Bikaner News: छत का प्लास्टर गिरने के बाद भी नहीं बदला भवन, सत्तासर में खतरे के साए में स्वास्थ्य केंद्र

Last Updated:August 16, 2026, 17:33 IST
श्रीडूंगरगढ़ के सत्तासर गांव में स्वास्थ्य केंद्र का भवन जर्जर हालत में पहुंच चुका है. छत का प्लास्टर गिरने के बावजूद स्वास्थ्यकर्मी जान जोखिम में डालकर मरीजों का इलाज करने को मजबूर हैं. ग्रामीणों और सरपंच ने प्रशासन से जर्जर भवन को गिराकर नए भवन के निर्माण की स्वीकृति जल्द जारी करने की मांग की है.
बीकानेर. श्रीडूंगरगढ़ ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के सरकारी दावों के बीच श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के गांव सत्तासर से स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाल तस्वीर सामने आई है. गांव में स्थित स्वास्थ्य केंद्र का भवन लंबे समय से जर्जर हालत में है. हाल ही में केंद्र की छत का प्लास्टर अचानक गिर गया, गनीमत रही कि जिस समय प्लास्टर गिरा, वहां कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था. हादसे के बावजूद स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों का उपचार बदस्तूर जारी है. स्वास्थ्यकर्मी जर्जर भवन के नीचे बैठकर ग्रामीणों को चिकित्सा सेवाएं देने को मजबूर हैं. भवन की हालत देखकर स्वास्थ्यकर्मियों के साथ-साथ मरीजों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं. किसी भी समय छत या भवन का अन्य हिस्सा गिरने से बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है.
ग्रामीणों का कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र के लिए लंबे समय से नए भवन की मांग की जा रही है, लेकिन अभी तक इस दिशा में कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है. ग्रामीण क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण इस केंद्र की बदहाल स्थिति के कारण लोगों में रोष है. उनका आरोप है कि जब सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने के दावे कर रही है, तो सत्तासर के स्वास्थ्य केंद्र की ओर जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान क्यों नहीं जा रहा.
जान जोखिम में डालकर सेवा
जर्जर भवन में काम कर रहे स्वास्थ्यकर्मियों की सुरक्षा भी चिंता का विषय बनी हुई है. स्वास्थ्यकर्मी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए रोजाना इसी भवन में मरीजों का उपचार कर रहे हैं. ऐसे में किसी अप्रिय घटना की स्थिति में जिम्मेदारी किसकी होगी, यह सवाल भी ग्रामीणों द्वारा उठाया जा रहा है. ग्राम पंचायत के सरपंच सुनील कुमार मलिक ने प्रशासन से मांग की है कि समय रहते जर्जर भवन को गिराकर नए स्वास्थ्य केंद्र भवन के निर्माण की स्वीकृति जारी की जाए. उन्होंने कहा कि भवन की वर्तमान स्थिति को देखते हुए किसी बड़े हादसे का इंतजार करना उचित नहीं है. प्रशासन को तत्काल निरीक्षण करवाकर आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि ग्रामीणों और स्वास्थ्यकर्मियों को सुरक्षित माहौल में स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें. ग्रामीणों की मांग है कि सरकार और प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल्द नए भवन का निर्माण शुरू करवाएं, ताकि स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर लोगों की जिंदगी खतरे में न पड़े.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Bikaner,Rajasthan
First Published :
August 16, 2026, 17:33 IST



