मुंबई में छप्पर फाड़ बारिश से त्राहिमाम, जलभराव से अंधेरी सबवे बंद, ट्रांस हार्बर रेल लाइन ठप, BMC की अटकी सांस

Last Updated:June 24, 2026, 13:12 IST
Mumbai Heavy Rainfall News: मुंबई में इस बार मानसून ने लेट एंट्री की है. लेकिन बरसात के मौसम के शुरुआती दौर में ही मानसून ने अपने तेवर दिखा दिए हैं. बारिश होने से एक तरफ जहां लोगों ने भीषण गर्मी और उमस से राहत की सांस ली तो दूसरी तरफ आफत भी इस साथ आई है. मूसलाधार बारिश की वजह से अंधेरी सबवे को बंद करना पड़ा. कई इलाकों में जलभराव से लोगों को समस्याओं का भी सामना करना पड़ रहा है. कुछ इलाकों में पेड़ों के गिरने से नुकसान होने की भी सूचना है. मुंबई नगर निगम यानी BMC ने लोगों से अतिरिक्त सावधानी बरतने की अपील की है, ताकि वे किसी मुसीबत में न फंसे. मुंबई में आनेवाले दिनों में और बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है. (सभी तस्वीरें – PTI)
Mumbai Heavy Rainfall News: मुंबई में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है और लगातार हो रही भारी बारिश ने महानगर की रफ्तार पर असर डालना शुरू कर दिया है. मंगलवार रात से बुधवार तड़के तक हुई तेज बारिश के चलते शहर के कई निचले इलाकों में गंभीर जलभराव की स्थिति बन गई. हालात इतने बिगड़ गए कि अंधेरी सबवे को वाहनों के लिए बंद करना पड़ा, जबकि कुछ अन्य अंडरपास और सड़कों पर भी पानी भरने से आवागमन प्रभावित हुआ. बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने लोगों से सावधानी बरतने, जलभराव वाले इलाकों से बचने और प्रशासन की चेतावनियों का पालन करने की अपील की है.
BMC के मुताबिक, अंधेरी सबवे में भारी जलभराव के कारण उसे अस्थायी तौर पर वाहनों की आवाजाही के लिए बंद करना पड़ा. लगातार बारिश की वजह से पानी तेजी से जमा हुआ और हालात ऐसे बने कि वहां किसी भी वाहन का गुजरना जोखिम भरा हो गया. निगम अधिकारियों को मौके पर तैनात किया गया, ताकि कोई वाहन चालक पानी से भरे अंडरपास में प्रवेश न करे. मौके पर मौजूद BMC अधिकारी ऋतिक ने बताया कि अंधेरी सबवे में जलभराव की समस्या का तत्काल कोई अस्थायी समाधान फिलहाल नहीं मिल पाया है. उन्होंने कहा कि अधिकारी लगातार वहां खड़े होकर लोगों को रोक रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद कुछ चालक जोखिम उठाने से पीछे नहीं हट रहे. ऋतिक के अनुसार, एक ऑटो रिक्शा चालक सबवे के बीचोंबीच फंस गया था और उसकी जान तक खतरे में पड़ गई थी. बाद में BMC के दो कर्मचारियों ने पानी में उतरकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला. अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है, इसलिए नागरिकों को प्रशासन के निर्देशों का सख्ती से पालन करना चाहिए.
मुंबई में बारिश का असर केवल अंधेरी तक सीमित नहीं रहा. शहर के कई हिस्सों से जलभराव की तस्वीरें सामने आई हैं. महानगर में स्थित एक और सबवे में भी पानी भर गया, जिसके बाद वहां आम लोगों की आवाजाही रोकनी पड़ी. पूर्वी एक्सप्रेस हाईवे पर भी बारिश और सड़क पर जमा पानी के बीच वाहन धीरे-धीरे चलते नजर आए. दृश्यता कम होने और सड़क पर फिसलन की स्थिति के कारण यातायात प्रभावित रहा. सायन इलाके में जलभराव के बीच कुछ बच्चे और किशोर बारिश का आनंद लेते भी दिखाई दिए, हालांकि प्रशासन ने लोगों से ऐसे हालात में सतर्क रहने की सलाह दी है.
