पहले इरफान, अब फैज हसन… 21 साल छोरा राजस्थान निकाय चुनाव जीतकर बन गया हीरो, राहुल गांधी देंगे शाबाशी?

Last Updated:September 15, 2026, 20:01 IST
दिल्ली के जंतर मंतर पर हुए जेन-जी और कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन के दौरान अपने बेबाक और संजीदा बयानों से वायरल होने वाले मोहम्मद इरफान के बाद एक और युवा मुस्लिम चर्चा में है. राजस्थान निकाय चुनाव जीतने वाला 21 साल का फैज हसन ने ऐसी बात बोल दी है, जिससे राहुल गांधी भी शाबाशी देंगे. जानें कौन है फैज हसन, जिसने चुनाव जीतने के बाद युवाओं में ड्रग्स के खिलाफ मुहिम छेड़ने का ऐलान किया है. क्या राजस्थान कांग्रेस को मिल गया Gen-Z का नया चेहरा?कौन है 21 साल फैज हसन, जो राजस्थान निकाय चुनाव में परचम लहराया?
जयपुर. राजस्थान नगर निकाय चुनाव 2026 में जयपुर नगर निगम के वार्ड नंबर 71 से महज 21 साल की उम्र में कांग्रेस उम्मीदवार फैज हसन ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है. इस युवा Gen-Z नेता ने अपनी जीत का श्रेय समाज और कांग्रेस पार्टी को देते हुए कहा कि वह अपने वार्ड को नशा मुक्त बनाने के लिए काम करेंगे. राजस्थान के 309 नगरीय निकायों के नतीजों के बाद 21 साल का यह नौजवान अपनी शानदार जीत से पूरे प्रदेश का ध्यान खींच लिया है. महज 21 साल की उम्र में पार्षद का चुनाव जीतकर नगर निगम के सबसे युवा जन प्रतिनिधियों में अपनी जगह पक्की कर ली है. बीजेपी की मजबूत लहर और निर्दलीय उम्मीदवारों की कड़ी टक्कर के बीच फैज हसन ने 5,426 वोट हासिल कर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को पटकनी दी है. ऐसे में सवाल उठता है कि दिल्ली में जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के आंदोलन से वायरल इरफान की तरह फैज हसन से भी राहुल गांधी मिलेंगे?
चुनाव जीतने के बाद अपनी प्राथमिकताओं पर बेबाकी से बात करते हुए फैज हसन ने अपनी जीत का श्रेय अपने वार्ड के लोगों और कांग्रेस आलाकमान को दिया है. फैज ने कहा, ‘मेरे मन में बस अपने समाज और अपने वार्ड के लिए कुछ बेहतर करने की चाहत थी. मेरे समाज और वार्ड की जनता ने मुझे यह अवसर दिया और कांग्रेस पार्टी ने मुझ पर अपना भरोसा जताते हुए टिकट थमाया. इसके लिए मैं अपने वार्ड के हर एक वोटर और कांग्रेस नेतृत्व का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं.’
राहुल गांधी इरफान के घर मिलने पहुंचे थे, अब मिलेंगे फैज से!
जीत के बाद क्या बोले 21 साल के Gen-Z पार्षद फैज हसन?
फैज हसन ने अपने वार्ड के ज्वलंत मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाने की बात की है. फैज ने मीडिाय से बात करते हुए कहा, ‘आज हमारे कई युवा साथी नशे की लत में बहुत गहराई तक फंस चुके हैं. मेरी सबसे पहली और बड़ी प्राथमिकता इस नशे के कारोबार और लत को रोकना होगा. मैं अपने वार्ड के युवाओं को इस सामाजिक बुराई से बाहर निकालने के लिए दिन-रात काम करूंगा.’
राहुल गांधी से मिलेगी शाबाशी?
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लंबे समय से देश की राजनीति में युवाओं और Gen-Z को आगे लाने की पैरवी करते आ रहे हैं. राजस्थान निकाय चुनावों में 21 साल के फैज हसन और 22 साल की सुमन भाटी वार्ड-72 जैसी युवा तिकड़ी की जीत यह साबित करती है कि अगर युवाओं को मौका मिले, तो वे स्थानीय स्तर पर बड़ा बदलाव ला सकते हैं.
VIDEO | Rajasthan: 21-year-old Congress candidate Faiz Hasan, after winning ward 71 of the Jaipur Municipal Corporation, says, “I just have the desire to do something for society, to do something for my ward. So society gave me the opportunity, the Congress party gave me the… pic.twitter.com/RZBaSuK2Pj



