जब विलेन बनने से डरे राघव जुयाल, मदद के लिए पहुंचे गुरु गीता कपूर के घर, सलाह ने चमका दी किस्मत

Last Updated:August 07, 2026, 23:08 IST
राघव जुयाल अपने ‘स्लो मोशन डांस’ के लिए मशहूर हैं. हालांकि, अब वह एक्टिंग से खूब नाम कमा रहे हैं. फिल्म ‘किल’ में उनके विलेन के किरदार को भला कौन भूल सकता है, जिसने उनके करियर को नया मोड़ दिया. हालांकि, वे फिल्म में काम करने से पहले दुविधा में थे. तब गुरु गीता कपूर की सलाह ने उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा दी. वे अब नानी की फिल्म ‘द पैराडाइज’ में विलेन का रोल निभा रहे हैं.
ख़बरें फटाफट
फिल्म ‘द पैराडाइज’ में विलेन का रोल निभा रहे हैं.
नई दिल्ली: अभिनेता और डांसर राघव जुयाल इन दिनों अभिनय की दुनिया में लगातार सफलता हासिल कर रहे हैं. वे अपने अनोखे स्लो-मोशन डांस स्टाइल से देशभर में मशहूर हुए. उन्होंने हाल में अपने करियर के शुरुआती दिनों को याद करते हुए उन लोगों का जिक्र किया, जिन्होंने उनके सफर को आसान बनाया. इस दौरान उन्होंने मशहूर कोरियोग्राफर और जज गीता कपूर के प्रति अपना सम्मान जताया और बताया कि वह आज भी उन्हें अपनी गुरु मानते हैं. राघव ने खुलासा किया कि फिल्म ‘किल’ में खलनायक का किरदार निभाने से पहले उन्होंने सबसे पहले गीता कपूर से ही सलाह ली थी.
दरअसल, राघव जुयाल डांस रियलिटी शो ‘इंडियाज बेस्ट डांसर सीजन 5’ में अभिनेत्री निकी वालिया के साथ गेस्ट के तौर पर शामिल हुए थे. शो के दौरान जब उनके शुरुआती सफर की बात छिड़ी तो राघव इमोशनल हो गए और उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा, ‘गीता कपूर सिर्फ एक जज नहीं, बल्कि मेरी गुरु, कोच और मार्गदर्शक रही हैं. जब मैं डांस रियलिटी शो में हिस्सा ले रहा था, तब मेरा ज्यादातर समय गीता कपूर के स्टूडियो में ही बीतता था. वहां पूरी टीम साथ रहती थी और माहौल बेहद खुला, पॉजिटिव और सीखने वाला होता था.’
गीता कपूर से मांगी मददराघव ने कहा, ‘उसी माहौल ने मुझे न सिर्फ एक बेहतर डांसर बनाया, बल्कि एक अच्छा इंसान बनने की भी सीख दी. उन दिनों की यादें आज भी मेरे दिल के बेहद करीब हैं और वही अनुभव मेरे पूरे करियर की मजबूत नींव बने.’ राघव ने अपने अभिनय करियर का भी एक अहम किस्सा साझा किया. उन्होंने कहा, ‘जब मुझे फिल्म ‘किल’ के लिए ऑडिशन देने का मौका मिला, तब मैं इस बात को लेकर काफी दुविधा में था कि मुझे यह फिल्म करनी चाहिए या नहीं. इसकी वजह यह थी कि फिल्म में मुझे एक निगेटिव किरदार निभाना था, जबकि लोग अब तक एक डांसर के रूप में मुझे जानते थे. ऐसे में मैं सबसे पहले अपना ऑडिशन लेकर गीता कपूर के घर पहुंचा. मैंने उन्हें पूरा ऑडिशन दिखाया और राय मांगी कि क्या मुझे यह चुनौती स्वीकार करनी चाहिए.’
‘किल’ साबित हुई टर्निंग प्वाइंट राघव ने बताया, ‘मैंने गीता कपूर से कहा था कि यह एक नेगेटिव रोल है और मैं समझ नहीं पा रहा हूं कि इसे स्वीकार करूं या नहीं. मेरे मन में यह डर भी था कि कहीं दर्शक मुझे इस नए अंदाज में स्वीकार न करें. हालांकि, उनके समझाने के बाद मैंने तय किया कि मुझे अपने कम्फर्ट जोन से बाहर निकलकर यह चुनौती जरूर स्वीकार करनी चाहिए. मेरे अभिनय करियर की असली शुरुआत वहीं से हुई और ‘किल’ मेरे लिए एक टर्निंग प्वाइंट साबित हुई. इस फिल्म ने लोगों को मेरा बिल्कुल नया रूप देखने का मौका दिया और एक अभिनेता के तौर पर नई पहचान बनाई.’
गीता कपूर भी हुईं इमोशनलराघव की बातें सुनकर गीता कपूर भी इमोशनल हो गईं. उन्होंने कहा, ‘मुझे आज भी याद है, जब राघव मेरे पास आए थे और पूछा था कि क्या मुझे यह नेगेटिव रोल करना चाहिए, तो मैंने कहा था कि आप बस अपनी मेहनत और लगन पर भरोसा रखो. आज राघव अभिनय की दुनिया में शानदार काम कर रहे हैं, लेकिन मुझे अब भी उनके डांस की कमी महसूस होती है. उनमें एक अलग तरह की ऊर्जा है, जो दर्शकों को हमेशा अपनी ओर खींचती है.
About the AuthorAbhishek NagarSenior Sub Editor
अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ में सीनियर सब एडिटर के पद पर काम कर रहे हैं. दिल्ली के रहने वाले अभिषेक नागर ‘न्यूज18 डिजिटल’ की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. उन्होंने एंटरटेनमेंट बीट के अलावा करियर, हेल्थ और…
New Delhi,Delhi
First Published :
August 07, 2026, 23:08 IST



