Rajasthan

Jodhpur PM e-Bus Service Launch

Jodhpur PM e-Bus Service Launch: शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को पर्यावरण अनुकूल और आधुनिक बनाने की दिशा में मंगलवार को एक बड़ी और ऐतिहासिक शुरुआत हुई. नगर निगम की ओर से जोधपुर बस सर्विस लिमिटेड के माध्यम से संचालित पीएम ई-बस सेवा का मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने वर्चुअल रूप से हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया. इस विशेष अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी, संभागीय आयुक्त कन्हैयालाल स्वामी, जिला कलेक्टर आलोक रंजन और नगर निगम आयुक्त राहुल जैन सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे.

सूरसागर विधायक देवेंद्र जोशी ने इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताया. उन्होंने कहा कि ई-बस सेवा शुरू होने से न केवल शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी, बल्कि वायु प्रदूषण में भी भारी कमी आएगी. इससे आमजन और जोधपुर आने वाले पर्यटकों को बेहद किफायती, सुरक्षित और बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी.

प्रारंभिक रूट, संचालन का समय और बस स्टॉप

प्रारंभिक चरण में पांच इलेक्ट्रिक लो फ्लोर बसों का संचालन शुरू किया गया है. ये बसें बनाड़ से जैसलमेर बाईपास रूट पर संचालित की जा रही हैं. बनाड़ से रवाना होकर यह बसें राईकाबाग बस स्टैंड, सर्किट हाउस, भाटी सर्कल, पांच बत्ती चौराहा, जेडीए चौराहा, रेलवे स्टेशन, रोटरी चौराहा, एमडीएम हॉस्पिटल, जलजोग सर्कल, बॉम्बे मोटर चौराहा, आखलिया चौराहा, पहला पुलिया, दूसरा पुलिया और चौपासनी रोड होते हुए जैसलमेर बाईपास तक पहुंचेंगी. ई-बस सेवा प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक जनता के लिए उपलब्ध रहेगी. एक बस को अपना एक पूरा फेरा लगाने में करीब डेढ़ घंटे का समय लगेगा और यात्रियों को हर 40 मिनट के अंतराल पर बस सुविधा मिल सकेगी. इस पूरे मार्ग पर यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 34 बस स्टॉप निर्धारित किए गए हैं.

सुरक्षा व्यवस्था, आरक्षित सीटें और किफायती किराया

आमजन की सुविधा और बजट को ध्यान में रखते हुए ई-बस सेवा का किराया बेहद किफायती रखा गया है. न्यूनतम किराया 15 रुपए और अधिकतम किराया 50 रुपए निर्धारित किया गया है. यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक ई-बस में 8 से 9 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं. 9 मीटर लंबी इस आधुनिक लो फ्लोर बस में कुल 30 सीटें हैं, जिनमें दिव्यांग यात्रियों के लिए विशेष सीट और महिलाओं के लिए चार पिंक सीट आरक्षित की गई हैं.

चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और भविष्य की योजनाएं

नगर निगम आयुक्त राहुल जैन ने बताया कि आगामी दो-तीन महीनों में करीब 100 से 125 नई ई-बसें मिलने की संभावना है. इन बसों को शहर के 10 से अधिक अलग-अलग रूटों पर चलाया जाएगा, जिससे प्रमुख बाजार, रिहायशी इलाके, रेलवे स्टेशन और अस्पताल सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क से सीधे जुड़ जाएंगे. बसों की चार्जिंग के लिए झालामंड में एक आधुनिक चार्जिंग स्टेशन तैयार किया गया है. एक बार फुल चार्ज होने पर यह बस 160 से 180 किलोमीटर तक का सफर आसानी से तय कर सकती है. इसके अतिरिक्त, वीकेंड पर पर्यटकों की सुविधा के लिए प्रमुख पर्यटन स्थलों की ओर जाने वाले मार्गों पर ई-बसों का संचालन बढ़ाने का प्रयास रहेगा ताकि बाहर से आने वाले लोगों को भी सुगम और किफायती परिवहन मिल सके.

Source link

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Uh oh. Looks like you're using an ad blocker.

We charge advertisers instead of our audience. Please whitelist our site to show your support for Nirala Samaj