सभापति-महापौर की कुर्सी पर सियासी खींचतान, राजसमंद से जयपुर तक बढ़ी हलचल

Last Updated:September 20, 2026, 08:15 IST
Rajasthan Nikay Chunav 2026 Live: राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के बाद बोर्ड गठन को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं. हनुमानगढ़ में जिला कलेक्टर कार्यालय के घेराव के दौरान सड़क जाम करने के मामले में पुलिस ने…और पढ़ें
राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के बाद बोर्ड गठन को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं
Rajasthan Nikay Chunav Live: राजस्थान में नगर निकाय चुनाव के नतीजों के बाद सभापति और महापौर पद को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है. हनुमानगढ़ और राजसमंद में पार्षदों से जुड़े विवाद ने नया मोड़ ले लिया है, वहीं जयपुर में कांग्रेस ने महापौर पद के लिए सुनीता महावर के नाम की आधिकारिक घोषणा की है. हनुमानगढ़ में विधायक समर्थकों के प्रदर्शन और सड़क जाम के मामले में जंक्शन थाना पुलिस ने करीब दो दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है. जिला कलेक्ट्रेट के घेराव के दौरान सड़क जाम किया गया था. प्रदर्शनकारियों ने पार्षदों को कथित तौर पर प्रताड़ित करने और दबाव की राजनीति के आरोप लगाते हुए सरकार की कार्रवाई का विरोध किया था. सभापति पद को लेकर यहां सियासत गरमा रही है.
September 20, 202608:15 IST
हनुमानगढ़ में प्रदर्शन के बाद 2 दर्जन पर केस, हिरासत में लिए गए लोग
हनुमानगढ़ में विधायक समर्थकों के प्रदर्शन और सड़क जाम के मामले में जंक्शन थाना पुलिस ने करीब दो दर्जन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने मामले में कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है. प्रदर्शनकारियों ने सरकार की कार्रवाई के विरोध में जिला कलेक्ट्रेट का घेराव करते हुए सड़क जाम किया था. इस दौरान पार्षदों को कथित तौर पर प्रताड़ित करने और दबाव की राजनीति के आरोप लगाए गए थे. प्रदर्शन के बाद पुलिस ने सड़क जाम करने वालों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की. बताया जा रहा है कि नगर निकाय में सभापति पद को लेकर सियासी खींचतान के बीच यह मामला सामने आया है. पुलिस अब मुकदमे में नामजद और हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर रही है.
September 20, 202608:14 IST
राजसमंद में पार्षदों की बाड़ेबंदी पर बवाल, कुमावत समाज का प्रदर्शन
राजसमंद नगर परिषद में कथित बाड़ेबंदी को लेकर कुमावत समाज ने विरोध जताया. जीते हुए पार्षदों के परिजनों और समाज के लोगों ने एसपी कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर लिखित रिपोर्ट दी. समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि उनके समाज से जुड़े कुछ पार्षद पिछले दो दिनों से लापता हैं और उनसे मुलाकात नहीं हो पा रही है. उनकी मांग है कि पार्षदों से परिजनों की मुलाकात कराई जाए. प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी के खिलाफ नारेबाजी भी की. एएसपी महेंद्र पारीक ने समाज के लोगों से बातचीत कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसी बीच भाजपा पार्षदों का गीत गाते हुए वीडियो भी सामने आया है.
September 20, 202608:14 IST
राजसमंद में सभापति की कुर्सी पर घमासान, भाजपा के 27 पार्षद
राजसमंद नगर परिषद में सभापति पद को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं. नगर परिषद के 45 वार्डों में भाजपा के 27, कांग्रेस के 14 और निर्दलीय 4 पार्षद चुनाव जीतकर आए हैं. भाजपा के 27 विजयी पार्षदों में 9 कुमावत समाज से हैं. इसी को लेकर कुमावत समाज की ओर से समाज से ही सभापति बनाने की मांग उठाई जा रही है. भाजपा ने सभापति पद के लिए अनीता पालीवाल का नाम आगे किया है. दूसरी ओर कथित बाड़ेबंदी को लेकर समाज के लोगों ने विरोध जताया. बैठक में अंतिम निर्णय के बाद शहर में पैदल मार्च भी निकाला गया. इस पूरे घटनाक्रम के बीच पार्षदों की कथित बाड़ेबंदी का वीडियो सामने आया है.
September 20, 202608:14 IST
जयपुर में कांग्रेस ने सुनीता महावर को महापौर उम्मीदवार बनाया
जयपुर में नगर निकाय चुनाव के बाद महापौर पद को लेकर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है. कांग्रेस की ओर से सुनीता महावर ने सिंबल फॉर्म भरकर महापौर पद के लिए अपनी दावेदारी पेश की. उनके साथ पहुंचे अन्य पार्षदों ने मौके पर ही सुनीता महावर को समर्थन दिया. इसके बाद जयपुर जिला कांग्रेस की टीम ने आधिकारिक घोषणा करते हुए उन्हें महापौर पद का उम्मीदवार बताया. अब नगर निगम में महापौर पद को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं. चुनाव के बाद बोर्ड गठन की कवायद के बीच कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी के नाम पर स्थिति साफ कर दी है. सुनीता महावर के समर्थन में पार्षदों की मौजूदगी को भी अहम माना जा रहा है.
Location :
Jaipur,Rajasthan
First Published :
September 20, 2026, 08:12 IST



