Donald Trump Lake Ontario Name Change: लेक ओंटारियो को बना देंगे लेक अमेरिका? ट्रेड वॉर के बीच ट्रंप ने फिर कनाडा को चिढ़ाया

Last Updated:August 26, 2026, 07:32 IST
Donald Trump Lake Ontario Name Change: अमेरिका-कनाडा के बीच रिश्तों में बढ़ी हुई तल्खी के बीच एक और खबर इस वक्त सुर्खियों में हैं. डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा है कि वो भविष्य में लेक ओंटारियो का नाम बदलकर लेक अमेरिका रखना चाहते हैं. उनका ये बयान इसलिए विवादास्पद है क्योंकि ये कनाडा से जुड़ी हुई झील है.
ख़बरें फटाफट
डोनाल्ड ट्रंप बदलना चाहते हैं लेक ओंटारियो का नाम.
Donald Trump Lake Ontario Name Change: अमेरिका और कनाडा के बीच रिश्तों में बढ़ती तल्खी के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक नया बयान देकर चर्चा तेज कर दी है. ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका कनाडा से लगी लेक ओंटारियो का नाम बदलकर ‘लेक अमेरिका’ करने के प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार कर रहा है. हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है. ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि अमेरिका लेक ओंटारियो का नाम बदलने पर विचार कर रहा है, क्योंकि उनके अनुसार भविष्य में अमेरिका और ओंटारियो के बीच ज्यादा व्यापार होने की उम्मीद नहीं है.
उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिका और कनाडा के बीच व्यापार और टैरिफ को लेकर तनाव चल रहा है. लेक ओंटारियो खास इसलिए है क्योंकि यह अमेरिका और कनाडा दोनों से जुड़ी हुई है. झील का उत्तरी हिस्सा कनाडा के ओंटारियो प्रांत से और दक्षिणी हिस्सा अमेरिका के न्यूयॉर्क राज्य से लगा है. दोनों देशों के लिए यह झील बेहद महत्वपूर्ण है. इस झील का इस्तेमाल पीने के पानी के लिए किया जाता है. इसके अलावा यहां से सामान की आवाजाही, मछली पालन और पर्यटन जैसी गतिविधियां भी होती हैं. झील सेंट लॉरेंस नदी के जरिए अटलांटिक महासागर से जुड़ती है. इसकी सुरक्षा और देखभाल की जिम्मेदारी भी अमेरिका और कनाडा दोनों की है.
दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ाएगा ये फैसला
अगर ट्रंप नाम बदलने का फैसला करते हैं, तो यह कदम केवल नाम तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि दोनों देशों के बीच पहले से चल रहे तनाव को और राजनीतिक रंग दे सकता है. हालांकि फिलहाल यह सिर्फ ट्रंप का विचार है और इसे लागू करने की कोई औपचारिक प्रक्रिया शुरू होने की पुष्टि नहीं हुई है. यह पहली बार नहीं है जब ट्रंप ने किसी प्रसिद्ध भौगोलिक नाम को बदलने की बात कही हो. जनवरी, 2025 में उन्होंने अमेरिकी सरकारी दस्तावेजों में ‘गल्फ ऑफ मेक्सिको’ को ‘गल्फ ऑफ अमेरिका’ कहने का आदेश दिया था. हालांकि इस बदलाव को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर व्यापक मान्यता नहीं मिली.
17वीं सदी की है लेक ओंटारियो
लेक ओंटारियो का नाम भी कोई नया नाम नहीं है. माना जाता है कि ‘ओंटारियो’ शब्द ह्यूरॉन मूलनिवासी समुदाय की भाषा से आया है और इसका अर्थ खूबसूरत झील माना जाता है. इसी नाम से कनाडा के ओंटारियो प्रांत का नाम भी जुड़ा है. इतिहास की बात करें तो यूरोपीय मानचित्रों पर लेक ओंटारियो का नाम 17वीं सदी से दिखाई देता है यानी यह नाम कई सदियों पुराना है. क्षेत्रफल के लिहाज से लेक ओंटारियो अमेरिका-कनाडा की पांच महान झीलों में सबसे छोटी है. इसका सतही क्षेत्रफल लगभग 7,340 वर्ग मील यानी करीब 19,000 वर्ग किलोमीटर है. इसके बावजूद आर्थिक, पर्यावरणीय और रणनीतिक महत्व के कारण यह झील दोनों देशों के लिए बेहद अहम है.
About the AuthorPrateeti Pandey
में इंटरनेशनल डेस्क पर कार्यरत हैं. टीवी पत्रकारिता का भी अनुभव है और इससे पहले Zee Media Ltd. में कार्य किया. डिजिटल वीडियो प्रोडक्शन की जानकारी है. टीवी पत्रकारिता के दौरान कला-साहित्य के साथ-साथ अंतरर…
और पढ़ेंFirst Published :
August 26, 2026, 07:32 IST



