सचिन पायलट के ये फोटो अशोक गहलोत के लिए है साफ संकेत

Last Updated:September 08, 2026, 17:58 IST
Sachin Pilot meet Rahul and Priyanka Gandhi : कांग्रेस के दिग्गज नेता सचिन पायलट पंजाब के प्रभारी बनाए जाने के बाद से लगातार चर्चाओं में बने हुए हैं. आज पायलट को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाएं उस समय और तेज हो गई जब उन्होंने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से दिल्ली में मुलाकात की. पायलट ने इन मुलाकातों के फोटो जब सोशल मीडिया पर शेयर किए राजनीतिक विश्लेषकों की नजरें उन टिक गई. इन फोटोज को पायलट के सियासी प्रतिद्वंदी अशोक गहलोत के लिए राजस्थान को लेकर साफ संकेत बताया जा रहा हैं. सचिन पायलट ने आज दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात की.
जयपुर. राजस्थान की राजनीति में आज दो फोटो काफी चर्चा में हैं. ये फोटो पंजाब के नवनिुयक्त कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट और राहुल गांधी तथा सचिन पायलट और प्रियंका गांधी के हैं. पंजाब के प्रभारी बनाए जाने के बाद पायलट ने मंगलवार को दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात की. पायलट ने कांग्रेस के दोनों आला नेताओं के साथ मुलाकात के ये फोटो अपने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर शेयर किये हैं. पायलट के राहुल और प्रियंका गांधी के साथ वाले इन फोटो में तीनों के चेहरे जोश से दमके हुए नजर आ रहे हैं. राजनीतिक विश्लेषक इन फोटो को सूबे के पूर्व सीएम अशोक गहलोत के लिए राजस्थान में पार्टी के नए भविष्य का साफ संकेत बता रहे हैं.
राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ मुलाकात के फोटो शेयर करते हुए पायलट ने लिखा कि आज सुबह नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी से मुलाकात की और पंजाब का दायित्व सौंपने के लिए उनका आभार व्यक्त किया. पायलट ने आगे लिखा कि मुझे पूरा विश्वास है कि सामूहिक मेहनत, सशक्त संगठन और कार्यकर्ताओं की ऊर्जा के साथ मिलकर कांग्रेस की पंजाब में सत्ता में वापसी होगी. पंजाब के बेहतर भविष्य के लिए किसानों और युवाओं समेत हर वर्ग के अधिकारों की रक्षा एवं सम्मान के लिए हमारे प्रयास पूर्ण समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ होंगे.
आज सुबह नेता प्रतिपक्ष @RahulGandhi जी और महासचिव @priyankagandhi जी से मुलाकात की और पंजाब का दायित्व सौंपने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
मुझे पूरा विश्वास है कि सामूहिक मेहनत, सशक्त संगठन और कार्यकर्ताओं की ऊर्जा के साथ मिलकर कांग्रेस की पंजाब में सत्ता में वापसी होगी।… pic.twitter.com/x7ArvhWBOk



