National

60 किलोमीटर की रफ्तार वाली आंधी, फिर मूसलाधार बारिश – imd weather today aaj kaisa rahega mausam orange alert for thunderstorm heavy rain bay of bengal

IMD Weather Today: मौसम विभाग ने सोमवार शाम देश के कई राज्यों के लिए आंधी, बिजली चमकने और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. IMD ने चेतावनी में बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं के साथ मध्यम बारिश होने की संभावना है. IMD के अनुसार, तमिलनाडु के चेंगलपट्टू, चेन्नई, कांचीपुरम, मदुरै, रानीपेट, शिवगंगा, तिरुवल्लूर, तिरुवन्नामलाई और विरुधुनगर जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और बारिश होने की संभावना जताई गई. आंध्र प्रदेश में चित्तूर और तिरुपति के लिए भी ऑरेंज चेतावनी जारी की गई. ओडिशा में बलांगीर, कटक, ढेंकनाल, गंजाम, जगतसिंहपुर, जाजपुर, केंद्रापड़ा, खुर्दा, मयूरभंज, नयागढ़ और पुरी जिलों में मौसम खराब रहने का अनुमान है. पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में भी आंधी और बारिश को लेकर सतर्क किया गया है.

मौसम विभग ने बताया कि गुजरात के अमरेली, अरावली, बनासकांठा, भावनगर, बोटाद, महीसागर और साबरकांठा जिलों में भी अगले कुछ घंटों के दौरान गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है. छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार, बलरामपुर, जशपुर, कबीरधाम और राजनांदगांव तथा मध्य प्रदेश के भिंड, दतिया, ग्वालियर, मंदसौर, मुरैना, नीमच, निवाड़ी, श्योपुर कलां, शिवपुरी, सीधी और सिंगरौली में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, राजस्थान के अजमेर, भीलवाड़ा, बीकानेर, बूंदी, चित्तौड़गढ़, चूरू, जोधपुर, कोटा, नागौर और सीकर जिलों में भी मौसम में अचानक बदलाव की संभावना है. उत्तर प्रदेश के अलीगढ़, बदायूं, बरेली, एटा, फर्रुखाबाद, फिरोजाबाद, हरदोई, हाथरस, कासगंज, मैनपुरी, मिर्जापुर, प्रयागराज, संत रविदास नगर (भदोही), शाहजहांपुर और सोनभद्र में भी चेतावनी जारी की गई.

उत्‍तराखंड में भी तेज हवा के साथ बारिश की संभावना

उत्तराखंड के बागेश्वर, चमोली, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग और उत्तरकाशी तथा हिमाचल प्रदेश के किन्नौर, कुल्लू, लाहौल-स्पीति और शिमला में भी गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है. मौसम विभाग ने प्रभावित इलाकों के लोगों से सतर्क रहने और जरूरी सावधानी बरतने की अपील की है. लोगों को पेड़ों के नीचे या कमजोर ढांचों में शरण नहीं लेने, सड़क और यातायात की स्थिति की जानकारी लेने तथा अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है. स्थानीय प्रशासन और संबंधित एजेंसियों की ओर से जारी अतिरिक्त निर्देशों का पालन करने को भी कहा गया है.

कम दबाव का क्षेत्र

उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और उससे सटे छत्तीसगढ़ के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र अब उत्तर मध्य प्रदेश और आसपास के इलाकों में पहुंच गया है. इसका प्रभाव समुद्र तल से करीब 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला हुआ है और ऊंचाई के साथ यह दक्षिण-पश्चिम दिशा की ओर झुका हुआ है. मानसून ट्रफ इस समय समुद्र तल पर जैसलमेर, गुना, कम दबाव क्षेत्र के केंद्र, डाल्टनगंज और दीघा से होते हुए आगे दक्षिण-पूर्व दिशा में पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक जा रही है. यह ट्रफ समुद्र तल से करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैली हुई है.

पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव

एक पश्चिमी विक्षोभ मध्य क्षोभमंडल की पश्चिमी हवाओं में ट्रफ के रूप में सक्रिय है. इसके अलावा मध्य महाराष्ट्र के ऊपर समुद्र तल से करीब 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में बना हुआ है, जो करीब 3.1 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैला है. इसके प्रभाव से 13 अगस्त के आसपास इसी क्षेत्र में एक नया कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है.

अगले 24 घंटों में कैसा रहेगा मौसम

अगले 24 घंटे के दौरान मध्य प्रदेश में मध्यम से भारी बारिश जारी रहने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, तटीय कर्नाटक और केरल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब, झारखंड, कोंकण और गोवा, विदर्भ, पश्चिम बंगाल, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, लक्षद्वीप और उत्तर गुजरात में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं दिल्ली, बिहार, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, तेलंगाना, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और मराठवाड़ा में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj