दुकान की आड़ में जासूसी! पाक हैंडलर्स के संपर्क में था जैसलमेर का युवक, रिमांड पर एजेंसियां कर रहीं पूछताछ

Last Updated:June 17, 2026, 12:11 IST
Pakistani Spy Arrested in Jaisalmer: राजस्थान सीआईडी इंटेलिजेंस ने जैसलमेर के नाचना क्षेत्र से मुस्ताक अली नामक युवक को गिरफ्तार किया है, जिस पर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का आरोप है. जांच एजेंसियों के अनुसार आरोपी पिछले करीब दो वर्षों से पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में था और सोशल मीडिया के जरिए सूचनाएं साझा करता था. आरोप है कि वह सीमा क्षेत्र में दुकान की आड़ लेकर बीएसएफ और सेना की हर मूवमेंट पर नजर रखता था तथा पैसे की लालच में फोटो-वीडियो भेजता था. जयपुर कोर्ट ने आरोपी को 22 जून तक पांच दिन की रिमांड पर भेज दिया है. एजेंसियां उसके नेटवर्क और संपर्कों की जांच कर रही हैं.
ख़बरें फटाफट
पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में जैसलमेर का युवक गिरफ्तार
जयपुर. राजस्थान में जासूसी के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत सीआईडी इंटेलिजेंस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है. सीआईडी इंटेलिजेंस जैसलमेर जिले के नाचना क्षेत्र से एक युवक को गिरफ्तार किया है, जिसपर पाकिस्तान के लिए जासूसी करने का आरोप है. गिरफ्तार किए गए कथित पाकिस्तानी जासूस मुस्ताक अली को जयपुर लाया गया, जहां बुधवार को उसे अदालत में पेश किया गया. कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को 22 जून तक पांच दिन की रिमांड पर भेज दिया है. अब सुरक्षा और खुफिया एजेंसियां उससे गहन पूछताछ कर उसके नेटवर्क और संपर्कों की जानकारी जुटाने में लगी हैं.
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (इंटेलिजेंस) प्रफुल्ल कुमार के अनुसार, राजस्थान में पाकिस्तान समर्थित जासूसी गतिविधियों पर लंबे समय से नजर रखी जा रही थी. इसी दौरान जैसलमेर जिले के नाचना थाना क्षेत्र के हिंगोल गांव निवासी नबी बख्श के 26 वर्षीय पुत्र मुस्ताक अली पुत्र की एक्टिविटी संदिग्ध पाई गईं. इसके बाद सीआईडी इंटेलिजेंस ने तकनीकी और अन्य सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में लिया और पूछताछ शुरू की.
दुकान चलाने के बहाने बीएसएफ और सेना की मूवमेंट पर रखता था नजर
जांच के दौरान सामने आया कि मुस्ताक अली सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी के हैंडलर्स के संपर्क में था. प्रारंभिक पूछताछ और मोबाइल फोन से मिले डाटा के आधार पर एजेंसियों को पता चला कि वह पिछले करीब दो वर्षों से पाकिस्तान से जुड़े जासूसी नटवर्क के संपर्क में था. इसके बाद उसे जयपुर स्थित केंद्रीय पूछताछ केंद्र लाया गया, जहां विभिन्न सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों ने संयुक्त रूप से उससे पूछताछ की. पाकिस्तानी हैंडलर्स ने उसे सीमा क्षेत्र की ओर जाने वाले प्रमुख मार्ग पर दुकान संचालित करने और वहां से सुरक्षा बलों की गतिविधियों पर नजर रखने का जिम्मा सौंपा था. आरोप है कि वह अपनी दुकान की आड़ में बीएसएफ और सेना की मूवमेंट पर निगरानी रखता था. इतना ही नहीं, वह सुरक्षा बलों की हर मूवमेंट से जुड़े फोटो और वीडियो बनाकर पाकिस्तान स्थित हैंडलर्स तक पहुंचाता था.
पैसे के बदले पाकिस्तानी हैंडलर्स को भेजता था महत्वपूर्ण जानकारियां
पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी कथित रूप से पैसे के बदले राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा कर रहा था. एजेंसियों को संदेह है कि उसने सामरिक महत्व की कई सूचनाएं विदेशी खुफिया नेटवर्क तक पहुंचाई हैं. हालांकि इस संबंध में अभी विस्तृत जांच जारी है और एजेंसियां डिजिटल साक्ष्यों को भी खंगाल रही हैं. राजस्थान इंटेलिजेंस ने आरोपी के खिलाफ शासकीय गुप्त बात अधिनियम, 1923 के तहत मामला दर्ज किया है. 16 जून को गिरफ्तारी के बाद अब उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है. अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं. जांच एजेंसियां यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी का नेटवर्क कितना बड़ा था और उसके संपर्क में अन्य कौन-कौन लोग थे.
About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Jaisalmer,Rajasthan



