कर्जमुक्त हुई PC Jeweller, एक हफ्ते में 12% चढ़ा शेयर, अभी कितनी चाल बाकी?

ज्वैलरी कंपनी पीसी ज्वैलर्स (PC Jeweller) अब पूरी तरह कर्जमुक्त हो गई है. कंपनी ने 25 सितंबर को बताया कि उसने कंसोर्टियम के सभी 14 बैंकों का बकाया चुका दिया है. कंपनी के मुताबिक, यह भुगतान तय समय से पहले पूरा किया गया है. करीब 3,000 करोड़ के कर्ज से जूझ चुकी कंपनी के लिए यह बड़ा बदलाव है. इस खबर का असर शेयर पर भी दिखा है. 25 सितंबर को पीसी ज्वैलर्स का शेयर ₹14.25 पर बंद हुआ. एक हफ्ते पहले यानी 18 सितंबर को यह ₹12.73 पर था. इस तरह एक हफ्ते में शेयर करीब 12% चढ़ चुका है.
पीसी ज्वैलर्स के शेयर में सितंबर में अच्छी तेजी देखने को मिली है. 23 सितंबर को शेयर ₹14.87 तक पहुंच गया था, जो उसका 52-वीक हाई है. हालांकि, इसके बाद शेयर में थोड़ी मुनाफावसूली दिखी और 25 सितंबर को यह ₹14.25 पर बंद हुआ. 18 सितंबर के ₹12.73 के मुकाबले यह करीब 12% ऊपर है. यानी कर्जमुक्त होने की खबर आने से पहले ही शेयर में तेजी का ट्रेंड बना हुआ था और अब कंपनी की बैलेंस शीट से कर्ज हटने के बाद निवेशकों की नजर आगे की चाल पर है.
14 बैंकों का पूरा बकाया चुका दिया
कंपनी ने रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि उसने 30 सितंबर 2024 को हुए सेटलमेंट एग्रीमेंट की शर्तों के तहत सभी 14 कंसोर्टियम बैंकों का बचा हुआ बकाया चुका दिया है. इसके साथ कंपनी ने अपना Debt Free Status हासिल कर लिया है. पीसी ज्वैलर्स ने सितंबर 2024 में बैंकों के साथ बकाये के निपटारे के लिए वन टाइम सैटलमेंट यानी OTS का रास्ता चुना था. इस समझौते में कैश और इक्विटी के जरिए भुगतान समेत कई शर्तें शामिल थीं.
करीब 3,000 करोड़ का था कर्ज
पीसी ज्वलैर्स पर सेटलमेंट से पहले करीब ₹3,000 करोड़ का कर्ज था. कंपनी ने पिछले कुछ समय में धीरे-धीरे बैंकों का बकाया चुकाया. सितंबर की शुरुआत तक कंपनी 14 में से 9 बैंकों का पूरा बकाया चुका चुकी थी. अब 25 सितंबर को बाकी बकाया भी चुका दिया गया है. कंपनी का कहना है कि कर्जमुक्त होने से उसकी बैलेंस शीट और वित्तीय स्थिति मजबूत होगी.
मुनाफा भी बढ़ा, पहली तिमाही में ₹221.88 करोड़ का प्रॉफिट
कंपनी के कारोबार की बात करें तो जून तिमाही में भी मुनाफे में अच्छी बढ़ोतरी दर्ज हुई थी. PC ज्वैलर्स का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 37% बढ़कर ₹221.88 करोड़ हो गया था. पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी का मुनाफा ₹161.93 करोड़ था. कंपनी की कुल आय भी बढ़कर ₹879.27 करोड़ हो गई, जो पिछले साल की समान अवधि में ₹807.88 करोड़ थी.
14.25 के बाद शेयर की अगली चाल क्या?
यहां सबसे पहले ₹14.87 का स्तर नजर में रहेगा, क्योंकि यही 23 सितंबर का 52-वीक हाई है. अगर शेयर इस स्तर के ऊपर टिकता है तो बाजार में आगे के नए स्तरों पर चर्चा बढ़ सकती है. दूसरी तरफ, ₹14 के आसपास का स्तर भी नजदीकी सपोर्ट जोन की तरह देखा जा सकता है.
लेकिन सिर्फ कर्जमुक्त होने की खबर के आधार पर यह कहना ठीक नहीं होगा कि शेयर निश्चित रूप से आगे इतना ही बढ़ेगा. शेयर पहले ही सितंबर में तेज चढ़ चुका है और अब बाजार कंपनी के मुनाफे, बिक्री, स्टोर विस्तार और कर्जमुक्त होने के बाद कम होने वाले वित्तीय दबाव को देखेगा.
यानी PC Jeweller की कहानी में अब बड़ा बदलाव यह है कि कंपनी को कर्ज चुकाने की चिंता से आगे बढ़कर अपने कारोबार की ग्रोथ दिखानी होगी. ₹14.87 का 52-वीक हाई टूटता है या नहीं और उसके ऊपर शेयर टिकता है या नहीं, यह आगे की चाल के लिए अहम रहेगा.
करीब 50 स्टोर, 12 राज्यों में कारोबार
PC Jeweller देश की प्रमुख ज्वैलरी कंपनियों में शामिल है. कंपनी के करीब 50 फिजिकल स्टोर 12 राज्यों में हैं. कर्जमुक्त होने के बाद कंपनी के लिए आगे कारोबार बढ़ाने और अपनी बैलेंस शीट को मजबूत रखने की गुंजाइश बढ़ती है. हालांकि, शेयर में तेजी का अगला चरण सिर्फ Debt Free होने से तय नहीं होगा. निवेशकों को आने वाली तिमाहियों में कंपनी की बिक्री, मुनाफा, कैश फ्लो और कारोबार के विस्तार पर भी नजर रखनी होगी.
(Disclaimer: यह खबर केवल जानकारी के उद्देश्य से प्रकाशिक की गई है. यदि आप इनमें से किसी भी शेयर में पैसा लगाना चाहते हैं तो पहले सर्टिफाइड इनवेस्टमेंट एडवायजर से परामर्श कर लें. आपके किसी भी तरह के लाभ या हानि के लिए जिम्मेदार नहीं होगा.)



