577 सेंटर, 5G जैमर, CCTV और बायोमेट्रिक पहरा, RE-NEET में नकल की हर चाल हुई फेल

Last Updated:June 21, 2026, 20:18 IST
RE-NEET Exam 2026 Rajasthan: राजस्थान में RE-NEET 2026 परीक्षा रविवार को 27 जिलों के 577 केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई. जयपुर में 103 और कोटा में 92 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे. परीक्षा के दौरान 5G सिग्नल जैमर, हाई-क्वालिटी CCTV, मेटल डिटेक्टर और बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन जैसी व्यवस्थाएं लागू रहीं. 300 मीटर के दायरे में साइबर कैफे और फोटोकॉपी दुकानें बंद रखी गईं. छात्रों ने फिजिक्स को सबसे कठिन, केमिस्ट्री को अपेक्षाकृत कठिन और बायोलॉजी को मॉडरेट बताया. पूरे प्रदेश में परीक्षा शांतिपूर्ण रही और किसी बड़ी गड़बड़ी की सूचना नहीं मिली.
ख़बरें फटाफट
राजस्थान में RE-NEET 2026 परीक्षा रविवार को 27 जिलों के 577 केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजामों के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न
जयपुर. राजस्थान में रविवार को आयोजित RE-NEET परीक्षा कड़े सुरक्षा इंतजामों और निगरानी व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई. राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) के री-एग्जाम के लिए प्रदेश के 27 जिलों में कुल 577 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे. इनमें जयपुर में सर्वाधिक 103 और कोटा में 92 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए. परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित हुई, जिसमें हजारों अभ्यर्थियों ने हिस्सा लिया.
परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए इस बार सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए थे. जयपुर में निगरानी व्यवस्था को मजबूत रखने के लिए 24 आरएएस अधिकारियों की तैनाती की गई. सभी परीक्षा केंद्रों पर हाई-क्वालिटी सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी रखी गई. इसके साथ ही 5G सिग्नल जैमर लगाए गए ताकि किसी भी प्रकार की इलेक्ट्रॉनिक नकल या संचार गतिविधि को रोका जा सके.
बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन को रखा गया था अनिवार्य
नकल पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए अभ्यर्थियों की एंट्री से पहले मेटल डिटेक्टर से जांच की गई और बायोमेट्रिक वेरिफिकेशन को अनिवार्य रखा गया. परीक्षा केंद्रों के 300 मीटर के दायरे में साइबर कैफे, फोटोकॉपी की दुकानें और अन्य संवेदनशील गतिविधियों को बंद रखा गया. चुनाव की तर्ज पर प्रत्येक केंद्र पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे, जिन्होंने पूरी परीक्षा प्रक्रिया पर नजर रखी.
फिजिक्स सेक्शन को बताया सबसे कठिन
परीक्षा देकर बाहर निकले छात्रों ने पेपर के स्तर को लेकर मिलीजुली प्रतिक्रिया दी. अधिकांश अभ्यर्थियों ने फिजिक्स सेक्शन को सबसे कठिन बताया. उनका कहना था कि कई प्रश्न कॉन्सेप्ट आधारित और समय लेने वाले थे. वहीं केमिस्ट्री का स्तर भी अपेक्षाकृत कठिन रहा और इसमें भी कई प्रश्नों ने छात्रों को उलझाया. दूसरी ओर बायोलॉजी का पेपर तुलनात्मक रूप से मॉडरेट रहा, जिसके कारण अधिकांश छात्रों ने इस सेक्शन में सबसे अधिक प्रश्न हल किए.
परीक्षा में पूछे गए थे 180 प्रश्न पूछे
परीक्षा में कुल 180 प्रश्न पूछे गए, जिनमें फिजिक्स और केमिस्ट्री से 45-45 प्रश्न तथा बायोलॉजी से 90 प्रश्न शामिल थे. परीक्षा में एक चौथाई अंक की नेगेटिव मार्किंग भी लागू रही, जिससे अभ्यर्थियों को जवाब देने में अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी. कई छात्रों का कहना था कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार का पेपर अधिक चुनौतीपूर्ण रहा. हालांकि परीक्षा का संचालन पूरी तरह व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से हुआ. जयपुर सहित प्रदेश के किसी भी परीक्षा केंद्र से गड़बड़ी या अनुचित गतिविधि की सूचना नहीं मिली. परीक्षा समाप्त होने के बाद अभिभावकों ने राहत की सांस ली और प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए परीक्षा के सफल आयोजन पर संतोष जताया.
About the Authordeep ranjan
दीप रंजन सिंह 2016 से मीडिया में जुड़े हुए हैं. हिंदुस्तान, दैनिक भास्कर, ईटीवी भारत और डेलीहंट में अपनी सेवाएं दे चुके हैं. 2022 से हिंदी में अपनी सेवाएं दे रहे हैं. एजुकेशन, कृषि, राजनीति, खेल, लाइफस्ट…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Jaipur,Rajasthan



