आज शाम 4 बजे बजेगा चुनावी बिगुल, ऐलान के साथ ही लग जाएगी आचार संहिता

Last Updated:August 19, 2026, 13:09 IST
Rajasthan Local Body Elections : राजस्थान में आज शाम चार बजे चुनाव आयोग निकाय चुनावों का ऐलान करेगा. निकाय चुनावों के लिए लॉटरी से निकाय प्रमुखों और वार्डों का आरक्षण तय हो चुका है. उसके बाद अब आयोग आज पूरा चुनाव कार्यक्रम घोषित करेगा. इसके लिए आयोग के कार्यालय में शाम को 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई गई है. चुनावी प्रक्रिया आगे बढ़ने के साथ ही बीजेपी और कांग्रेस दोनों पार्टियों ने इसकी तैयारियां तेज कर दी है.बीजेपी और कांग्रेस ने चुनावोें के लिए कमर कस ली है.
जयपुर. राजस्थान में बहुप्रतिक्षित निकाय चुनाव का बिगुल आज शाम को बज जाएगा. निकायों के लिए महापौर, सभापति और अध्यक्षों समेत वार्डों के आरक्षण की प्रकिया पूरी हो चुकी है. आज शाम चार बजे चुनाव आयोग प्रेस कॉन्फ्रेंस करके चुनाव कार्यक्रम घोषित करेगा. चुनाव कार्यक्रम के विधिवत ऐलान के साथ ही शहरी निकायों में आचार संहिता लागू हो जाएगी. लॉटरी से निकाय प्रमुखों और वार्डों का आरक्षण तय होने के बाद सूबे के कई निकायों में सियासी समीकरण बदल गए हैं. बीजेपी और कांग्रेस में ताबड़तोड़ बैठकों का दौर शुरू हो गया. दोनों ही पार्टियां निकाय चुनावों में अपनी-अपनी जीत का दावा कर रही है.
सूत्रों के मुताबिक चुनाव आयोग निकाय चुनाव की घोषणा दो चरणों में कर सकता है. सितंबर के प्रथम सप्ताह से मतदान शुरू होने की संभावना है. निकाय और पंचायत चुनावों के कारण राजस्थान पूरी तरह से चुनावी माहौल में रंगने लगा है. आरक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद दावेदारों ने अपनी दावेदारी जतानी शुरू कर दी है. हालांकि अभी तक पार्टियों ने टिकट वितरण का काम शुरू नहीं किया है. लेकिन दावेदारों ने सोशल मीडिया में अपनी-अपनी दावेदारी जताने के साथ ही प्रचार भी शुरू कर दिया है. दोनों पार्टियों के प्रमुख नेता बैठकें करके स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से फीडबैक ले रहे हैं.
दोनों पार्टियों ने अपनी-अपनी रणनीति में भी बदलाव किया है
NEET पेपर लीक केस को लेकर दिल्ली में जंतर-मंतर पर हुए क्रॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन के बाद दोनों प्रमुख पार्टियां युवाओं की भावानाओं को देखते हुए अलर्ट मोड पर आई हुई है. इन चुनावों में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के दोनों पार्टियों ने अपनी-अपनी रणनीति में भी बदलाव किया है. कांग्रेस दोनों चुनाव के मद्देनजर युवाओं को लेकर बुधवार से बड़ा अभियान शुरू करने जा रही है. कांग्रेस ने एक दिन पहले मंगलवार को हुई बैठक में इस बात के संकेत भी दिए हैं कि वह युवाओं को भरपूर मौका देगी.
सीएम भजनलाल शर्मा युवाओं से संवाद बढ़ा रहे हैंकांग्रेस के आला नेताओं ने सोमवार और मंगलवार को जंबो बैठकें करके फीडबैक लिया है. बीजेपी भी चुनावी तैयारियों को अमली जामा पहनाने में लगी है. उसने भी युवाओं को पहले के मुकाबले ज्यादा तवज्जो देने की रणनीति बनाई है. सीएम भजनलाल शर्मा युवाओं से संवाद बढ़ा रहे हैं. वहीं सीएम की तरफ से युवाओं के 18 साल पूरा करने पर उनको लिखित बधाई संदेश भेजे जाने की कवायद भी शुरू की गई है. जंतर-मंतर पर युवाओं की ओर से दिखाए गए तेवर के बाद पार्टियां अब उनको हलके में नहीं ले रही है.
About the AuthorSandeep Rathore
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…
और पढ़ेंLocation :
Jaipur,Jaipur,Rajasthan
First Published :
August 19, 2026, 13:09 IST



