जिसे देखकर स्टेडियम में हर कोई रह गया हैरान… दांतों से तीर चलाने वाला राजस्थान का खिलाड़ी

Last Updated:July 09, 2026, 22:07 IST
Rajasthan Inspirational Story : राजस्थान के पाली जिले के रायपुर निवासी पैरा तीरंदाज गोविंद माली की कहानी हौसले, जुनून और आत्मविश्वास की मिसाल है. एक हाथ और एक पैर से दिव्यांग होने के बावजूद उन्होंने अपनी कमजोरी को कभी बाधा नहीं बनने दिया. गोविंद ने दांतों से धनुष की प्रत्यंचा खींचने की अनोखी तकनीक विकसित की और सामान्य वर्ग की जिला तीरंदाजी प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर सभी को चौंका दिया. उनकी इस उपलब्धि ने उन्हें राजस्थान के पहले ‘टूथ आर्चर’ के रूप में नई पहचान दिलाई है. अब उनका चयन राज्य स्तरीय रिकर्व तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए भी हो चुका है. गोविंद का सपना भारत के लिए ओलंपिक में पदक जीतने का है, लेकिन आधुनिक उपकरणों और आर्थिक संसाधनों की कमी उनके सामने बड़ी चुनौती बनी हुई है. फिलहाल वे अकादमी के धनुष से अभ्यास कर रहे हैं और बेहतर सुविधाओं की उम्मीद लगाए हुए हैं. उनकी संघर्षगाथा यह साबित करती है कि मजबूत इरादों के सामने शारीरिक सीमाएं भी छोटी पड़ जाती हैं.
पाली. “मंजिलें उन्हीं को मिलती हैं, जिनके सपनों में जान होती है. पंखों से कुछ नहीं होता, हौसलों से उड़ान होती है.” इस कहावत को राजस्थान के एक जांबाज युवा ने पूरी तरह सच कर दिखाया है. अब तक आपने इतिहास और टीवी सीरियल्स में हाथों से तीर-कमान चलाते योद्धा देखे होंगे, लेकिन आज हम आपको राजस्थान के एक ऐसे आधुनिक ‘अर्जुन’ से मिलवाने जा रहे हैं, जो हाथों से नहीं, बल्कि अपने दांतों से धनुष की प्रत्यंचा खींचकर ऐसा सटीक निशाना लगाते हैं कि देखने वाले दांतों तले उंगली दबा लेते हैं. हम बात कर रहे हैं रायपुर के पैरा तीरंदाज गोविंद माली की, जिन्होंने शारीरिक दिव्यांगता के बावजूद बड़ी उपलब्धि हासिल की है. एक हाथ और एक पैर से दिव्यांग गोविंद ने पाली के श्री बांगड़ स्टेडियम में आयोजित जिला तीरंदाजी प्रतियोगिता में सामान्य वर्ग में दांतों से धनुष खींचकर स्वर्ण पदक जीता.
यह प्रेरणादायक कहानी रायपुर निवासी पैरा तीरंदाज गोविंद माली की है. एक हाथ और एक पैर से दिव्यांग होने के बावजूद गोविंद ने कभी हार नहीं मानी. हाल ही में पाली के श्री बांगड़ स्टेडियम में आयोजित जिला तीरंदाजी प्रतियोगिता में जब वे मैदान में उतरे तो हर कोई हैरान रह गया. गोविंद ने किसी विशेष वर्ग में नहीं, बल्कि सामान्य वर्ग के खिलाड़ियों के बीच मुकाबला किया और दांतों से धनुष खींचकर ऐसा सटीक निशाना लगाया कि स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया. उनकी इस अनोखी शैली को देखकर स्टेडियम में मौजूद खिलाड़ी और दर्शक भी हैरान रह गए.
राजस्थान के पहले ‘टूथ आर्चर’जिला तीरंदाजी संघ के सचिव गिरधारी लाल सेन ने बताया कि रायपुर निवासी सुगनचंद माली के पुत्र गोविंद माली ने दांतों से धनुष खींचने की विशेष तकनीक स्वयं विकसित की है. जिला प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतने के साथ ही उन्होंने 8 से 10 अगस्त तक बीकानेर में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय रिकर्व तीरंदाजी प्रतियोगिता के लिए पाली टीम में अपनी जगह पक्की कर ली है. वर्तमान में गोविंद जयपुर में कोच रवि कुमार सैनी और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तारिका सैनी के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रहे हैं. कोच रवि कुमार सैनी के अनुसार, गोविंद राजस्थान के पहले ‘टूथ आर्चर’ हैं, जो दांतों से धनुष चलाकर मेडल जीत रहे हैं.
ओलंपिक में मेडल जीतने का सपनागोविंद की प्रतिभा असाधारण है और उनकी आंखों में देश के लिए ओलंपिक में पदक जीतने का सपना है. इससे पहले वे गोवा में आयोजित इंडोर नेशनल चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर चुके हैं. हाल ही में हरियाणा के सोनीपत में आयोजित वर्ल्ड पैरा सीरीज ट्रायल में भी उन्होंने हिस्सा लिया, जहां वे बेहद मामूली अंतर से चयन से चूक गए. हालांकि उनकी इस उपलब्धि के पीछे एक कठिन सच्चाई भी है. अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने के लिए उनके पास आधुनिक उपकरण और पर्याप्त आर्थिक संसाधन नहीं हैं.
आधुनिक धनुष और सहयोग की उम्मीदगोविंद का कहना है कि यदि उन्हें उच्च गुणवत्ता का आधुनिक धनुष और कुछ आर्थिक सहयोग मिल जाए तो वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकते हैं. पिछले सात-आठ महीनों से वे खेल प्रेमियों और सरकार से मदद की अपील कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाया है. फिलहाल वे अपनी खेल अकादमी के धनुष से ही अभ्यास कर रहे हैं. गोविंद को उम्मीद है कि कोई खेल प्रेमी, सामाजिक संस्था या भामाशाह उनके ओलंपिक सपने को साकार करने में सहयोग जरूर करेगा.
About the AuthorAnand Pandey
आनंद पाण्डेय वर्तमान में हिंदी (राजस्थान डिजिटल) में बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले 5 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाते हुए उन्होंने राजनीति, अपराध और लाइफ…और पढ़ें
न्यूजलेटर
अब ईमेल पर इनसाइड स्टोरीज
खबरों के पीछे की खबर अब आपके इनबॉक्स में
सबमिट करें
Location :
Pali,Pali,Rajasthan



