5 प्राइवेट चीजें जिन्हें अपने पार्टनर को भी नहीं देनी चाहिए, वरना सुख-चैन छिनने में नहीं लगेगी देरी, देखें लिस्ट

Last Updated:May 07, 2026, 17:27 IST
5 Personal Things Never Share : पति-पत्नी में शायद ही कोई चीज छुपी हुई रहती है, रहना भी नहीं चाहिए. लेकिन कुछ चीजें ऐसी होती हैं जिन्हें पत्नी के साथ भी शेयर नहीं करना चाहिए. ये निजी वस्तुएं सिर्फ सिंगल यूज के लिए होती हैं. अगर आप इन निजी चीजों को किसी के साथ भी शेयर करते हैं तो इससे भारी परेशानी मोल लेनी पड़ सकती है. आइए इन चीजों के बारे में जानते हैं.
कैसे ये 5 चीजें शेयर करने से बढ़ाती है परेशानी.
Private things should not share: हम अपने लोगों से बातचीत में कई बातों को बेशक छुपा लें लेकिन जिस चीज का इस्तेमाल हम करते हैं, उसे शायद ही अपनों से छुपाते हैं. फिर अपने ही घर में अपने पार्टनर के साथ किसी चीज को शेयर न करना बेवकूफी ही मानी जाती है. लेकिन यदि आपको अपनी स्किन से प्यार है और चाहते हैं कि आपके पार्टनर की स्किन भी हेल्दी रहे तो कुछ चीजें ऐसी हैं जिन्हें पार्टनर के साथ भी साझा नहीं करना चाहिए. क्योंकि इन चीजों को शेयर करने से सिर्फ आपकी स्किन ही नहीं आपके पार्टनर की स्किन भी इंफेक्टेड हो सकती है और इससे कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. आइए इन पांच चीजों के बारे में जानते हैं.
इन 5 चीजों को न करें शेयर
कंघी-आमतौर पर घर में रखी एक कंघी से सारे लोग बालों को सेट करते हैं लेकिन ऐसा करना गलत है. कंघी को दूसरे के साथ शेयर करने से डर्मेटोफाइटोसिस हो सकता है. इसे सामान्य भाषा में दाद या फंगल संक्रमण कहते हैं. जब हम किसी की कंघी इस्तेमाल करते हैं तो स्कैल्प पर मौजूद फंगल या बीजाणु एक सिर से दूसरे सिर पर आसानी से चले जाते हैं. इसके अलावा, कंघी के दांतों में डेड स्किन सेल्स और प्राकृतिक तेल फंसे रहते हैं. यह बैक्टीरिया के पनपने के लिए आदर्श वातावरण प्रदान करते हैं. जुओं का संक्रमण भी इसी के जरिए फैलता है. वैज्ञानिक रूप से स्कैल्प की स्वच्छता बनाए रखने के लिए कंघी को व्यक्तिगत रखना अनिवार्य है ताकि फॉलिक्युलाइटिस (बालों की जड़ों में सूजन) जैसी समस्याओं से बचा जा सके.
तौलिया-एक ही तौलिया से घर में सारे लोग नहाते हैं लेकिन यह तरीका बिल्कुल गलत है. जब एक व्यक्ति तौलिया इस्तेमाल करता है तो अगर उसकी स्किन में बैक्टीरिया या फंगस है तो वही सूक्ष्म जीव तौलिया में चिपक जाता है. यही तौलिया जब दूसरा कोई भी इस्तेमाल करता है तो ये बैक्टीरिया उसकी स्किन में भी घुस जाते हैं. दरअसल, तौलिया में नमी ज्यादा रहती है जो बैक्टीरिया के पनपने का सबसे आसान घर होता है. नम तौलिया स्टैफिलोकोकस जैसे बैक्टीरिया और फंगस के लिए ब्रीडिंग ग्राउंड है. जब आप दूसरे का तौलिया इस्तेमाल करते हैं तो आप उनकी त्वचा के माइक्रोबायोम को अपने शरीर पर ले लेते हैं. इससे त्वचा के संक्रमण, आंखों का संक्रमण और यहां तक कि एथलीट फुट जैसे फंगल इन्फेक्शन का खतरा बढ़ जाता है.
साबुन-साबुन की टिकिया भी दूसरे के साथ इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. कई शोध बताते हैं कि साबुन की सतह पर बैक्टीरिया, वायरस और डेड सेल्स चिपकी रह सकती है. जब एक ही साबुन कई लोग इस्तेमाल करते हैं, तो ई-कोलाई और साल्मोनेला जैसे बैक्टीरिया एक व्यक्ति से दूसरे में जा सकते हैं. हालांकि साबुन की झाग कीटाणुओं को धो देती है लेकिन उसकी सतह पर मौजूद बायोफिल्म यानी बैक्टीरिया की परत इंफेक्शन की वजह बन सकती है. अगर किसी व्यक्ति को त्वचा पर कोई घाव या फोड़ा है तो साबुन साझा करना दूसरों के लिए त्वचा रोगों का सीधा निमंत्रण बन जाता है.
डियोडरेंट-वैसे तो डियोडरेंट कम लोग एक-दूसरे के साथ साझा करते हैं लेकिन यदि आप बगल में रोलर वाले डियोडरेंट का इस्तेमाल करते है और यही डियोडरेंट किसी और के साथ साझा करते हैं तो यह इंफेक्शन को बुलावा देना जैसा होगा. अंडर आर्म्स या बगल का हिस्सा शरीर का सबसे गर्म और नम हिस्सा होता है जहां पसीने के साथ लाखों बैक्टीरिया मौजूद होते हैं. जब आप रोल-ऑन साझा करते हैं तो आप दूसरे व्यक्ति के शरीर की गंध पैदा करने वाले बैक्टीरिया और उनकी मृत कोशिकाओं को अपने शरीर पर लगा लेते हैं. वैज्ञानिक रूप से यह क्रॉस-कंटैमिनेशन पसीने की ग्रंथियों के बंद होने या त्वचा में जलन और इन्फेक्शन का कारण बन सकता है. स्प्रे डियोडरेंट साझा करना सुरक्षित हो सकता है लेकिन त्वचा के सीधे संपर्क में आने वाले प्रोडक्ट्स पूरी तरह व्यक्तिगत होने चाहिए.
रेजर-रेजर साझा करना सबसे खतरनाक हो सकता है क्योंकि यह रक्त-जनित रोगों के सीधे संक्रमण का मार्ग है. शेविंग के दौरान अक्सर त्वचा पर सूक्ष्म कट लग जाते हैं, जो नंगी आंखों से नहीं दिखते. यदि रेजर साझा किया जाता है तो पिछले व्यक्ति का रक्त या तरल पदार्थ रेजर की ब्लेड पर रह सकता है. इससे हेपेटाइटिस बी, हेपेटाइटिस सी और यहां तक कि एचआईवी जैसे गंभीर वायरस के फैलने का जोखिम रहता है. इसके अलावा रेजर के ब्लेड के बीच में फंसे बैक्टीरिया त्वचा में रेजर बम्प्स और गंभीर फॉलिक्युलाइटिस पैदा कर सकते हैं.
About the AuthorLakshmi Narayan
18 साल से ज्यादा के लंबे करियर में लक्ष्मी नारायण ने डीडी न्यूज, आउटलुक, नई दुनिया, दैनिक जागरण, हिन्दुस्तान जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। समसामयिक विषयों के विभिन्न मुद्दों, राजनीति, समाज, …और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें



