ब्यूरोक्रेसी पर भड़के डॉ. जितेन्द्र सिंह बोले- ‘डेढ़ साल बाद अपना राज आ रहा है, इन अफसरों का इलाज करेंगे’

Last Updated:September 24, 2026, 11:30 IST
Khairthal Alwar News : राजस्थान में निकाय चुनावों में हुई उठापटक को लेकर चल रही बयानबाजी अभी थमने का नाम नहीं ले रही है. बढ़त के बाजवूद खैरथल नगरपरिषद में बोर्ड बनाने से चूकी कांग्रेस के दिग्गज नेता पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए ब्यूरोक्रेसी को निशाने पर लिया है. सिंह ने खैरथल में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि घबराइए मत डेढ़ साल बचा है. अपना राज आ रहा है. राज आने के बाद अधिकारियों का इलाज करेंगे. सिंह का यह बयान सोशल मीडिया में काफी वायरल हो रहा है.पूर्व केन्द्रीय मंत्री जितेन्द्र सिंह ने कहा ट्रांसफर कोई सजा नहीं होती है. कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
अलवर. निकाय चुनावों में पक्षपात के आरोपों से घिरे अधिकारियों पर अलवर के पूर्व सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह बुरी तरह से भड़क गए हैं. उन्होंने बुधवार को खैरथल में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों और प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया. सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा चुनाव में जिन अधिकारियों ने नियम-विरुद्ध काम किया या मनमानी की उनके नाम लिखकर उन्हें दिए जाएं. ऐसे सभी अधिकारियों के नाम ‘लाल डायरी’ में दर्ज किए जाएंगे. सिंह ने कहा कि डेढ़ साल बचा है अपना राज आ रहा है.
ब्यूरोक्रेसी पर भड़के सिंह यहीं नहीं रुके और कहा कांग्रेस का राज आ रहा है. राज आने के बाद इनका इलाज करेंगे. उन्होंने कहा कि ट्रांसफर अधिकारियों का इलाज नहीं होता है. इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ अधिकारियों ने अपनी पद की शपथ का पालन नहीं करते हुए राजनीतिक पक्षपात किया. वे शपथ तोड़कर पार्टी बन गए. उन्होंने कार्यकर्ताओं से ऐसे अधिकारियों की जानकारी जुटाने और नाम उपलब्ध कराने को कहा.
सिंह का बयान सोशल मीडिया में जमकर वायरल रहा है
जितेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर नियम-विरुद्ध काम करने वाले अधिकारियों के खिलाफ केवल तबादले तक सीमित कार्रवाई बल्कि सख्त प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी. अलवर के पूर्व राजधराने से ताल्लुक रखने वाले जितेन्द्र सिंह राहुल गांधी के करीबी नेताओं में शुमार हैं. पूर्व केन्द्रीय मंत्री का अधिकारियों को सबक सिखाने की धमकी वाला यह बयान अब सोशल मीडिया में जमकर वायरल रहा है.
बहुमत के करीब होते हुए भी कांग्रेस अपना बोर्ड नहीं बना पाईदरअसल कांग्रेस का आरोप है कि निकाय चुनाव में सत्तारुढ़ बीजेपी ने जमकर धांधली की है और पुलिस तथा प्रशासन ने उसका पूरा साथ दिया है. खैरथल नगरपरिषद में इस बार कांग्रेस बहुमत में थी. लेकिन खैरथल नगरपरिषद में पूर्व में नेता प्रतिपक्ष रहे कांग्रेस के पार्षद विक्रम उर्फ विक्की चौधरी ने नतीजे आने के बाद बीजेपी का दामन थाम लिया. विक्की अपने साथ कांग्रेस के 11 और पार्षदों को भी साथ ले गए. बाद में बीजेपी ने विक्की को सभापति के लिए अपना उम्मीदवार बना दिया. इसके कारण खैरथल में कांग्रेस बढ़त में होते हुए भी अपना सभापति नहीं बना पाई और वहां बीजेपी काबिज हो गई.
खैरथल में बीजेपी महज 8 वार्डों में सिमटकर रह गई थी
45 वार्डों वाली खैरथल नगरपरिषद में कांग्रेस के 20 पार्षद जीते थे और 17 वार्डों में निर्दलीयों ने जीत दर्ज कराई थी. वहां बीजेपी महज आठ वार्डों में सिमटकर रह गई थी. बावजूद इसके बीजेपी कांग्रेस के पार्षद तोड़कर वहां अपना बोर्ड बना गई. वहीं कांग्रेस का आरोप है कि तिजारा नगरपालिका के पार्षदों को भी हरियाणा पुलिस के सहयोग से पंचकूला में रोक लिया गया. बाद में उनको वोटिंग के लिए नहीं आने दिया गया. इस मामले ने भी काफी तूल पकड़ा था.About the Authorसंदीप राठौड़
संदीप राठौड़ वर्तमान में न्यूज18 इंडिया में क्लस्टर हेड राजस्थान (डिजिटल) पद पर कार्यरत हैं। राजनीति, क्राइम और सामाजिक मुद्दों पर रिपोर्टिंग में रूचि रखने वाले संदीप को पत्रकारिता का ढाई दशक से ज्यादा का अनुभव…
और पढ़ेंLocation :
Alwar,Alwar,Rajasthan
First Published :
September 24, 2026, 11:29 IST



