मां की बहादुरी को सलाम! दिखाया अद्भुत साहस, खूंखार कुत्ते के जबड़ों से ऐसे खींच लाई अपनी लाडली

पाली. हर कोई विश्व मदर्स डे की तैयारी कर रहा है और मां की ममता, साहस व त्याग को सलाम कर रहा है. इसी बीच राजस्थान के पाली जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जो मां की की बहादुरी की जीती-जागती मिसाल बन गई है. पाली के शेरावाला गांव में आवारा कुत्तों के आतंक के बीच एक मां ने अपनी जान की परवाह किए बिना अपनी दो साल की मासूम बेटी को बचा लिया. जानकारी के अनुसार, शेरावाला गांव निवासी चाकूबाई की बेटी संगीता पर अचानक एक खूंखार आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया.
कुत्ता बच्ची को घसीटने लगा, लेकिन मां ने बिना देर किए बहादुरी दिखाते हुए कुत्ते से भिड़कर अपनी बच्ची को उसके जबड़ों से छीन लिया. इस दौरान मां खुद भी घायल हुई, लेकिन उसने हार नहीं मानी. बच्ची को तुरंत पाली के बांगड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज किया. फिलहाल बच्ची खतरे से बाहर बताई जा रही है. इस घटना ने पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है और लोग मां की बहादुरी को सलाम कर रहे हैं.
कुत्तों के आतंक से जिले में दहशत
पाली के नाना थाना क्षेत्र स्थित शेरावाला गांव में एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने रूह कंपा दी है. यहां घर के सुरक्षित माहौल में सो रही एक दो साल की मासूम संगीता पर एक खूंखार कुत्ते ने हमला कर उसे लहूलुहान कर दिया. 7 मई की रात करीब 10 बजे हुई इस घटना ने पूरे जिले में दहशत फैला दी है. फिलहाल, मासूम का इलाज पाली के बागड़ (बांगड़) जिला अस्पताल में जारी है, जहां वह जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही है.
मां ने बहादुरी से लड़कर मौत के जबड़े से छीन लाई लाडली
घटना के वक्त मासूम संगीता घर के चौक में एक पलंग पर सो रही थी, जबकि पास ही दूसरे पलंग पर उसके दो भाई भी गहरी नींद में थे. पिता सवाराम गरासिया काम से बाहर थे और मां चकूबाई घर के दूसरे कमरे में काम निपटा रही थी. इसी दौरान घर का दरवाजा खुला पाकर एक आवारा कुत्ता भीतर घुस आया. कुत्ते ने सीधा मासूम संगीता के सिर पर हमला किया और उसे पलंग से नीचे पटक दिया. कुत्ता इतना हिंसक था कि वह बच्ची के सिर को अपने जबड़ों में जकड़कर उसे घर से बाहर घसीटकर ले जाने लगा.
कुत्ते से बेटी को बचाने की मां ने लाठी से किया ताबड़तोड़ प्रहार
बेटी की चीखें सुनकर मां चकूबाई दौड़कर बाहर आई तो मंजर देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई. खूंखार कुत्ता उसकी कलेजे के टुकड़े को खींच रहा था. चकूबाई ने पहले हाथों से कुत्ते को छुड़ाने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं माना तो पास ही पड़ी एक लाठी उठाकर कुत्ते के सिर पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया. लगातार हुए प्रहारों से घबराकर कुत्ता बच्ची को लहूलुहान हालत में छोड़कर भाग खड़ा हुआ.
बच्ची के सिर पर लगे हैं 12 टांके
परिजनों ने तत्काल खून से लथपथ संगीता को नाना कस्बे के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पाली के बांगड़ अस्पताल रेफर कर दिया गया. बच्ची के सिर पर कुत्ते के दांतों के गहरे घाव हैं, जहां डॉक्टरों को करीब 12 टांके लगाने पड़े हैं. शनिवार को इलाज के तीसरे दिन अस्पताल अधीक्षक डॉ. कैलाश परिहार ने बताया कि जब बच्ची को लाया गया था, तब उसकी हालत बेहद गंभीर थी और घाव काफी गहरे थे. हालांकि, तीन दिनों के गहन उपचार के बाद अब उसकी स्थिति में सुधार है और वह खतरे से बाहर बताई जा रही है.



