IFFM 2026: रानी मुखर्जी ने सात समुंदर पार बढ़ाया देश का मान, मिला ये अवॉर्ड, दिया दिल छू लेने वाला स्टेटमेंट

नई दिल्ली: बॉलीवुड की पॉपुलर एक्ट्रेस रानी मुखर्जी के खाते में एक और बड़ी कामयाबी जुड़ गई है. रानी को इंडियन फिल्म फेस्टिवल ऑफ मेलबर्न यानी आईएफएफएम में उनकी बेहतरीन एक्टिंग और सिनेमा में शानदार योगदान के लिए एक खास अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है. इस अवॉर्ड को पाने के बाद रानी मुखर्जी काफी इमोशनल नजर आईं.
उन्होंने दिल खोलकर अपनी खुशी जाहिर की और बताया कि कैसे उनके निभाए रोल ने सिर्फ दर्शकों का एंटरटेनमेंट ही नहीं किया, बल्कि उन्हें खुद भी जिंदगी में एक बेहतर इंसान बनने में मदद की है.
ऑस्ट्रेलिया से मिले प्यार से काफी खुश हुईं रानी
यह खास अवॉर्ड मिलने के बाद रानी मुखर्जी ने अपने करियर के शुरुआती दिनों को याद किया. उन्होंने कहा कि जब उन्होंने एक छोटी सी लड़की के रूप में फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखा था, तब उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि एक दिन उनकी फिल्में और किरदार उन्हें सात समुंदर पार ले जाएंगे. रानी ने बताया कि ऑस्ट्रेलिया के लोगों ने उन्हें और इंडियन सिनेमा को हमेशा बहुत प्यार और रिस्पेक्ट दिया है. उन्होंने कहा कि फिल्में और कहानियां दिल से दिल को जोड़ती हैं, क्योंकि इंसानी इमोशंस को किसी पासपोर्ट या वीजा की जरूरत नहीं होती है.
किरदारों ने बनाया एक बेहतर इंसान
रानी मुखर्जी ने अपने अब तक के सफर पर बात करते हुए कहा कि वह बहुत लकी हैं कि उन्हें स्क्रीन पर ऐसी स्ट्रॉन्ग महिलाओं के रोल प्ले करने का मौका मिला. उन्होंने ऐसे रोल निभाए जो खुलकर हंसीं, जिन्होंने दिल से प्यार किया, बिना डरे अपनी लड़ाई लड़ी और कभी खुद पर से भरोसा नहीं खोया. रानी ने बहुत ही सादगी से कहा कि हर एक रोल ने उन्हें अंदर से थोड़ा बदला है. इन किरदारों ने उन्हें एक अच्छा एक्टर तो बनाया ही, लेकिन उससे भी ज्यादा एक बेहतर इंसान बनने में मदद की.
30 सालों से जीत रही हैं लोगों का दिल
रानी मुखर्जी ने पिछले 30 सालों में ‘ब्लैक’, ‘हम तुम’, ‘युवा’, ‘बंटी और बबली’, ‘हिचकी’, ‘मर्दानी’ और ‘मिसेज चटर्जी वर्सेस नॉर्वे’ जैसी कई सुपर-डुपर हिट और यादगार फिल्में दी हैं. रानी ने कहा कि यह जानकर बहुत खुशी होती है कि उनकी 30 सालों की मेहनत, उनकी आवाज और उनके किरदार देश से इतनी दूर बैठकर भी लोगों के दिलों को छू रहे हैं. मेलबर्न में चल रहा यह इंडियन फिल्म फेस्टिवल 13 अगस्त से शुरू हो चुका है और 23 अगस्त तक चलेगा, जहां रानी की इस खास जीत ने पूरे देश का नाम रोशन किया है.



