पिलर के बिना 275 फीट का मैदान, 84 मीटर स्पान और 22 मीटर ऊंचाई, सीकर में तैयार हो रहा अनोखा इंडोर कॉम्प्लेक्स

Last Updated:August 12, 2026, 11:22 IST
सीकर में 81 करोड़ रुपए की लागत से शेखावाटी विश्वविद्यालय परिसर में हाईटेक इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और 1108 सीटों वाला ऑडिटोरियम तैयार हो रहा है. कॉम्प्लेक्स की खासियत 84 मीटर का पिलरलैस स्पान है, जहां एक ही एरिना में करीब एक दर्जन खेलों की सुविधाएं होंगी. परियोजना दिसंबर तक पूरी होने का लक्ष्य है.
सीकर. शेखावाटी के खिलाड़ियों और कलाकारों को अब बड़े आयोजनों के लिए जयपुर या दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. शेखावाटी विश्वविद्यालय परिसर में 81 करोड़ रुपए की लागत से हाईटेक इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लैक्स और ऑडिटोरियम तैयार किया जा रहा है. इस प्रोजेक्ट की सबसे खास बात 84 मीटर यानी करीब 275 फीट का पिलरलैस स्पान है. यानी इतने बड़े खेल क्षेत्र के बीच एक भी पिलर नहीं होगा, इससे खिलाड़ियों को बिना किसी बाधा के खेलने के लिए बड़े मैदान जैसा स्पोर्ट्स मैदान मिलेगा.
करीब 22 मीटर ऊंचे इस इंडोर कॉम्प्लैक्स का ढांचा हाई-स्ट्रेंथ स्टील ट्रस और पर्लिन्स नेटवर्क से तैयार किया जा रहा है. आरसीसी बीम की जगह स्टील संरचना का उपयोग करने के कारण इतने बड़े स्पान को बिना बीच में सपोर्ट दिए तैयार करना संभव हो पाया है. त्रिकोणीय संरचना में जुड़े स्टील ट्रस छत के भार को दोनों तरफ की संरचनाओं तक पहुंचाते हैं. छत पर कलजीप शीट लगाई जा रही है, जो हल्की, टिकाऊ और वाटरप्रूफ होने के साथ बड़े क्षेत्र को कवर करने में मदद करती है, पूरे परिसर में सेंट्रलाइज्ड एसी की सुविधा होगी.
एक ही एरिना में कई खेलों की सुविधा
कॉम्प्लैक्स का मुख्य एरिना करीब 45×53 मीटर का मल्टी-पर्पज क्षेत्र होगा, यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की सिंथेटिक फ्लोरिंग विकसित की जा रही है. परिसर में नेटबॉल, हैंडबॉल, खो-खो, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल के लिए सुविधाएं होंगी. इसके अलावा तीन बैडमिंटन कोर्ट, कुश्ती और कबड्डी के लिए छह मैट तथा टेबल टेनिस और बिलियर्ड्स-स्नूकर के लिए अलग व्यवस्था की जा रही है. इस तरह एक ही परिसर में करीब एक दर्जन खेलों की सुविधाएं विकसित होंगी. कॉम्प्लैक्स में करीब 2 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी. दर्शकों के लिए स्टेडियम की तर्ज पर सीढ़ीनुमा गैलरी बनाई जा रही है, ताकि ऊपरी पंक्ति में बैठा दर्शक भी मैदान में चल रहे मुकाबले को आसानी से देख सके. परिसर में कुल सात प्रवेश द्वार होंगे, इनमें दर्शकों के लिए चार, वीआईपी और मीडिया के लिए एक तथा खिलाड़ियों के लिए दो प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे. खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम, रेस्टिंग रूम और अलग टॉयलेट ब्लॉक भी होंगे.
ऑडिटोरियम में होगी 1108 सीट
आरएसआरडीसी एईएन सुमित कुमार ने बताया कि स्पोर्ट्स कॉम्प्लैक्स के साथ ही पास में 5,176 वर्गमीटर में हाईटेक ऑडिटोरियम तैयार किया जा रहा है. इसमें 1,108 दर्शकों के बैठने की क्षमता होगी. कलाकारों के लिए अलग ग्रीन रूम, डार्क रूम और वीआईपी लाउंज जैसी सुविधाएं इस ऑडिटोरियम में होंगी. इसमें छत पर हाईटेक प्रोफ्लेक्स रूफिंग का इस्तेमाल किया जा रहा है, यहां जिला स्तरीय बड़े कार्यक्रमों का आयोजन आसानी से हो सकेगा. दोनों भवनों का निर्माण एक ही वर्क ऑर्डर के तहत कराया जा रहा है. निर्माण एजेंसी आरएसआरडीसी है और काम इसी साल दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. परियोजना पूरी होने के बाद सीकर में राष्ट्रीय स्तर की खेल टूर्नामेंट के आयोजन के लिए हाईटेक मच उपलब्ध होगा. आरएसआरडीसी के एईएन सुमित कुमार के अनुसार, यह सुविधा सीकर को बड़े खेल आयोजनों के लिए नई पहचान दिलाने में बड़ा कदम साबित होगी.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Sikar,Rajasthan
First Published :
August 12, 2026, 11:22 IST



