‘कांग्रेस न अपनी हार पचा पाती है, न दूसरे की जीत’, SIR के मुद्दे पर CM भजनलाल का बड़ा हमला

Last Updated:September 27, 2026, 13:52 IST
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संवैधानिक और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने के आरोपों पर विपक्ष को आड़े हाथों लिया है. मुख्यमंत्री ने कहा कि एसआईआर और फॉर्म संख्या 6 को लेकर लगाए गए आरोपों का कोई तथ्यात्मक और आधिकारिक आधार नहीं है.चुनाव आयोग और तीनों आयुक्तों ने सर्वसम्मति से फैसला लिया है और एक अखबार की रिपोर्ट के आधार पर फैलाए जा रहे झूठ को खारिज किया है. उन्होंने कहा कि अगर आरोप झूठे साबित होते हैं तो कांग्रेस में जनता के सामने आकर अपनी गलती स्वीकार करने का साहस होना चाहिए.
जयपुर. राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने SIR और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार किया. जयपुर में प्रेसवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस झूठे आरोप लगाकर संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करने का काम कर रही है.
मुख्यमंत्री ने SIR को लेकर चुनाव आयोग में मतभेद के आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि तीनों चुनाव आयुक्तों ने सर्वसम्मति से फैसला किया है. चुनाव आयोग से जुड़े सूत्रों ने भी 25 सितंबर को बताया था कि SIR से जुड़े आदेशों को तीनों आयुक्तों ने सर्वसम्मति से मंजूरी दी थी.
‘आरोपों का तथ्यात्मक आधार क्या है?’
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि एक अखबार में छपी रिपोर्ट को आधार बनाकर आरोप लगाए गए, जबकि आयोग ने इन आरोपों को निराधार बताया है. उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि अगर नियमों में बदलाव का आरोप लगाया गया है तो उसका आधिकारिक दस्तावेज कहां है?
मुख्यमंत्री ने खास तौर पर फॉर्म नंबर 6 को लेकर भी स्थिति स्पष्ट करने की बात कही. चुनाव आयोग के मुताबिक फॉर्म 6 में बदलाव नहीं किया गया है, बल्कि SIR के तहत नए मतदाताओं के लिए अतिरिक्त घोषणा-पत्र की व्यवस्था की गई है.
‘लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता का सवाल’
मुख्यमंत्री ने कहा कि मामला सिर्फ SIR का नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता से जुड़ा है. उन्होंने सवाल उठाया कि इतने बड़े आरोप लगाने से पहले विपक्ष को उनके तथ्यों की जांच नहीं करनी चाहिए थी?
सीएम ने यह भी कहा कि विपक्ष ने विदेश में जाकर चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए और भारत की सेना के शौर्य पर भी सवाल खड़े किए. उन्होंने कहा कि अगर लगाए गए आरोप गलत साबित होते हैं तो उन्हें जनता के सामने मानने का साहस भी दिखाना चाहिए.
‘कांग्रेस जनता के बीच जाकर काम करे’
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर राजनीतिक हमला करते हुए कहा कि जनता कांग्रेस को पहले ही नकार चुकी है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस न अपनी हार पचा पाती है और न दूसरे की जीत. मुख्यमंत्री के मुताबिक, राजनीति में सिर्फ आरोप लगाने से काम नहीं चलता. नेताओं को जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं और दुख-दर्द को समझना चाहिए. उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस का जनता से रिश्ता कमजोर हुआ है और उसे जनता के बीच जाकर अपना रिश्ता फिर से मजबूत करने की जरूरत है.
About the Authorसज्जन कुमार दड़बीSenior Sub Editor
Sajan Kumar is a journalist with professional experience in digital news, web journalism, SEO content, copy editing and social media storytelling. He has been working in journalism since 2020 and has worked wit…
और पढ़ेंLocation :
Jaipur,Rajasthan
First Published :
September 27, 2026, 13:51 IST



