उदयपुर डॉ इकबाल सक्का वर्ल्ड रिकॉर्ड

Last Updated:April 23, 2026, 08:44 IST
Smallest Gold Table Tennis Set Record Dr Iqbal Sakka: उदयपुर के स्वर्ण शिल्पी डॉ. इकबाल सक्का ने दुनिया का सबसे छोटा सोने का टेबल टेनिस सेट बनाकर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया है. इस सेट का वजन मात्र 200 मिलीग्राम है और इसे चने की दाल जितना सूक्ष्म बनाया गया है. इसमें टेबल, नेट, रैकेट और बॉल जैसे सभी उपकरण शामिल हैं जिन्हें तैयार करने में 56 घंटे लगे. इस उपलब्धि को ‘होप इंटरनेशनल वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक’ में दर्ज किया गया है. डॉ. सक्का अब इस कलाकृति को चीन के शंघाई स्थित विश्व के सबसे बड़े टेबल टेनिस संग्रहालय को भारत की ओर से भेंट करना चाहते हैं जिसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार से संपर्क किया है.
ख़बरें फटाफट
Smallest Gold Table Tennis Set Record Dr Iqbal Sakka: झीलों की नगरी उदयपुर एक बार फिर अपनी बेमिसाल कला और हुनर के कारण वैश्विक मानचित्र पर चमक उठी है. शहर के सुप्रसिद्ध स्वर्ण शिल्पी डॉ. इकबाल सक्का ने विश्व टेबल टेनिस दिवस के 100 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर एक अनोखा कीर्तिमान स्थापित किया है. उन्होंने शुद्ध सोने से दुनिया का सबसे छोटा टेबल टेनिस सेट बनाकर नया वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. यह कलाकृति इतनी सूक्ष्म है कि इसे नग्न आंखों से स्पष्ट देख पाना लगभग नामुमकिन है और इसे निहारने के लिए मैग्नीफाइंग लेंस की आवश्यकता पड़ती है.
डॉ. सक्का द्वारा तैयार किए गए इस खास टेबल टेनिस सेट का आकार जानकर हर कोई हैरान है. इस पूरे सेट का कुल वजन महज 200 मिलीग्राम है. तकनीकी बारीकियों की बात करें तो इसमें 4 गुणा 3 मिलीमीटर का एक नन्हा सा टेबल, उस पर लगी बेहद बारीक नेट, हाथ से पकड़ में न आने वाले दो छोटे रैकेट और मात्र आधा मिलीमीटर व्यास की एक टेनिस बॉल शामिल है. इन सभी सूक्ष्म उपकरणों को तैयार करने में डॉ. सक्का को करीब 56 घंटे का समय लगा. इस दौरान उन्हें अपनी कला के साथ-साथ असीम धैर्य और एकाग्रता का परिचय देना पड़ा.
शंघाई के म्यूजियम में भारत की धाक जमाने की तैयारीडॉ. सक्का का यह अद्भुत कार्य ‘होप इंटरनेशनल वर्ल्ड रिकॉर्ड बुक’ में दर्ज किया गया है. हालांकि डॉ. सक्का का लक्ष्य केवल रिकॉर्ड बुक में नाम दर्ज कराना नहीं है. वे अपनी इस सूक्ष्म कलाकृति के जरिए भारतीय कला को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई पहचान दिलाना चाहते हैं. इसी उद्देश्य के साथ वे इस टेबल टेनिस सेट को चीन के शंघाई शहर में स्थित विश्व के सबसे बड़े टेबल टेनिस संग्रहालय को भारत की ओर से भेंट करना चाहते हैं. उनका मानना है कि यदि यह भारत की ओर से वहां प्रदर्शित होता है, तो यह पूरे देश के लिए गर्व का विषय होगा.
प्रधानमंत्री और खेल मंत्री को लिखा पत्रअपनी इस योजना को अमलीजामा पहनाने के लिए डॉ. सक्का ने देश के प्रधानमंत्री और खेल मंत्री को पत्र लिखकर अपनी इच्छा जाहिर की है. वे चाहते हैं कि सरकार के माध्यम से इस कलाकृति को अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय तक पहुँचाया जाए. डॉ. सक्का पहले भी कई बार सूक्ष्म स्वर्ण कलाकृतियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोर चुके हैं. उनका यह नया रिकॉर्ड न केवल उदयपुर बल्कि पूरे राजस्थान की कलात्मक विरासत को मजबूती देता है. डॉ. सक्का की यह उपलब्धि साबित करती है कि दृढ़ इच्छाशक्ति और अटूट समर्पण से किसी भी असंभव कार्य को संभव बनाया जा सकता है.
About the Authorvicky Rathore
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…और पढ़ें
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Udaipur,Udaipur,Rajasthan
First Published :
April 23, 2026, 08:44 IST



