Indian Railway: रामदेवजी बाबा के दरबार की राह में आस्था की रेल, रेलवे ने नियमित के साथ चलाई मेला स्पेशल ट्रेनें

जोधपुर. किसी के हाथ में बाबा की ध्वजा है, किसी के सिर पर चुनरी… आंखों में रामदेवजी के दर्शन की चमक और होठों पर ‘बाबा रामदेवजी महाराज की जय’ के जयकारे. मेले की आस्था जैसे-जैसे परवान चढ़ रही है, वैसे-वैसे रामदेवरा की ओर कदम बढ़ रहे हैं. भोर की पहली किरण के साथ कोई बाबा के दरबार के लिए निकल रहा है तो कोई शाम ढलते ही ट्रेन पकड़कर धोरों की उस धरती की ओर बढ़ रहा है, जहां हर रास्ता आस्था से जुड़ जाता है.
जोधपुर से रामदेवरा के बीच चल रही नियमित ट्रेनों ने श्रद्धालुओं के इस आस्था-सफर को आसान बना दिया है. उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि मेले में बढ़ते यात्री भार को देखते हुए नियमित ट्रेनों के साथ मेला स्पेशल ट्रेन का भी संचालन किया जा रहा है. श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम आवागमन के लिए रेलवे की ओर से आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं.
भोर से शुरू होती है बाबा के दरबार की राह
जोधपुर से रामदेवरा के लिए सुबह से रात तक नियमित ट्रेनों के विकल्प हैं. ट्रेन संख्या-12249 शकूरबस्ती-जैसलमेर स्वर्णनगरी एक्सप्रेस सुबह 4 बजे जोधपुर से रवाना होकर 7.01 बजे रामदेवरा पहुंचती है. वहीं, ट्रेन संख्या-20492 साबरमती-जैसलमेर सुपरफास्ट सुबह 6.10 बजे चलकर 9.07 बजे रामदेवरा पहुंचती है. इसी तरह दोपहर में ट्रेन संख्या-74844 भगत की कोठी-जैसलमेर डेमू दोपहर 2 बजे जोधपुर से रवाना होकर 5.25 बजे रामदेवरा पहुंचती है. दोपहर में ही ट्रेन संख्या- 20486 साबरमती-जैसलमेर सुपरफास्ट जोधपुर से दोपहर 2.50 बजे रवाना होकर शाम 6.25 बजे रामदेवरा पहुंचती है.
शाम को ट्रेन संख्या-15014 काठगोदाम-जैसलमेर रानीखेत एक्सप्रेस और 25014 काठगोदाम-जैसलमेर कॉर्बेट पार्क लिंक एक्सप्रेस शाम 5 बजे रवाना होकर करीब 8 बजे रामदेवरा पहुंचती हैं. ट्रेन संख्या-14087 दिल्ली-जैसलमेर रुणिचा एक्सप्रेस शाम 7.40 बजे जोधपुर से रवाना होती है और रात 11.20 बजे रामदेवरा पहुंचती है. साप्ताहिक ट्रेन के रूप में ट्रेन संख्या-22931 बांद्रा टर्मिनस-जैसलमेर सुपरफास्ट प्रत्येक शनिवार को सुबह 3.50 बजे जोधपुर से रवाना होकर 6.40 बजे रामदेवरा पहुंचती है.
दर्शन के बाद वापसी की भी राह आसान
बाबा के दर्शन, समाधि स्थल पर मत्था टेकने और मेले की रौनक में कुछ पल बिताने के बाद जोधपुर लौटने वालों के लिए भी सुबह से रात तक ट्रेनें उपलब्ध हैं. ट्रेन संख्या-15013 जैसलमेर-काठगोदाम रानीखेत एक्सप्रेस सुबह 4.55 बजे रामदेवरा से रवाना होकर 8.20 बजे जोधपुर पहुंचती है, जबकि ट्रेन संख्या-20485 जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट सुबह 7.53 बजे चलकर 11.30 बजे जोधपुर पहुंचती है.
वहीं, ट्रेन संख्या-74843 जैसलमेर-भगत की कोठी डेमू सुबह 9.10 बजे रामदेवरा से रवाना होकर 1.10 बजे जोधपुर पहुंचती है. ट्रेन संख्या-20491 जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट शाम 5.35 बजे चलकर रात 9 बजे और ट्रेन संख्या-12250 जैसलमेर-शकूरबस्ती स्वर्णनगरी एक्सप्रेस शाम 6.21 बजे चलकर रात 9.50 बजे जोधपुर पहुंचती है. इसी प्रकार रात में ट्रेन संख्या-14088 जैसलमेर-दिल्ली रुणिचा एक्सप्रेस रात 8.24 बजे रामदेवरा से रवाना होकर 11.40 बजे जोधपुर पहुंचती है. वहीं, ट्रेन संख्या-22932 जैसलमेर-बांद्रा टर्मिनस साप्ताहिक सुपरफास्ट प्रत्येक शनिवार रात 8.10 बजे रामदेवरा से चलकर 11.30 बजे जोधपुर पहुंचती है.
मेला स्पेशल ट्रेनों से बढ़े विकल्प
मेले में बढ़ते यात्री भार को देखते हुए रेलवे ने नियमित सेवाओं के अलावा मेला स्पेशल ट्रेन का भी संचालन किया है. इससे श्रद्धालुओं को रामदेवरा पहुंचने और दर्शन के बाद लौटने के लिए अतिरिक्त विकल्प मिल रहे हैं. इनका चरणबद्ध तरीके से संचालन बढ़ाया जाएगा.



