बेटियों का वॉलेट: सरकार दे रही 50,000 रुपये, घर में दो बच्चियां हैं तो तुरंत उठाएं लाभ

अपनी बेटी के भविष्य के लिए अच्छा फंड तैयार करना चाहते हैं, तो बैंकों और सरकार की कई बचत और निवेश योजनाएं आपकी मदद कर सकती हैं. ऐसी ही एक योजना है मुख्यमंत्री राजश्री योजना. इससे बेटियों की पढ़ाई, स्वास्थ्य और भविष्य के फाइनेंशियल जरूरतों को पूरा किया जा सकता है. बेटियों की पढ़ाई, सेहत और बेहतर भविष्य को ध्यान में रखकर इस सरकार ने शुरू किया है. इस योजना के तहत परिवार की पहली दो बेटियों को जन्म से लेकर 12वीं कक्षा तक 50,000 रुपये की आर्थिक मदद दी जाती है. इससे परिवारों पर बेटी की पढ़ाई और शुरुआती खर्च का बोझ कम करने की कोशिश की जाती है.
राजस्थान सरकार ने यह योजना 1 जून 2016 से शुरू की थी. इसका फोकस सिर्फ आर्थिक मदद देना नहीं, बल्कि बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देना, स्वास्थ्य में सुधार करना, बाल विवाह को रोकना और समाज में बेटियों के प्रति नई सोच विकसित करना भी है. अगर आपकी बेटी राजस्थान में 1 जून 2016 या उसके बाद पैदा हुई है और आप योजना की शर्तें पूरी करते हैं, तो इस योजना का फायदा ले सकते हैं.
क्या है मुख्यमंत्री राजश्री योजना?
मुख्यमंत्री राजश्री योजना राजस्थान सरकार की एक सामाजिक कल्याण योजना है. इसके तहत परिवार की पहली दो बेटियों को जन्म से लेकर 12वीं तक पढ़ाई के अलग-अलग पड़ाव पर आर्थिक सहायता दी जाती है. सरकार का मानना है कि समय-समय पर मिलने वाली यह राशि परिवारों को बेटी की शिक्षा और स्वास्थ्य पर खर्च करने में मदद करेगी.
कब-कब मिलते हैं 50,000 रुपये?
सरकार पूरी राशि एक साथ नहीं देती, बल्कि इसे छह किस्तों में जारी किया जाता है.
बेटी के जन्म पर – 2,500 रुपये
पहला टीकाकरण पूरा होने पर – 2,500 रुपये
पहली कक्षा में प्रवेश पर – 4,000 रुपये
छठी कक्षा में प्रवेश पर – 5,000 रुपये
10वीं कक्षा में प्रवेश पर – 11,000 रुपये
12वीं कक्षा में प्रवेश पर – 25,000 रुपये
इस तरह परिवार को 50,000 रुपये की आर्थिक सहायता मिलती है. यह राशि सीधे लाभार्थी के आधार से जुड़े बैंक खाते में भेजी जाती है.
कौन उठा सकता है योजना का फायदा?
इस योजना का फायदा सिर्फ राजस्थान के स्थायी निवासी परिवारों को मिलता है. लाभ के लिए बेटी का जन्म 1 जून 2016 या उसके बाद होना चाहिए. योजना केवल परिवार की पहली दो बेटियों के लिए लागू है. जन्म सरकारी अस्पताल या सरकार से मान्यता प्राप्त अस्पताल में होना चाहिए. इसके अलावा आधार कार्ड, जन आधार (पहले भामाशाह) और जरूरी डॉक्यूमेंट होना भी जरूरी है.
किन डॉक्यूमेंट्स की जरूरत पड़ेगी?
योजना में अप्लाई करते समय माता-पिता का आधार कार्ड, जन आधार कार्ड, बेटी का जन्म प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बैंक खाते की जानकारी, निवास प्रमाण पत्र, स्कूल में प्रवेश का प्रमाण पत्र, टीकाकरण रिकॉर्ड, मोबाइल नंबर और पासपोर्ट साइज फोटो जैसे डॉक्यूमेंट जमा करने होते हैं.
अप्लाई कैसे करें?
योजना का आवेदन नजदीकी सरकारी अस्पताल, आंगनवाड़ी केंद्र या डाकघर में जाकर किया जा सकता है.
वहां से आवेदन फॉर्म लेकर सही जानकारी भरें.
सभी जरूरी डॉक्यूमेंट्स के साथ जमा कर दें. अगर किसी तरह की जानकारी चाहिए तो जिले के महिला एवं बाल विकास विभाग या स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है.
सरकार ने इसके लिए टोल फ्री नंबर 1800 180 6127 भी जारी किया है.
मुख्यमंत्री राजश्री योजना का सबसे बड़ा फायदा यह है कि बेटी के जन्म से लेकर 12वीं तक अलग-अलग समय पर आर्थिक मदद मिलती रहती है. इससे पढ़ाई और स्वास्थ्य पर होने वाले खर्च का बोझ कम होता है. साथ ही यह योजना बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने, बाल विवाह रोकने और समाज में बेटियों के प्रति बेहतर सोच बनाने में मदद करती है.



