Sawaimadhopur News: रील के चक्कर में जान जोखिम में, वायरल होने की चाहत में 1000 फीट ऊंचाई पर बना रहे वीडियो

Last Updated:September 05, 2026, 15:11 IST
सवाई माधोपुर के छाण कस्बे की करीब 1000 फीट ऊंची पहाड़ी पर सोशल मीडिया रील बनाने का खतरनाक जुनून देखने को मिल रहा है. हवा में झूलती चट्टान पर युवा जान जोखिम में डालकर स्टंट और वीडियो बना रहे हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा इंतजाम और युवाओं की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की है.वायरल होने की चाहत में 1000 फीट ऊंचाई पर बना रहे रील
सवाई माधोपुर. सोशल मीडिया पर रील बनाकर लोकप्रिय होने का जुनून अब युवाओं के लिए जानलेवा साबित हो सकता है. सवाई माधोपुर जिले के छाण कस्बे की ऊंची पहाड़ी पर इन दिनों युवाओं की भीड़ जुट रही है. यहां पहाड़ी की चोटी पर एक ऐसी चट्टान है, जो देखने में हवा में झूलती हुई नजर आती है. इसी चट्टान पर चढ़कर युवा खतरनाक अंदाज में वीडियो और रील बना रहे हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक यह स्थान पहाड़ी पर स्थित पीर बाबा के स्थान के पास बताया जा रहा है. पहाड़ी से निकली एक बड़ी चट्टान का कुछ हिस्सा पहाड़ में अटका हुआ है, जबकि उसका बाकी हिस्सा हवा में झूलता दिखाई देता है.
धरातल से यह स्थान करीब 1000 फीट की ऊंचाई पर स्थित बताया जा रहा है. ऊंचाई अधिक होने के कारण यहां जरा सी भी लापरवाही गंभीर हादसे का कारण बन सकती है. सोशल मीडिया पर अपनी रील को वायरल करने और ज्यादा लाइक्स हासिल करने की होड़ में युवा इस खतरनाक चट्टान के बेहद करीब पहुंच रहे हैं. कई युवा चट्टान के किनारे खड़े होकर अलग-अलग अंदाज में वीडियो बनाते नजर आते हैं. इस दौरान वे अपनी सुरक्षा की भी परवाह नहीं कर रहे हैं. पहाड़ी की ऊंचाई और चट्टान की स्थिति को देखते हुए यहां पैर फिसलने या संतुलन बिगड़ने पर बचने की संभावना बेहद कम हो सकती है.
हादसे की आशंका, प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था की मांगस्थानीय लोगों ने इस पूरे मामले को लेकर चिंता जताई है, उनका कहना है कि सोशल मीडिया के लिए खतरनाक स्थानों पर स्टंट करने का चलन युवाओं के लिए गंभीर खतरा बनता जा रहा है. यदि समय रहते इस स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पहाड़ी के खतरनाक हिस्से पर चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग या अन्य सुरक्षा इंतजाम किए जाएं. साथ ही युवाओं को इस तरह के जोखिम भरे स्थानों पर जाने से रोकने के लिए निगरानी बढ़ाई जाए. सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करना गलत नहीं है, लेकिन कुछ सेकंड की रील और कुछ लाइक्स के लिए अपनी जिंदगी को खतरे में डालना किसी भी सूरत में समझदारी नहीं है. प्रशासन और स्थानीय लोगों की सतर्कता से ही ऐसे संभावित हादसों को समय रहते टाला जा सकता है.
About the AuthorMonali Paul
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Sawai Madhopur,Rajasthan
First Published :
September 05, 2026, 14:39 IST



