राजस्थानी सिनेमा ने रचा इतिहास! पहली बार OTT पर रिलीज होगी ‘ओमलो’, 120 देशों में गूंजेगी धोलिया गांव कहानी

जयपुर. राजस्थानी फिल्मों के इतिहास में वर्तमान समय को गोल्डन दौर माना जा रहा है, जहां राजस्थान ही नहीं बल्कि दुनियाभर में राजस्थानी फिल्में अपनी कहानी और विषयवस्तु से दर्शकों को आकर्षित कर रही हैं. इसी कड़ी में राजस्थान की लोक संस्कृति, मानवीय संवेदनाओं और ग्रामीण जीवन की सादगी को वैश्विक मंच तक पहुंचाने वाली बहुचर्चित फिल्म ‘ओमलो’ अब बड़े पर्दे के बाद OTT पर अपने डिजिटल सफर की शुरुआत करने जा रही है. ‘ओमलो’ राजस्थानी सिनेमा की पहली ऐसी फिल्म होगी, जो OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज होगी.
हाल ही में इस फिल्म को दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म मंच कान्स फिल्म मार्केट में भी खूब सराहना मिली थी. अब यह फिल्म 3 जुलाई से वेव्स OTT पर रिलीज होगी. खास बात यह है कि OTT रिलीज के साथ ‘ओमलो’ एक साथ करीब 120 देशों के दर्शकों तक पहुंचेगी. इससे राजस्थानी सिनेमा को वैश्विक पहचान मिलने के साथ राजस्थान की संस्कृति, लोकजीवन और यहां की कहानियां भी अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचेंगी.
राजस्थान की मिट्टी से जुड़ी है फिल्म ‘ओमलो’ की कहानी
अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सराही जा चुकी फिल्म ‘ओमलो’ की कहानी राजस्थान के बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के धोलिया गांव की पृष्ठभूमि पर आधारित है. फिल्म में एक सात वर्षीय मासूम बच्चे और एक ऊंट के जीवन की समानांतर चलने वाली संवेदनशील कहानी को दर्शाया गया है. दोनों के संघर्ष, दर्द, बेबसी और जीवन की परिस्थितियों के माध्यम से फिल्म समाज के कई ऐसे सवाल उठाती है, जो दर्शकों को भीतर तक झकझोर देते हैं. फिल्म की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि इसकी पूरी शूटिंग राजस्थान में हुई है और इसमें स्थानीय कलाकारों तथा वास्तविक परिवेश को प्रमुखता दी गई है.
यही वजह है कि पूरी फिल्म में राजस्थान की संस्कृति, बोली, लोकजीवन और मानवीय भावनाएं पूरी प्रामाणिकता के साथ दिखाई देती हैं. ‘ओमलो’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि राजस्थान की आत्मा, यहां की संस्कृति और लोगों की भावनाओं का प्रतिनिधित्व करती है. OTT पर रिलीज होने से न केवल राजस्थान की लोक संस्कृति और प्राकृतिक खूबसूरती को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिलेगी, बल्कि यहां के कलाकारों और फिल्म उद्योग के लिए भी नए अवसर खुलेंगे.
‘ओमलो’ को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर मिल चुके हैं कई पुरस्कार
‘ओमलो’ अब OTT पर अपने नए सफर की शुरुआत करने जा रही है, लेकिन रिलीज से पहले ही यह कई अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में अपनी अलग पहचान बना चुकी है. कान्स फिल्म मार्केट में विशेष स्क्रीनिंग के बाद फिल्म को वैश्विक स्तर पर सराहा गया. इसके अलावा फिल्म ने अमेरिका के अटलांटा इंडियन फिल्म फेस्टिवल में बेस्ट फीचर फिल्म का पुरस्कार भी जीता है. इसके साथ ही राजस्थान इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में फिल्म को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म और सर्वश्रेष्ठ संगीत निर्देशक का पुरस्कार मिल चुका है.
वहीं नई दिल्ली फिल्म फेस्टिवल में इसे बेस्ट डायरेक्टर और बेस्ट म्यूजिक डायरेक्टर के सम्मान से नवाजा गया. इसके अलावा गोल्डन ज्यूरी अवॉर्ड्स, बॉलीवुड इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, विंध्य इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल, ग्लोबल बेंगलुरु फिल्म फेस्टिवल सहित कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फिल्म समारोहों में ‘ओमलो’ ने अनेक पुरस्कार अपने नाम किए हैं.



