माचिस की तीली से ATM मशीन से निकाले 38 हजार रुपए

जयपुर के माणक चौक क्षेत्र में हुई वारदात, CCTV में कैद हुए बदमाश

जयपुर। राजधानी जयपुर के माणक चौक थाना क्षेत्र में स्थित एक ATM बूथ में बदमाशों ने अनोखे तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दो बदमाशों ने कैश डिपॉजिट मशीन (CDM) के सेंसर से छेड़छाड़ कर महज 5 मिनट में 38 हजार रुपए निकाल लिए। पूरी घटना ATM बूथ में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

जानकारी के अनुसार घटना 2 अप्रैल 2026 की शाम करीब 7:30 बजे के बाद की है। माणक चौक क्षेत्र में दुकान संख्या 281 के ऊपर स्थित IDBI बैंक के ATM बूथ में दो युवक दाखिल हुए। दोनों ने कैश डिपॉजिट मशीन में माचिस की तीली लगाकर सेंसर को प्रभावित किया और मशीन से 38 हजार रुपए निकाल लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

माणक चौक SHO राकेश ख्यालिया ने बताया कि बैंक अधिकारियों को मशीन में रकम कम मिलने पर जांच की गई, जिसके बाद चोरी का खुलासा हुआ। बैंक मैनेजर अमित की ओर से गुरुवार दोपहर माणक चौक थाने में मामला दर्ज कराया गया।
पुलिस ने ATM बूथ में लगे CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। दोनों बदमाशों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
इस घटना के बाद ATM और कैश डिपॉजिट मशीनों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।



