गांव में पहली बार पहुंची रोडवेज बस, खुशी से झूम उठा जवाली! ढोल-नगाड़ों के साथ हुआ ऐतिहासिक स्वागत

Last Updated:April 26, 2026, 16:43 IST
Pali Hindi News: राजस्थान के जवाली गांव में एक ऐतिहासिक पल देखने को मिला, जब आजादी के बाद पहली बार रोडवेज बस गांव की दहलीज तक पहुंची. वर्षों से परिवहन सुविधा के अभाव में जूझ रहे ग्रामीणों के लिए यह किसी सपने के सच होने जैसा था. बस के आगमन पर गांव में उत्सव जैसा माहौल बन गया और लोगों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उसका भव्य स्वागत किया. इस नई सेवा के शुरू होने से अब जवाली गांव सीधे उदयपुर और जोधपुर से जुड़ गया है, जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान होगी. यह कदम ग्रामीण विकास और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है.
ख़बरें फटाफट
पाली. न ढोल-नगाड़ों की ये गूंज किसी शादी समारोह की है, न ही ये जश्न किसी चुनावी जीत का है। दरअसल, यह नजारा है पाली जिले के जवाली गांव का, जहां दशकों का अंधेरा छंटा है और विकास का एक नया सूरज उगा है।आजादी के 78 साल बाद, जब पहली बार राजस्थान रोडवेज की बस जवाली गांव के बस स्टैंड पर पहुंची, तो ग्रामीणों का उत्साह देखते ही बना. यह उनके लिए सिर्फ एक सरकारी वाहन नहीं, बल्कि उम्मीदों की वो ‘लाइफलाइन’ है जिसका इंतजार पीढ़ियों ने किया था। ग्रामीणों ने ड्राइवर और कंडक्टर का स्वागत ऐसे किया जैसे वे कोई देवदूत हों.
रोडवेज प्रशासन ने ग्रामीणों की मांग को देखते हुए दो बसों का संचालन शुरू किया है. यात्रियों की सुविधा के लिए इनका समय निर्धारित कर दिया गया है, ताकि लोग अपने सफर की योजना बना सकें:
पहली बस: जोधपुर से सुबह 8:00 बजे रवाना होकर करीब 10:30 बजे जवाली पहुंचेगी. यहाँ से यह नाडोल होते हुए उदयपुर जाएगी.दूसरी बस: जोधपुर से सुबह 10:00 बजे रवाना होकर दोपहर करीब 12:30 बजे जवाली स्टैंड पहुंचेगी. यह बस भी आगे उदयपुर तक का सफर तय करेगी.वापसी का मार्ग: ये दोनों बसें उदयपुर से लौटते समय भी इसी मार्ग (नाडोल, जवाली, खौड़, पाली) से होकर जोधपुर की ओर जाएंगी.
महाराणा प्रताप स्टैंड पर मिलेगा स्टॉपेजजवाली गांव जिला मुख्यालय से करीब 45 किलोमीटर दूर है और यहाँ करीब 5 हजार की आबादी बसती है. अब तक रोडवेज बसें सोमेसर होकर निकल जाती थीं, जिससे ग्रामीणों को पाली या नाडोल जाने के लिए निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता था. अब ‘महाराणा प्रताप बस स्टैंड’ पर रोडवेज बसों का स्थाई स्टॉपेज सुनिश्चित होने से जवाली, खौड़ और आसपास के गांवों के लोगों को सीधी कनेक्टिविटी मिल गई है.
जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से मिली सफलताग्रामीण योगेंद्र सिंह ने बताया कि इस सुविधा के लिए ग्रामीण लंबे समय से प्रयासरत थे. कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत, बाली विधायक पुष्पेंद्र सिंह राणावत और मारवाड़ जंक्शन विधायक केसाराम चौधरी तक अपनी बात पहुंचाई गई. जनप्रतिनिधियों और रोडवेज विभाग के आपसी समन्वय के बाद अब यह रूट जवाली से जोड़ दिया गया है, जिससे क्षेत्र में खुशी की लहर है.
यात्रियों के लिए बड़ी राहतबस सेवा शुरू होने से न केवल आम यात्री बल्कि नौकरीपेशा और विद्यार्थियों को भी बड़ी राहत मिलेगी. अब उन्हें निजी बसों के इंतजार में घंटों खड़ा नहीं रहना पड़ेगा. एसी बस की सुविधा मिलने से गर्मी के मौसम में उदयपुर और जोधपुर जैसे बड़े शहरों का सफर आरामदायक हो गया है. बस के स्वागत के दौरान गांव के प्रबुद्धजन और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे, जिन्होंने इस ऐतिहासिक पल को यादगार बनाया.
About the AuthorJagriti Dubey
Hi, I am Jagriti Dubey, a media professional with 6 years of experience in social media and content creation. I started my career with an internship at Gbn 24 news channel in 2019 and have worked with many repu…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
First Published :
April 26, 2026, 16:43 IST



