Viral Fever Symptoms: सर्दी, बुखार, गले में परेशानी… इन लक्षणों को न करें इग्नोर, डॉक्टर ने किया अलर्ट

Last Updated:September 14, 2026, 14:09 IST
फिरोजाबाद: बदलते मौसम के साथ वायरल फीवर का खतरा बढ़ गया है. इन दिनों लोगों में सर्दी, जुकाम, बुखार और बदन दर्द जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं. डॉक्टर ने ऐसे लक्षण दिखने पर समय रहते चिकित्सकीय सलाह लेने और खुद से दवा न लेने की अपील की है.
फिरोजाबाद: बदलते मौसम के साथ कई तरह की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है. इन दिनों फिरोजाबाद में वायरल फीवर का प्रकोप बताया जा रहा है. लोगों में सर्दी, जुकाम, बुखार और बदन दर्द जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं. शहर के अस्पतालों में भी मरीजों की भीड़ बढ़ रही है. सरकारी अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में लोग वायरल फीवर की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं. चिकित्सक लोगों को बचाव के साथ-साथ लक्षण दिखाई देने पर समय रहते डॉक्टर से सलाह लेने की अपील कर रहे हैं.
फिरोजाबाद राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. मनोज कुमार ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि यह मौसम वायरल फीवर के लिए अनुकूल होता है. इस सीजन में वायरस तेजी से फैल सकता है और एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक पहुंच सकता है. इसके शुरुआती लक्षण सर्दी और बुखार हो सकते हैं. अगर घर में किसी व्यक्ति को जुकाम या सर्दी है तो उससे दूरी बनाए रखने की कोशिश करें. किसी भी चीज को छूने के बाद हाथों को अच्छी तरह साफ करें. शरीर में दर्द या अन्य परेशानी महसूस होने पर डॉक्टर से सलाह लें.
डॉ. मनोज कुमार के अनुसार, यह संक्रमण एक-दूसरे के गले मिलने, हाथ मिलाने या संक्रमित व्यक्ति के आसपास रहने से भी फैल सकता है. इसलिए किसी तरह की समस्या होने पर लापरवाही नहीं करनी चाहिए. उन्होंने बताया कि कुछ लोगों में तेज बुखार भी हो सकता है और यह कई दिनों तक बना रह सकता है. ऐसे में संक्रमित व्यक्ति को दूसरों के संपर्क में आने से बचना चाहिए.
Add as Preferred Source on Google
वरिष्ठ फिजीशियन ने बताया कि इस समय वायरल फीवर के मरीज सामने आ रहे हैं. लगातार कई दिनों तक बुखार रहने पर कुछ मरीजों में प्लेटलेट्स कम होने की समस्या भी देखी जा रही है. वहीं कुछ लोग बुखार होने पर बिना जांच के प्लेटलेट्स बढ़ाने की दवा लेने लगते हैं. डॉक्टर के अनुसार, बिना जांच के किसी तरह की दवा लेना नुकसानदायक हो सकता है. वायरल फीवर के दौरान शरीर में कमजोरी भी महसूस हो सकती है.
सरकारी अस्पताल में रोजाना करीब 400 मरीजों की ओपीडी हो रही है. दूर-दूर से मरीज वायरल फीवर की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं. ऐसे में घर या ऑफिस में साफ-सफाई का ध्यान रखना जरूरी है. किसी तरह की परेशानी या बुखार होने पर खुद से इलाज करने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
September 14, 2026, 14:09 IST



