए जाएंगे. सम्मेलन की तैयारी जोरों पर है, नीतू बाई और उनकी टीम प्रत्येक जोड़े की आवश्यकताओं का ध्यान रखते हुए विवाह की सभी तैयारियां स्वयं करती हैं. मैरिज हॉल, पंडित, हल्दी-मेहंदी रस्म, भोजन, बारात स्वागत से लेकर दुल्हन-दूल्हे के पहनावे तक का पूरा खर्च वहन किया जाता है.
नीतू बाई कहती हैं कि कई ऐसे परिवार होते हैं, जो आर्थिक तंगी के कारण अपनी बेटियों की शादी नहीं करा पाते. ऐसे में सामूहिक विवाह सम्मेलन उनके लिए एक बड़ी राहत बनता है। नीतू बाई और उनकी टीम परिवारों के साथ लगातार संपर्क में रहती है, उनकी समस्याएं सुनती है और उन्हें हर संभव सहयोग प्रदान करती है. नीतू बाई का यह कदम समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में बड़ा उदाहरण बन चुका है, उनके इस कार्य की प्रशंसा न केवल भरतपुर बल्कि आसपास के जिलों में भी की जाती है. सामूहिक विवाह सम्मेलन के दौरान हर वर्ष की तरह इस बार भी सादगी, धार्मिक रीति-रिवाज और सामाजिक समरसता का विशेष ध्यान रखा जाएगा.
Monali Paul
Hello I am Monali, born and brought up in Jaipur. Working in media industry from last 9 years as an News presenter cum news editor. Came so far worked with media houses like First India News, Etv Bharat and NEW…और पढ़ें
Hello I am Monali, born and brought up in Jaipur. Working in media industry from last 9 years as an News presenter cum news editor. Came so far worked with media houses like First India News, Etv Bharat and NEW… और पढ़ें
Location :
Bharatpur,Rajasthan
First Published :
November 22, 2025, 19:52 IST
homerajasthan
जानिए भरतपुर की नीतू बाई के बारे में…140 से अधिक गरीब बेटियों की करवाई शादी



