Onion Cultivation: खैरथल में प्याज की खेती का रकबा बढ़ा तो महंगा हुआ बीज, 5,500 रुपये प्रति क्विंटल पहुंचा भाव

होमताजा खबरकृषि
खैरथल में प्याज के बीज की बढ़ी मांग, 5,500 रुपये प्रति क्विंटल पहुंचा भाव
Last Updated:September 24, 2026, 11:56 IST
Khairthal Tijara Onion Cultivation: खैरथल-तिजारा में प्याज की बुवाई का निर्धारित समय लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन किसानों का रुझान लगातार बढ़ने से रकबा लक्ष्य से आगे निकल गया है. जिले में अब तक करीब 12,200 हेक्टेयर क्षेत्र में प्याज बोया जा चुका है. इस बार किसानों ने पिछले साल की तुलना में कम कंद यानी बीज तैयार किया, जिससे गुजरात और दूसरे राज्यों से आने वाले बीज की मांग बढ़ गई है. किशनगढ़ बास में गुजरात से आने वाला तलेजा बीज 5,000 से 5,500 रुपये क्विंटल तक बिक रहा है. व्यापारियों के अनुसार बीज की कई गाड़ियां यहां पहुंच रही हैं. वहीं अलवर क्षेत्र का तैयार बीज मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और हरियाणा तक भेजा जा रहा है.
अलवर. खैरथल-तिजारा जिले में प्याज की बुवाई का निर्धारित समय लगभग पूरा हो चुका है, लेकिन बाजार में प्याज के बढ़ते भाव के चलते किसानों का प्याज की खेती के प्रति रुझान लगातार बढ़ रहा है. कृषि विभाग की ओर से तय किए गए लक्ष्य को किसान पार कर चुके हैं. अब तक जिले में करीब 12,200 हेक्टेयर क्षेत्र में प्याज की बुवाई हो चुकी है. किसानों के बीच प्याज के बीज की मांग को देखते हुए माना जा रहा है कि अंतिम चरण में प्याज का रकबा और बढ़ सकता है. प्याज की खेती के प्रति बढ़ते रुझान का असर अब बीज की कीमतों पर भी दिखाई दे रहा है. किसानों में अगले सीजन में अच्छे भाव मिलने की उम्मीद है.
किसानों का कहना है कि बाजार में प्याज के भाव करीब 60 से 70 रुपये प्रति किलो तक पहुंचने से उन्हें आने वाले समय में फसल के अच्छे दाम मिलने की उम्मीद है. यही वजह है कि किसान महंगे दामों पर भी प्याज का बीज खरीदने में रुचि दिखा रहे हैं. इस बार जिले में पिछले साल की तुलना में किसानों ने प्याज का कंद यानी बीज कम तैयार किया था. ऐसे में स्थानीय स्तर पर बीज की उपलब्धता कम होने के कारण किसान गुजरात सहित अन्य राज्यों से आने वाले बीज पर निर्भर हैं. किशनगढ़ बास में लगी अस्थायी मंडी में गुजरात से आने वाला ‘तलेजा’ नाम से पहचाना जाने वाला प्याज का बीज करीब 5,000 से 5,500 रुपये प्रति क्विंटल तक बिक रहा है.
10 से15 गाडियां बीज रोजाना हो रही सेल
बीज व्यापारी इदरीश खान ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से प्याज के बीज की मांग लगातार बढ़ रही है. मांग बढ़ने के कारण बीज के दामों में भी तेजी आई है. उन्होंने बताया कि स्थानीय किसानों द्वारा तैयार किया गया अधिकांश बीज खेतों में लगाया जा चुका है. ऐसे में जिन किसानों को अभी बीज की जरूरत है, उन्हें बाहर से आने वाले बीज पर निर्भर रहना पड़ रहा है. व्यापारी के अनुसार गुजरात से प्याज का बीज भरकर एक वाहन करीब 10 से 12 लाख रुपये में यहां पहुंच रहा है. किशनगढ़ बास क्षेत्र में अलग-अलग व्यापारियों के माध्यम से करीब 10 से 15 गाड़ियां बीज की बिक्री कर रही हैं. उनका कहना है कि पिछले साल की तुलना में इस बार बाहर से आने वाले प्याज के बीज की बिक्री अधिक हो रही है. उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों से गुजरात से आने वाले बीज की मांग कम थी, क्योंकि जिले के किसान बड़ी मात्रा में खुद ही प्याज का बीज तैयार कर लेते थे. इस बार किसानों द्वारा कम बीज तैयार किए जाने के कारण गुजरात सहित अन्य राज्यों से आने वाले बीज की मांग बढ़ गई है.
अलवर से एमपी, यूपी और हरियाणा भेजा जा रहा है बीज
अलवर क्षेत्र से तैयार होने वाला प्याज का बीज मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और हरियाणा तक भी भेजा जा रहा है. हरियाणा के मेवात से बीज खरीदने पहुंचे किसान जैकम खान ने बताया कि इस बार वह करीब तीन से चार बीघा खेत में प्याज की फसल लगाएंगे. उन्होंने बताया कि बाजार में प्याज का बीज करीब 4,000 से 5,000 रुपये प्रति क्विंटल तक मिल रहा है. वह करीब 40 क्विंटल बीज खरीदने के लिए पहुंचे हैं. किसान ने बताया कि पिछले वर्षों में वह खुद प्याज का बीज तैयार करते थे, लेकिन इस बार बीज तैयार नहीं करने के कारण बाहर से खरीदना पड़ रहा है. प्याज के बढ़ते भाव और किसानों के बढ़ते रुझान के बीच इस बार जिले में प्याज का रकबा निर्धारित लक्ष्य से आगे निकल चुका है. अब अंतिम समय में होने वाली अतिरिक्त बुवाई और बीज की मांग पर किसानों और व्यापारियों की नजर बनी हुई है.
About the Authorदीप रंजन सिंह Content Producer
दीपरंजन सिंह लगभग एक दशक से पत्रकारिता के फिल्ड से जुड़े हुए हैं. वह अभी न्यूज18 हिंदी के राजस्थान डिजिटल डेस्क से जुड़े हैं, जहां वे बतौर कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. पिछले लगभग एक दशक से सक्रिय पत…
और पढ़ेंLocation :
Alwar,Rajasthan
First Published :
September 24, 2026, 11:56 IST



