सर्दियों में गले की खराश से तुरंत मिलेगी राहत! अदरक की कैंडी है आसान और असरदार उपाय, नोट कर लें रेसिपी

Last Updated:December 12, 2025, 06:59 IST
अदरक की कैंडी रेसिपी: सर्दियों में गले की खराश, खांसी और ठंड लगना आम है, लेकिन अदरक की कैंडी इसका आसान और प्रभावी घरेलू उपाय है. अदरक, गुड़, नींबू, काली मिर्च और हल्दी से बनी यह कैंडी गले की सूजन कम करती है, इम्यूनिटी बढ़ाती है और खांसी में राहत देती है.इसे बनाना आसान है, बच्चों को भी पसंद आती है और यह लंबे समय तक स्टोर की जा सकती है.
सर्दियों में गले की खराश, दर्द और ठंड लगना आम बात है, लेकिन अगर इन परेशानियों से तुरंत राहत चाहिए तो अदरक की कैंडी एक बेहतरीन घरेलू नुस्खा है. यह न सिर्फ स्वाद में लाजवाब होती है, बल्कि औषधीय गुणों से भरपूर होने के कारण बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी के लिए उपयोगी है. यह आसानी से तैयार होने वाली यह कैंडी हर मौसम में फायदेमंद है, लेकिन सर्दियों में इसके लाभ दोगुने हो जाते हैं.

अदरक की कैंडी पारंपरिक नुस्खों में से एक है, जिसका इस्तेमाल वर्षों से सर्दी-जुकाम में राहत देने के लिए किया जाता रहा है. इसकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसे बनाना बेहद आसान है, और यह लंबे समय तक खराब भी नहीं होती. गुड़, काली मिर्च, नींबू और हल्दी जैसे तत्व इस कैंडी को और अधिक प्रभावशाली बनाते हैं, जिससे यह स्वाद के साथ-साथ सेहत की भी देखभाल करती है. यह कैंडी बिल्कुल चॉकलेट जैसी दिखती है. रंग और आकर दोनों में यह चॉकलेट की तरह है इसलिए बच्चों में इसे खाने का बहुत ही चाव रहता है.

गृहिणी गीता देवी बताया कि अदरक की कैंडी बनाना बहुत ही आसान और मजेदार है. लेकिन इस कैंडी को बनाने से पहले इसकी आवश्यक सामग्री लेनी होती है और आवश्यक सामग्री में अदरक 100 ग्राम (साफ करके बारीक पिसा हुआ), गुड़ 200 ग्राम,आधा नींबू का रस, काली मिर्च पाउडर आधा चम्मच, काला नमक आधा चम्मच, हल्दी आधा चम्मच लेना है.
Add as Preferred Source on Google

सबसे पहले 100 ग्राम अदरक को अच्छी तरह धोकर छील लें और इसे बारीक पीसकर पेस्ट तैयार कर लेना है. अब इस पेस्ट को धीमी आंच पर 2 मिनट तक हल्का पकाना है. इसके बाद इसमें 200 ग्राम गुड़ डालें और लगातार चलाते हुए पकाते रहें. जब गुड़ पूरी तरह मेल्ट होकर अदरक के पेस्ट में मिल जाए, तब इसमें आधा नींबू का रस, काली मिर्च पाउडर, काला नमक और हल्दी डालकर अच्छी तरह मिलाएं.

अब इस मिश्रण को लगातार पकाते रहें जब तक कि यह थोड़ा गाढ़ा न हो जाए. तैयार मिश्रण को एक प्लेट पर निकालकर हल्का ठंडा होने देना है. ध्यान रखें कि मिश्रण ज्यादा ठंडा न हो, क्योंकि ज्यादा ठंडा होने पर यह कड़क हो जाता है और हाथों से आकार देना मुश्किल हो सकता है. जब मिश्रण हाथ से छूने लायक हो जाए, तब तुरंत इसके छोटे-छोटे गोल बॉल बनाकर तैयार कर लें. फिर इन्हें एयरटाइट डिब्बे में स्टोर कर लें. अब जब भी गले में खराश हो तो अदरक की कैंडी को चॉकलेट की तरह चबा लेना है.

अदरक की कैंडी गले की खराश और दर्द में तुरंत राहत देती है. अदरक एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटी-बैक्टीरियल गुणों से भरपूर होता है, जो गले की सूजन और संक्रमण को कम करता है. गुड़ शरीर को ऊर्जा देता है और खांसी को शांत करता है. नींबू प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है, जबकि काली मिर्च और हल्दी सर्दी-जुकाम से लड़ने में बेहद प्रभावी साबित होते हैं. रोजाना एक कैंडी चूसने से गला साफ रहता है, इम्युनिटी मजबूत होती है और सर्दियों की कई छोटी-बड़ी परेशानियां दूर रहती है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
December 12, 2025, 06:59 IST
homelifestyle
घर पर बनाएं अदरक की कैंडी, सर्दी-जुकाम में है बेहद असरदार, नोट करें रेसिपी



