पंजाब में BJP अपने दम पर लड़ेगी चुनाव, कोई गठबंधन नहीं होगा- सतीश पूनिया

Last Updated:September 11, 2026, 12:24 IST
Satish Poonia Big statement : पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में बीजेपी किसी से गठबंधन नहीं करेगी. वह अकेले ही चुनाव लड़ेगी. बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया ने आज जयपुर में न्यूज18 इंडिया से बातचीत करते हुए यह बयान दिया. पूनिया ने पंजाब में कांग्रेस प्रभारी बदलने पर तंज कसते हुए कहा कि इससे वहां लड़ाई कम नहीं होगी. जानें पूनिया ने और क्या कहा?बीजेपी ने सतीश पूनिया ने हाल ही में पंजाब का प्रभारी बनाया है.
जयपुर. पंजाब में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी नेता सतीश पूनिया ने बड़ा ऐलान किया है. बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पंजाब प्रभारी राज्यसभा सांसद सतीश पूनिया ने कहा है कि पंजाब में बीजेपी कोई गठबंधन नहीं करेगी. वह अकेले ही सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी. पूनिया ने कहा पंजाब में कांग्रेस में नेतृत्व को लेकर जंग छिड़ी है. वहां कांग्रेस कलह में उलझी है. ऐसे में प्रभारी बदलने से उसमें लड़ाई कोई कम नहीं होगी. पूनिया ने कहा कि पंजाब में लोग नशे से परेशान हैं. बीजेपी की पंजाब में यात्रा में इसकी पूरी पिक्चर सामने आएगी.
सतीश पूनिया ने आज जयपुर में नगरीय निकाय चुनाव में मतदान करने के बाद न्यूज18 इंडिया से बातचीत करते हुए कहा कि पंजाब में नशा एक बड़ी चुनौती है. नशे ने पंजाब की सुख शांति और भाई चारे की पुरानी पहचान को प्रभावित किया है. हमारी सरकार नशे के खिलाफ ठोस काम करेगी. पंजाब में सीएम फेस के मुद्दे पर पूनिया ने कहा कि हम सामूहिक रूप से चुनाव लड़ेंगे. पूनिया को हाल ही में बीजेपी ने पंजाब प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है. उसके बाद पूनिया वहां अपनी प्लानिंग पर काम शुरू कर दिया है.
पूनिया और पायलट राजस्थान में अपनी-अपनी पार्टी की कमान संभाल चुके हैं
पंजाब में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं. बीजेपी की ओर से वहां पूनिया को प्रभारी की जिम्मेदारी देने के बाद कांग्रेस ने भी पंजाब में अपना प्रभारी बदल दिया है. कांग्रेस ने अब पंजाब की जिम्मेदारी पार्टी के दिग्गज युवा नेता सचिन पायलट को सौंपी है. पंजाब की राजनीति में राजस्थान के नेताओं का सिक्का चल रहा है. पूनिया और पायलट दोनों की राजस्थान में अपनी-अपनी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभा चुके हैं. अब दोनों पंजाब में अपनी-अपनी सरकार लाने के लिए आमने-सामने हैं. सतीश पूनिया के पास हरियाणा राज्य का प्रभार पहले से है.
पूनिया हरियाणा में दिखा चुके हैं अपना जलवा
पूनिया को पूर्व में हरियाणा में विधानसभा चुनाव से पहले वहां की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. उसके बाद पार्टी ने हरियाणा में अपनी सरकार रिपीट की है. पूनिया की हरियाणा में सफलता को देखते हुए अब बीजेपी ने विधानसभा चुनाव से पहले पंजाब भी पूनिया के हवाले कर दिया है. बीजेपी अब उनके संगठन कौशल का पंजाब में इस्तेमाल करेगी. पूनिया जाट समाज से हैं. हरियाणा की राजनीति में तो जाट समुदाय प्रभावी है ही, पंजाब में भी जट सिख बड़ी संख्या में हैं. वहां वे भी सियासी समीकरणों के लिए बेहद अहम हैं. लिहाजा बीजेपी ने पंजाब के कई समीकरणों को साधते हुए पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए वहां पूनिया को आगे किया है.
About the Authorसंदीप राठौड़
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…
और पढ़ेंLocation :
Jaipur,Jaipur,Rajasthan
First Published :
September 11, 2026, 12:24 IST



