‘वो कभी हार नहीं मानते’, अमिताभ बच्चन ने शाहरुख खान संग काम करने का बताया अनुभव, तारीफ में पढ़े कसीदे

Last Updated:September 25, 2026, 17:58 IST
महानायक अमिताभ बच्चन ने ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के मंच पर सुपरस्टार शाहरुख खान की जमकर तारीफ की. उन्होंने किंग खान के साथ ‘कभी खुशी कभी गम’ और ‘मोहब्बतें’ जैसी फिल्मों में काम किया है. बिग बी ने उनके काम करने के अंदाज पर दिल खोलकर बात की. उन्होंने बताया कि शाहरुख एक ऐसे इंसान हैं, जो किसी भी मुश्किल परिस्थिति में कभी हार नहीं मानते हैं. उनकी सबसे बड़ी खासियत यह है कि वह सामने वाले का हौसला और आत्मविश्वास दोगुना कर देते हैं.
ख़बरें फटाफट
अमिताभ बच्चन ने की शाहरुख खान की तारीफ. (फोटो साभार: Instagram@iamsrk)
नई दिल्ली. बॉलीवुड एक्टर राजकुमार राव हाल ही में ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के मंच पर पहुंचे. अमिताभ बच्चन के शो में उन्होंने सुपरस्टार शाहरुख खान के प्रति अपनी दीवानगी और सम्मान को लेकर दिल की बात रखी. बिग बी ने उनसे शाहरुख और दिल्ली से उनके जुड़ाव को लेकर सवाल पूछा, तो राजकुमार ने बताया कि उन्होंने किंग खान के सफर को कितना गहराई से देखा और महसूस किया है. एक्टर ने बताया वह मुंबई में मन्नत के बाहर घंटों खड़े रहते थे. वहीं, बिग बी ने भी शाहरुख खान की तारीफ में जमकर कसीदे पढ़े.
राजकुमार राव ने कहा, ‘सर, मैंने बहुत छोटी उम्र में ही तय कर लिया था कि मुझे एक्टिंग की दुनिया में ही नाम कमाना है. मेरी मां के कमरे में आपका एक पोस्टर लगा रहता था, क्योंकि आप हमेशा से नंबर वन रहे हैं और हम सबने आपसे ही प्रेरणा ली है. लेकिन जैसा कि मैं कह रहा था, शाहरुख सर के सफर ने मुझे अंदर तक प्रभावित किया. दिल्ली के एक मिडिल क्लास परिवार का लड़का पहले थिएटर करता है, फिर टीवी शोज में काम करता है और आगे चलकर दुनिया का सबसे बड़ा सुपरस्टार बन जाता है, यह अपने आप में कमाल है. जब मैं एक शो के सिलसिले में पहली बार मुंबई आया था, हालांकि मेरा सिलेक्शन नहीं हुआ था, तब मैं उनके बंगले ‘मन्नत’ के बाहर घंटों खड़ा रहता था.’
अमिताभ बच्चन ने शाहरुख खान संग काम करने का बताया अनुभव
राजकुमार राव की बातें सुनकर अमिताभ बच्चन भी खुद को शाहरुख खान की तारीफ रोक नहीं पाए. दोनों सितारों ने ‘कभी खुशी कभी गम’ और ‘मोहब्बतें’ जैसी कई ब्लॉकबस्टर फिल्मों में काम किया है. अमिताभ बच्चन ने शाहरुख के साथ काम करने के अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा, ‘मैं बताता हूं, मैंने उनके साथ काम किया है और वह एक ऐसे इंसान हैं, जो किसी भी परिस्थिति में कभी हार नहीं मानते. कोई भी बड़ी से बड़ी समस्या आ जाए, वह बस बातचीत करके ही सामने वाले शख्स का हौसला और कॉन्फिडेंस इतना बढ़ा देते हैं कि आधी परेशानी वहीं खत्म हो जाती है.’
‘प्रहार’ का प्रमोशन करने केबीसी पहुंचे राजकुमार राव
राजकुमार राव ‘केबीसी 18 के मंच पर अपनी आने वाली फिल्म ‘प्रहार’ का प्रमोशन करने पहुंचे थे. यह फिल्म देश के मशहूर वकील उज्ज्वल निकम की जिंदगी पर आधारित है, जिसमें राजकुमार के साथ वामिका गब्बी, जयदीप अहलावत और सिकंदर खेर अहम किरदारों में नजर आएंगे. इस फिल्म को लेकर सबसे ज्यादा चर्चा राजकुमार राव के जबरदस्त फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन की हो रही है.
चर्चा में राजकुमार राव का ट्रांसफॉर्मेशन
उज्ज्वल निकम के किरदार में ढलने के लिए उन्होंने करीब 9 से 10 किलो वजन बढ़ाया है. इतना ही नहीं, अपने लुक में नयापन लाने के लिए उन्होंने हल्की दाढ़ी, चश्मा और मराठी भाषा पर अपनी पकड़ को लेकर बहुत काम किया है. इसके अलावा राजकुमार राव जल्द ही पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान सौरव गांगुली की बायोपिक में भी नजर आने वाले हैं, जिसका नाम ‘दादा- द सौरव गांगुली स्टोरी’ रखा गया है. यह फिल्म 14 मई 2027 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी.
About the AuthorKamta PrasadSenior Sub Editor
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
September 25, 2026, 17:58 IST