Add as Preferred Source on Google
बारिश के आंकड़े भी स्थिति की गंभीरता को दर्शाते हैं. BMC के अनुसार, 23 जून की सुबह 8 बजे से रात 11 बजे के बीच मुंबई शहर में औसतन 56 मिमी बारिश दर्ज की गई. पूर्वी उपनगरों में 23 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 33 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई. हालांकि देर रात बारिश की तीव्रता और बढ़ी. 23 जून सुबह 8 बजे से 24 जून रात 2 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, शहर में 78 मिमी, पूर्वी उपनगरों में 87 मिमी और पश्चिमी उपनगरों में 113 मिमी बारिश दर्ज की गई. इससे साफ है कि पश्चिमी उपनगरों पर बारिश का असर ज्यादा रहा. रात 10 बजे से 11 बजे के बीच पश्चिमी उपनगरों के कई इलाकों में भारी बारिश दर्ज की गई. कांदिवली के चारकोप सेक्टर-1 म्यूनिसिपल स्कूल में 32 मिमी, मलाड के MHB म्यूनिसिपल स्कूल में 28 मिमी, गजधरबांध स्टॉर्म वॉटर पंपिंग स्टेशन पर 26 मिमी, जुहू डिस्पेंसरी और बनाना लीफ इलाके में 22 मिमी तथा सांताक्रूज के नारियलवाड़ी स्कूल में 21 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं, बुधवार तड़के 1 बजे से 2 बजे के बीच पूर्वी उपनगर के भांडुप कॉम्प्लेक्स में 40 मिमी और पश्चिमी उपनगर के आनंद नगर म्यूनिसिपल स्कूल क्षेत्र में 32 मिमी बारिश दर्ज की गई.
बारिश का असर लोकल परिवहन नेटवर्क पर भी पड़ा है. ट्रांस-हार्बर लाइन पर लोकल ट्रेन सेवाएं अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं. जानकारी के मुताबिक, तुर्भे और कोपर खैराने स्टेशनों के बीच पटरियों के नीचे की मिट्टी बह जाने से अप और डाउन दोनों लाइनें ट्रैफिक के लिए असुरक्षित हो गईं. सेंट्रल रेलवे ने इस खंड पर ट्रेनों की आवाजाही बंद कर दी है और मरम्मत व बहाली का काम शुरू कर दिया गया है. यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है.
मुंबई की सार्वजनिक बस सेवा BEST पर भी बारिश का असर देखने को मिला है. कई रूटों पर जलभराव के कारण बसों का मार्ग बदला गया है. BEST ने यात्रियों से घर से निकलने से पहले अपने रूट की स्थिति जांचने की अपील की है. अधिकारियों ने कहा है कि लोग वेबसाइट, हेल्पलाइन या आधिकारिक अपडेट के जरिए रीयल-टाइम जानकारी लेते रहें.
इस बीच दादर स्टेशन के पूर्वी हिस्से के पास एक पेड़ कार पर गिर गया, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ. दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पेड़ को काटकर हटाने का काम शुरू किया. यह घटना भी बताती है कि लगातार बारिश के दौरान केवल जलभराव ही नहीं, बल्कि पेड़ गिरने और संरचनात्मक क्षति जैसी घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है. BMC ने कहा है कि अंधेरी को छोड़कर बाकी अधिकांश सबवे फिलहाल चालू हैं और शहर की मुख्य रेलवे सेवाएं सामान्य रूप से ऑपरेट हो रही हैं, लेकिन मौसम की स्थिति को देखते हुए हालात तेजी से बदल सकते हैं. प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें, जलभराव वाले रास्तों से दूर रहें, बंद किए गए अंडरपास या सड़कों पर जाने की कोशिश न करें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नागरिक निकाय या आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें.
मौसम विभाग ने भी मुंबई और आसपास के इलाकों के लिए चेतावनी जारी की है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले मुंबई, उसके उपनगरों और पालघर के लिए रेड अलर्ट जारी किया था. बाद में सुबह 7 बजे जारी नाउकास्ट में अगले तीन घंटे के लिए मुंबई, ठाणे, रायगढ़, पालघर और सिंधुदुर्ग के लिए ऑरेंज वॉर्निंग जारी की गई, जिसमें मध्यम से तीव्र बारिश की संभावना जताई गई. IMD ने यह भी कहा है कि मुंबई में 41 से 61 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और गरज-चमक के साथ बारिश का दौर जारी रह सकता है. ठाणे जिले के लिए ऑरेंज अलर्ट, जबकि रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है.


