Turning Point: वो दो ओवर, जिसने लिखी भारत की हार की कहानी, इंग्लैंड ने पलट दी बाजी

होमखेलक्रिकेट
वो दो ओवर, जिसने लिखी भारत की हार की कहानी, इंग्लैंड ने पलट दी बाजी
Last Updated:July 04, 2026, 23:09 IST
India vs England 2nd T20I Turning Point: पांच मुकाबलों की सीरीज में 0-1 से पिछड़ने के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने रवि बिश्नोई की खराब गेंदबाजी की ओर इशारा करते हुए स्पष्ट तौर पर कहा कि वह किसी एक खिलाड़ी को हार का दोषी नहीं ठहराना चाहते. मैच के बाद भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, “हम सभी जानते हैं कि कहां गलती हुई, लेकिन मैं किसी एक खिलाड़ी पर उंगली नहीं उठाना चाहता.” 17वां ओवर लेकर आए बिश्नोई ने 29 रन लुटाकर मैच का रुख इंग्लैंड की तरफ मोड़ दिया. इससे पहले अर्शदीप सिंह के एक ओवर में 27 रन गए. ये दो महंगे ओवर मुकाबले का टर्निंग पॉइंट साबित हुए.इंग्लैंड ने भारत को दूसरे टी20 में हराया.
नई दिल्ली. मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में टीम इंडिया को हार का सामना करना पड़ा. पहले बैटिंग करते हुए 190 रन बनाने के बाद भारतीय गेंदबाज इस स्कोर को डिफेंड करने में कामयाब नहीं रहे. इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़े सफल रन चेज का नया रिकॉर्ड बनाया. इससे पहले 2012 में 178 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड ने वानखेड़े में जीत दर्ज की थी. भारत ने मैच में स्कोर तो अच्छा खड़ा किया, लेकिन दूसरी पारी के दो ओवरों ने टीम इंडिया की जीत की उम्मीदों पर पानी फेर दिया. आइए जानते हैं इस मुकाबले के टर्निंग पॉइंट के बारे में…
ये दो ओवर बने टर्निंग पॉइंटदरअसल, इंग्लैंड की बैटिंग के दौरान तीसरे ओवर (अर्शदीप ने फेंका) और 17वें ओवर (रवि बिश्नोई ने फेंका) ने इंग्लैंड को मुकाबले में पूरी तरह वापस लाते हुए जीत की दहलीज पार करा दी. अर्शदीप के ओवर में 27 रन गए, जबकि बिश्नोई ने सबसे अहम समय पर 29 रन का ओवर फेंककर भारत से जीत दूर कर दी. अर्शदीप ने उस समय महंगा ओवर फेंका, जब इंग्लैंड की टीम 11 रन पर दो विकेट खोकर लड़खड़ा रही थी, जिससे मेजबानों को वापसी का मौका मिल गया. वहीं, बिश्नोई के दो नो बॉल वाले ओवर में जेकब बेथल ने चौके-छक्के बरसाते हुए इंग्लैंड का मैच में पूरी तरह से पलड़ा भारी कर दिया.
जैकब बेथेल बने जीत के हीरोइंग्लिश टीम ने सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है. मेजबान टीम के लिए जीत के हीरो जैकब बेथेल रहे, जिन्होंने 76 रन की नाबाद पारी खेली. इंग्लैंड ने 19 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया. इंग्लैंड की टीम पारी की पहली ही गेंद पर फिलिप सॉल्ट (0) का विकेट गंवा चुकी थी. इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर जोस बटलर (0) भी पवेलियन लौट गए. इंग्लिश टीम ने महज 1 रन पर दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे. यहां से कप्तान हैरी ब्रूक ने बेथेल के साथ तीसरे विकेट के लिए 23 गेंदों में 50 रन जोड़कर टीम को संभाला.
ब्रूक 15 गेंदों में 3 छक्कों और 4 चौकों के साथ 39 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद बेथेल ने मोर्चा संभाला. उन्होंने टॉम बैंटन (39) के साथ चौथे विकेट के लिए 67 रन, जबकि सैम करन (7) के साथ 46 रन जुटाकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई. बेथेल 46 गेंदों में 5 छक्कों और इतने ही चौकों के साथ 76 रन बनाकर नाबाद रहे. रवि बिश्नोई भारत के लिए सबसे महंगे गेंदबाज साबित हुए, जिन्होंने अपने चार ओवर में बिना कोई विकेट लिए 60 रन दिए. उन्होंने 15 की बेहद खराब इकॉनमी से रन लुटाए. अर्शदीप सिंह ने तीन विकेट जरूर लिए, लेकिन उनके एक महंगे ओवर ने इंग्लैंड के कमबैक में अहम भूमिका निभाई.
About the AuthorShivam Upadhyay
शिवम उपाध्याय उभरते हुए खेल पत्रकार हैं, जो नवंबर 2025 से देश के प्रतिष्ठित मीडिया संस्थान नेटवर्क 18 ग्रुप में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं. क्रिकेट विशेषज्ञता का मुख्य क्षेत्र है, लेकिन इसके अलावा हॉकी और बैडमिं…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
New Delhi,New Delhi,Delhi



