3 साल का इंतजार खत्म, 1.70 करोड़ से बनेगी नागौर की यह सड़क, विकास को मिलेगी नई रफ्तार

Last Updated:August 06, 2026, 10:02 IST
Nagaur Road Project: नागौर जिले के नावां-मीठड़ी मार्ग पर करीब तीन साल से जर्जर सड़क और गहरे गड्ढों से परेशान लोगों को बड़ी राहत मिली है. अटल प्रगति पथ योजना के तहत लगभग 1.70 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य शुरू हो गया है. फिलहाल सड़क की लेवलिंग का काम चल रहा है, जिसके बाद सीसी सड़क बनाई जाएगी. सड़क बनने से नावां, मीठड़ी और आसपास के दर्जनों गांवों के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी. साथ ही स्थानीय व्यापार, परिवहन और बाजार की गतिविधियों को भी नया बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.
करीब तीन वर्षों से जर्जर सड़क, गहरे गड्ढों और बारिश के दिनों में कीचड़ से जूझ रहे नागौर के नावां-मीठड़ी सड़क के लोगों के लिए आखिरकार राहत की खबर आई है. अटल प्रगति पथ योजना के तहत लगभग 1.70 करोड़ रुपये की लागत से इस सड़क का निर्माण कार्य शुरू हो गया है. फिलहाल सड़क की लेवलिंग का काम कराया जा रहा है, जिसके बाद सीसी सड़क का निर्माण शुरू होगा. तय समय में काम पूरा होने के बाद नावां, मीठड़ी समेत आसपास के दर्जनों गांवों के हजारों लोगों को सुरक्षित और बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी.
इस सड़क निर्माण की मंजूरी के लिए लगातार जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों के प्रयास कर रहे थे. सड़क की बदहाल स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी को कई बार पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया था. इसके अलावा उन्होंने संबंधित मंत्रियों और विभागीय अधिकारियों से लगातार संपर्क इसके इस सड़क को प्राथमिकता देने की मांग उठाई. लगातार पैरवी के बाद सरकार ने इस मार्ग को अटल प्रगति पथ योजना में शामिल करते हुए निर्माण की स्वीकृति दी, जिसके बाद टेंडर प्रक्रिया पूरी हुई और अब निर्माण कार्य जमीन पर दिखाई देने लगा है.
इस मार्ग की खराब स्थिति का असर स्थानीय व्यापार पर भी साफ दिखाई दे रहा था. बसों और अन्य बड़े वाहनों ने वर्षों से बाईपास मार्ग अपनाना शुरू कर दिया था, जिससे मीठड़ी के मुख्य बाजार में ग्राहकों की आवाजाही कम हो गई. स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि सड़क बनने के बाद यातायात फिर से मुख्य बाजार की ओर लौटेगा, जिससे कारोबार में नई जान आएगी. सड़क बेहतर होने से माल ढुलाई भी आसान होगी और आसपास के गांवों से आने वाले लोगों को भी सुविधा मिलेगी.
Add as Preferred Source on Google
मीठड़ी कस्बा अपनी पारंपरिक पहचान के लिए भी जाना जाता है. यहां दशकों से शादी-विवाह में उपयोग होने वाले डायजे के सामान की खरीदारी के लिए दूर-दूर से लोग पहुंचते रहे हैं. इसके अलावा यहां बनने वाली लोहे की कुल्हाड़ियां भी लंबे समय से अपनी गुणवत्ता के कारण प्रसिद्ध रही है. स्थानीय लोगों का मानना है कि सड़क बनने के बाद बाहरी क्षेत्रों से आने वाले ग्राहकों की संख्या बढ़ेगी, जिससे पारंपरिक कारोबार को नया बाजार मिलेगा और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी.
सड़क निर्माण शुरू होने के बाद समिति अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि यह केवल सड़क निर्माण नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के विकास की नई शुरुआत है. बेहतर सड़क बनने से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापार जैसे सभी क्षेत्रों को लाभ मिलेगा. इसके अलावा ग्रामीणों ने भी सरकार से गुणवत्ता के साथ समय पर निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है ताकि वर्षों से चली आ रही समस्या का स्थायी समाधान हो सके.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें। राजस्थान की ताजा खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें|First Published :
August 06, 2026, 10:02 IST



