साइकिल का जुनून ले गया बेल्जियम तक, मिठाई की दुकान चलाने वाला राम अवतार अब लहराएगा तिरंगा

Last Updated:August 09, 2026, 23:41 IST
Success Story Ramavatar: राम अवतार की कहानी मेहनत, जुनून और हौसले की मिसाल है. मिठाई की दुकान से जुड़े राम अवतार ने साइकिलिंग को अपना जुनून बनाया और लगातार मेहनत करते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच बनाई. सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने सपने को पूरा करने के लिए नियमित अभ्यास और कड़ी मेहनत जारी रखी. उनकी मेहनत का नतीजा है कि अब वह वर्ल्ड चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रहे हैं. बेल्जियम में होने वाली प्रतियोगिता में राम अवतार साइकिलिंग के जरिए तिरंगा लहराने का सपना लेकर उतरेंगे.
ख़बरें फटाफट
Success Story: कहते हैं कि सपनों की उड़ान संसाधनों की मोहताज नहीं होती, जरूरत होती है तो सिर्फ मेहनत और उन्हें पूरा करने के जुनून की. नागौर जिले के श्रीबालाजी क्षेत्र के रहने वाले साइकिलिस्ट राम अवतार छींपा ने इस बात को सच कर दिखाया है. कभी सीमित संसाधनों के बीच साइकिलिंग की राह चुनने वाले रामअवतार अब भारत की जर्सी पहनकर दुनिया के सामने अपनी प्रतिभा दिखाने जा रहे हैं. उनका चयन 19 से 23 अगस्त 2026 तक बेल्जियम में आयोजित होने वाली जूनियर ट्रैक साइक्लिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में हुआ है.
राम अवतार की सफलता के पीछे उनके परिवार का बहुत बड़ा योगदान रहा है. राम अवतार पिता प्रकाश चंद छींपा गांव में एक सामान्य मिठाई की दुकान से अपना परिवार चलते हैं. उनकी आमदनी सीमित रही, लेकिन बेटे के सपनों में कभी कमी नहीं आने दी. उनकी मां कौशल्या देवी ने हर मुश्किल दौर में राम अवतार का हौसला बढ़ाया. परिवार के लिए बेटे का खेल सिर्फ एक शौक नहीं था, बल्कि धीरे-धीरे यह सपना बन गया कि वह एक दिन देश का नाम रोशन करेगा.
साइकिल बनी मंजिल तक पहुंचने का रास्ताराम अवतार के सामने चुनौतियां कम नहीं थीं. उन्होंने बताया कि बड़े शहरों के खिलाड़ियों को जहां बेहतर सुविधाएं और संसाधन आसानी से मिल जाते हैं. वहीं वे ग्रामीण परिवेश से आते थे अपनी पहचान बनाने के लिए लगातार मेहनत करनी पड़ी. रामअवतार ने साइकिलिंग को सिर्फ खेल की तरह नहीं, बल्कि अपने जीवन का लक्ष्य बना लिया. उनका घंटों प्रैक्टिस, फिटनेस पर ध्यान और लगातार बेहतर प्रदर्शन करने की कोशिश उनकी रोजाना की जिंदगी का हिस्सा बन गई. इस सफलता के रास्ते में कई बार असफलताएं और मुश्किलें आईं, लेकिन उन्होंने अपना लक्ष्य नहीं छोड़ा.
पटियाला में चल रही है विश्व चैंपियनशिप की तैयारीलगातार मेहनत के बाद परिणाम भी धीरे-धीरे सामने आने लगा. एशियाई स्तर की चैम्पियनशिप और राष्ट्रीय स्तर पर लगातार अच्छे प्रदर्शन ने उनको खेल जगह में नई पहचान दिलाई. यही प्रदर्शन आगे चलकर उन्हें भारतीय टीम के लिए मजबूत दावेदार बनाने में काम आया. अब उसी मेहनत के कारण राम अवतार को जूनियर ट्रैक साइक्लिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप को भारत रिप्रेजेंट करने का मौका मिला है. अब विश्व चैंपियनशिप के लिए राम अवतार इस समय स्पोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के नेताजी सुभाष नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ स्पोर्ट्स, पटियाला में राष्ट्रीय शिविर में प्रैक्टिस कर रहे हैं.
कई साल से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कर रहे हैं भारत का प्रतिनिधित्वराम अवतार ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप में मुकाबला बेहद कठिन होगा. इसमें कई देशों की टीम हिस्सा लेंगी. उन्होंने बताया कि यह अचीवमेंट उन्हें अचानक से नहीं मिला है. इससे पहले वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करते आ रहे हैं. एशियाई चैंपियनशिप में भी उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया है. इसके अलावा राष्ट्रीय स्तर में भी भाग ले चुके हैं. उनकी कहानी खास इसलिए भी है क्योंकि यह सिर्फ एक खिलाड़ी की सफलता नहीं है. यह उस परिवार की कहानी है, जिसने सीमित साधनों के बावजूद अपने बेटे के सपने को बड़ा होने दिया. यह उस मां की कहानी है, जिसने मुश्किल वक्त में बेटे का हौसला टूटने नहीं दिया.
गलियों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय ट्रैक तक पहुंचने का सफर यह उस पिता की कहानी है, जो मिठाई की दुकान चलाते हुए बेटे के भविष्य के लिए लगातार मेहनत करते रहे. और यह उस खिलाड़ी की कहानी है, जिसने गांव की गलियों से निकलकर अंतरराष्ट्रीय ट्रैक तक पहुंचने का सफर अपनी मेहनत से तय किया. 19 अगस्त से बेल्जियम में शुरू होने वाली जूनियर ट्रैक साइक्लिंग वर्ल्ड चैंपियनशिप में जब रामअवतार भारतीय टीम की जर्सी में ट्रैक पर उतरेंगे, तब उनके साथ सिर्फ एक खिलाड़ी नहीं उतरेगा, बल्कि उसके पीछे परिवार की उम्मीदें, गांव का विश्वास और वर्षों की मेहनत भी होगी.
About the AuthorJagriti Dubey
मेरा नाम जागृति दुबे है. मीडिया और डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया में पिछले 6 वर्षों से सक्रिय हूं. पत्रकारिता के प्रति अपने जुनून को मैंने वर्ष 2019 में GBN 24 न्यूज़ चैनल से इंटर्नशिप के साथ शुरुआत देकर एक पेशेव…
और पढ़ेंLocation :
Nagaur,Rajasthan
First Published :
August 09, 2026, 23:41 IST



