अजमेर SP ऑफिस के बाहर लव मैरिज पर बवाल, दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की और हंगामा, पुलिस ने संभाला माहौल

Last Updated:May 11, 2026, 16:04 IST
Ajmer Love Marriage Controversy: अजमेर कलेक्ट्रेट परिसर में लव मैरिज के बाद बड़ा हंगामा देखने को मिला. सुरक्षा की मांग लेकर एसपी ऑफिस पहुंचे विवाहित जोड़े के दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. पहले कहासुनी हुई और फिर मामला धक्का-मुक्की तक पहुंच गया. स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने तुरंत बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को अलग किया. पुलिस अधिकारियों ने समझाइश देकर माहौल शांत कराया और हंगामा कर रहे लोगों को कलेक्ट्रेट परिसर से बाहर किया. पुलिस के अनुसार युवक-युवती बालिग हैं और सुरक्षा को लेकर दिए गए आवेदन पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है.
ख़बरें फटाफट

अजमेर कलेक्ट्रेट परिसर में लव मैरिज के बाद हुआ हाईवोल्टेज ड्रामा
अजमेर. शहर के कलेक्ट्रेट परिसर में सोमवार को उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब लव मैरिज करने वाले एक युवक-युवती के दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. मामला इतना बढ़ गया कि एसपी ऑफिस के बाहर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस और धक्का-मुक्की शुरू हो गई. स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया.
जानकारी के अनुसार, एक विवाहित जोड़ा सुरक्षा की मांग को लेकर अजमेर एसपी कार्यालय पहुंचा था. बताया जा रहा है कि युवक और युवती ने हाल ही में प्रेम विवाह किया है. शादी के बाद दोनों ने अपने परिजनों से खतरा जताते हुए पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई. इसी दौरान मामले की सूचना लड़की पक्ष के परिजनों को लग गई, जिसके बाद वे भी बड़ी संख्या में एसपी कार्यालय पहुंच गए.
एसपी ऑफिस के बाहर दोनों पक्ष हुए आमने-सामने
एसपी ऑफिस के बाहर दोनों पक्षों के आमने-सामने आने पर माहौल तनावपूर्ण हो गया. पहले दोनों पक्षों में कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला हंगामे तक पहुंच गया. कुछ लोगों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाने शुरू कर दिए, जिससे वहां अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई. कलेक्ट्रेट परिसर में मौजूद अन्य लोग भी अचानक हुए विवाद को देखकर एकत्र हो गए. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिसकर्मियों ने तुरंत दोनों पक्षों को अलग किया और बीच-बचाव करते हुए समझाइश दी. पुलिस अधिकारियों ने परिवार के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की. काफी देर तक समझाइश के बाद मामला शांत हुआ. इसके बाद हंगामा कर रहे लोगों को कलेक्ट्रेट परिसर से बाहर कर दिया गया.
युवक-युवती बालिग- नियम के मुताबिक होगी कार्रवाई
पुलिस का कहना है कि युवक-युवती बालिग हैं और उन्होंने अपनी मर्जी से विवाह किया है. फिलहाल दोनों की ओर से सुरक्षा की मांग को लेकर आवेदन दिया गया है, जिस पर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है. घटना के दौरान कुछ देर के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में तनाव का माहौल बना रहा, लेकिन पुलिस की सतर्कता से स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया. मामले के बाद पुलिस प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है और दोनों पक्षों को कानून व्यवस्था बनाए रखने की चेतावनी दी गई है.
About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Ajmer,Rajasthan



