पुष्कर में निकाय चुनाव से पहले वोटर लिस्ट पर संग्राम, कांग्रेस बोली- जायज नाम काटे, फर्जी नाम जोड़े

अजमेर. पुष्कर में मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों को लेकर कांग्रेस ने प्रशासन और सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया. पीसीसी उपाध्यक्ष एवं पूर्व शिक्षा राज्य मंत्री नसीम अख्तर इंसाफ के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम एवं चुनाव अधिकारी गुरु प्रसाद तंवर को ज्ञापन सौंपकर मतदाता सूचियों में सामने आई कथित अनियमितताओं की जांच कराने और गलत तरीके से जोड़े या हटाए गए नामों को दुरुस्त करने की मांग की. इससे पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना देकर प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.
नसीम अख्तर इंसाफ ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारी भाजपा के एजेंट की तरह काम कर रहे हैं और चुनाव प्रक्रिया में जानबूझकर गड़बड़ी की जा रही है. उन्होंने कहा कि वार्ड 16 में एक ही पते पर अचानक करीब 50 मतदाताओं के नाम जोड़ दिए गए. कांग्रेस ने इन नामों की जांच कर कथित फर्जी नामों को हटाने की मांग की है. नसीम अख्तर ने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर कांग्रेस के जायज मतदाताओं के नाम काटे जा रहे हैं, जबकि भाजपा समर्थित फर्जी नाम मतदाता सूची में शामिल किए जा रहे हैं.
पूर्व पार्षद ने भी दर्ज कराई अपनी आपत्ति
वार्ड 7 को लेकर पूर्व पार्षद सुशीला सेन ने भी अपनी आपत्ति दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि उनका परिवार पीढ़ियों से वार्ड 7 का निवासी है और वह दो बार पार्षद भी रह चुकी हैं. इसके बावजूद उनके पूरे परिवार के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए. सुशीला सेन ने इसे राजनीतिक द्वेषता से की गई कार्रवाई बताते हुए नाम वापस जोड़ने की मांग की. वहीं वार्ड 9 से कांग्रेस की दावेदार श्वेता पाराशर ने बताया कि सोमवार को उन्हें नामांकन दाखिल करना है, लेकिन मतदाता सूची में उनका नाम ही नहीं है. उन्होंने प्रशासन से तत्काल मामले की जांच कर नाम मतदाता सूची में शामिल करने की मांग की.
राज्य निर्वाचन आयोग तक मामला पहुंचाने की दी चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सभी शिकायतों की जांच कर मतदाता सूचियों को जल्द दुरुस्त नहीं किया गया तो जिला कलेक्टर के समक्ष शिकायत दर्ज कराई जाएगी. इसके साथ ही कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व के माध्यम से राज्य निर्वाचन आयोग तक भी मामला पहुंचाने की चेतावनी दी गई. धरने और ज्ञापन के दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता हाजी इंसाफ अली, पूर्व पालिकाध्यक्ष दामोदर शर्मा, नगर कांग्रेस अध्यक्ष प्रमोद पाराशर, बाबूलाल दगदी, बेजनाथ पाराशर, जगदीश कुर्डिया, ओमप्रकाश तिगाया, चांदमल उदय, टीकम शर्मा, शरद वैष्णव, प्रेम प्रकाश बाकोलिया, गोपाल तिलोनिया, मौसम शर्मा, संजय दगदी, भागचंद दगदी, पृथ्वीराज उदय, अमरचंद सेन, महेश नायक, जयकुमार वाल्मीकि, रोहन खान सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे.



