अमित शाह आज अलवर में भरेंगे हुंकार, 783 करोड़ के 151 विकास कार्यों की देंगे सौगात, किसानों को भी बड़ा तोहफा

अलवर. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह आज अलवर दौरे पर रहेंगे. वे विजय नगर ग्राउंड में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे. अमित शाह के दौरे को लेकर प्रशासन और भाजपा संगठन की ओर से तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. कार्यक्रम में केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और वन राज्यमंत्री संजय शर्मा भी मौजूद रहेंगे. जनसभा के दौरान जिले को कई बड़ी विकास परियोजनाओं की सौगात मिलने वाली है. इसके साथ ही रोजगार और किसानों से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे. अमित शाह 2 से 3 बजे के आस-पास अलवर पहुंचेंगे.
अमित शाह के कार्यक्रम के दौरान अलवर जिले में सरस डेयरी के करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नवीन प्लांट का शिलान्यास किया जाएगा. इस परियोजना को डेयरी क्षेत्र और दुग्ध उत्पादकों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. नए प्लांट से डेयरी से जुड़ी गतिविधियों को विस्तार मिलने और क्षेत्र के किसानों एवं पशुपालकों को लाभ मिलने की उम्मीद है.
783 करोड़ के 151 विकास कार्यों का होगा लोकार्पण-शिलान्यास
कार्यक्रम के दौरान अलवर जिले में 783 करोड़ रुपये की लागत वाले 151 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा. इनमें विभिन्न विभागों और क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्य शामिल हैं. इसके अलावा मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण भी प्रस्तावित है. विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास को जिले के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है.
रोजगार उत्सव में बांटे जाएंगे नियुक्ति पत्र
अमित शाह के दौरे के दौरान मुख्यमंत्री रोजगार उत्सव का राज्य स्तरीय समारोह भी आयोजित किया जाएगा. इसमें प्रदेश के 10,548 नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे. वहीं अलवर जिले के 461 कार्मिकों को भी नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे. राज्य सरकार की ओर से रोजगार उत्सव के जरिए युवाओं को सरकारी नियुक्तियों से जोड़ने और नई जिम्मेदारी देने का संदेश दिया जाएगा.
66.74 लाख किसानों के खातों में पहुंचेगी सम्मान निधि
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के किसानों के लिए भी महत्वपूर्ण घोषणा और भुगतान किया जाएगा. मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की छठी किश्त के तहत प्रदेश के 66.74 लाख लाभार्थी किसानों के खातों में 667.40 करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित किए जाएंगे. इससे किसानों को सीधे आर्थिक सहायता मिलेगी. वहीं अलवर जिले के 1.47 लाख किसानों को मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत कुल 14.72 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की जाएगी. राशि सीधे लाभार्थी किसानों के बैंक खातों में पहुंचेगी.
कड़ी कर दी गई है सुरक्षा व्यवस्था
अमित शाह की जनसभा को देखते हुए विजय नगर ग्राउंड और आसपास के क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी रहेगी. कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के शामिल होने की संभावना है. प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को लेकर यातायात, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया है.



