AC कमरे में सो रहे थे दो मासूम, तभी दिखा 6 फीट का कोबरा, ऐसे हुआ फिर रेस्क्यू

Last Updated:August 06, 2026, 10:26 IST
Barmer Snake Rescue: बाड़मेर जिले के कुड़ला गांव में एसी लगे बेडरूम में 6 फीट लंबा कोबरा सांप घुस गया. कमरे में दो मासूम बच्चे सो रहे थे. परिजनों ने मुस्तैदी दिखाते हुए बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला और वन्यजीव प्रेमी ‘ग्रीनमैन’ नरपतसिंह राजपुरोहित को सूचना दी. करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद कोबरा का सफल रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ा गया. मानसून के मौसम में घरों में सांपों के प्रवेश को लेकर सावधान रहने की सलाह दी गई है.
ख़बरें फटाफट
Barmer: राजस्थान के बाड़मेर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. जिले के कुड़ला गांव में तेज गर्मी से राहत पाने के लिए एसी लगे बेडरूम में एक करीब 6 फीट लंबा अति विषैला कोबरा सांप घुस गया. जिस समय यह खौफनाक जीव कमरे में घुसा, उस वक्त दो मासूम बच्चे बिस्तर और झूले पर सो रहे थे. जैसे ही परिजनों की नजर बेड के नीचे छिपे कोबरा पर पड़ी, घर में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि, परिजनों ने समझदारी दिखाते हुए तुरंत बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला.
घटना बांकसिंह पुत्र कल्याणसिंह पड़िहार के घर की है. परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पर्यावरण और वन्यजीव प्रेमी ‘ग्रीनमैन’ नरपतसिंह राजपुरोहित को दी. सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे ग्रीनमैन नरपतसिंह ने बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. बेड के नीचे छिपे 6 फीट लंबे कोबरा को पकड़ना काफी जोखिम भरा था, लेकिन करीब 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया गया. बाद में उसे दूर प्राकृतिक वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया, जिसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली.
एसी की ठंडक और ठंडी जगह की तलाश में आते हैं सांपरेस्क्यू के बाद ग्रीनमैन नरपतसिंह ने बताया कि मानसून के मौसम में बिलों में पानी भर जाने और उमस बढ़ने के कारण सांप अक्सर ठंडी और सुरक्षित जगह की तलाश में आबादी क्षेत्रों में आ जाते हैं. एसी कमरे की ठंडक पाकर यह कोबरा भी पलंग के नीचे जाकर छिप गया था. गनीमत रही कि बच्चों के पास पड़े खिलौने और मोबाइल उठाने के बजाय परिजनों ने पहले बच्चों की जान बचाने को प्राथमिकता दी.
मानसून में बरतें ये सावधानियांविशेषज्ञों के अनुसार बरसात के दिनों में रात के समय घर से बाहर निकलते समय टॉर्च का उपयोग करना चाहिए और हमेशा जूते पहनने चाहिए. कोबरा भारत के सबसे खतरनाक और विषैले सांपों में से एक है. इसके काटने पर जहर सीधे तंत्रिका तंत्र (नर्वस सिस्टम) पर असर करता है. जिससे सांस लेने में तकलीफ और पैरालिसिस जैसी स्थिति बन जाती है. ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय पीड़ित को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाकर एंटी-स्नेक वेनम लगवाना चाहिए.
About the Authorvicky Rathore
Vicky Rathore (born July 25, 1994) is a multimedia journalist and digital content specialist currently working with Rajasthan. I have over 8 years of experience in digital media, where I specialize in cr…
और पढ़ेंLocation :
Barmer,Barmer,Rajasthan
First Published :
August 06, 2026, 10:26 IST



