जयपुर के झोटवाड़ा में सड़कों का ऐसा हाल कि गड्ढों में उतर आए ‘एस्ट्रोनॉट’, बोले- चांद-मंगल से भी बदतर

Last Updated:August 14, 2026, 15:04 IST
Jaipur Jhotwara Potholes Protest: जयपुर के झोटवाड़ा क्षेत्र में बारिश के बाद जर्जर सड़कों और जलभराव से परेशान निवासियों ने ‘एस्ट्रोनॉट’ बनकर अनोखा प्रदर्शन किया. गोकुलपुरा के प्रताप सर्किल रोड पर लोगों ने तंज कसा कि यहाँ की सड़कें चांद-मंगल के गड्ढों से भी बदतर हैं. पिछले तीन महीनों से सुनवाई न होने पर भड़के लोगों के प्रदर्शन के बाद प्रशासन ने मानसून बाद सड़क निर्माण शुरू कराने का आश्वासन दिया है.
ख़बरें फटाफट
जयपुर में गड्ढों का ऐसा हाल कि सड़क पर उतर आए ‘एस्ट्रोनॉट’! बोले- चांद-मंगल से भी बदतर
जयपुर. राजधानी जयपुर के झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में बदहाल सड़कों, खस्ताहाल सीवरेज और जलभराव की समस्या से परेशान स्थानीय निवासियों ने प्रशासन को जगाने के लिए एक बेहद अनोखा और व्यंग्यात्मक तरीका अपनाया. बारिश के बाद सड़कों पर बने बड़े-बड़े गड्ढों के विरोध में स्थानीय लोग अंतरिक्ष यात्रियों (एस्ट्रोनॉट्स) का रूप धारण कर सड़कों के बीच बने पानी से भरे गड्ढों में उतर गए. प्रदर्शनकारियों ने चुटकी लेते हुए कहा कि झोटवाड़ा के प्रताप सर्किल रोड और गोकुलपुरा क्षेत्र की सड़कें अब चांद और मंगल ग्रह के ‘क्रेटर’ (बड़े गड्ढों) से भी ज्यादा खतरनाक हो चुकी हैं, जहां अंतरिक्ष यात्रियों की ट्रेनिंग करवाई जा सकती है.
झोटवाड़ा के गोकुलपुरा (वार्ड संख्या 46 और 47) में प्रताप सर्किल रोड पर 100 से अधिक स्थानीय निवासियों ने सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक करीब दो घंटे तक जोरदार प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान दो स्थानीय नागरिक बाकायदा एस्ट्रोनॉट (अंतरिक्ष यात्री) की ड्रेस पहनकर सड़क पर पानी से भरे विशालकाय गड्ढों के बीच खड़े हो गए. प्रदर्शनकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने तंज कसते हुए कहा, “जब अंतरिक्ष अनुसंधान पर अरबों रुपये खर्च किए जा रहे हैं, तो लोग झोटवाड़ा ही आ जाएं! यहां की सड़कें मानसून के पानी से लबालब भरे गड्ढों के साथ चांद और मंगल ग्रह पर उतरने जैसा पूरा अनुभव यहीं दे रही हैं.”
जयपुर के झोटवाड़ा क्षेत्र में बारिश के बाद जर्जर सड़कों और जलभराव से परेशान निवासियों ने ‘एस्ट्रोनॉट’ बनकर अनोखा प्रदर्शन किया। गोकुलपुरा के प्रताप सर्किल रोड पर लोगों ने तंज कसा कि यहाँ की सड़कें चांद-मंगल के गड्ढों से भी बदतर हैं। pic.twitter.com/CNMgNFv9lC



