पुलिस वर्दीधारी के रोडवेज चालक को थप्पड़ मारने पर भड़के कर्मचारी, सड़को पर छोड़ी बसें, चक्का जाम

Last Updated:September 30, 2026, 17:25 IST
अजमेर में बुधवार को नशे में धुत एक पुलिस वर्दीधारी द्वारा रोडवेज बस चालक से मारपीट करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. घटना के विरोध में भड़के रोडवेज कर्मचारियों ने अंबेडकर सर्किल पर बसें आड़ी-तिरछी खड़ी कर चक्का जाम कर दिया. इससे कलेक्ट्रेट के सामने मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया.
अजमेर. राजस्थान के अजमेर में रोडवेज बस चालक के साथ मारपीट के विरोध में बुधवार को कर्मचारियों का गुस्सा फूट पड़ा. रोडवेज कर्मचारियों ने अपनी बसें अंबेडकर सर्किल पर सड़क पर खड़ी कर चक्का जाम कर दिया. बसों के सड़क पर खड़े होने से कलेक्ट्रेट के बाहर मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया और यातायात व्यवस्था बिगड़ गई.
मामला पुष्कर से गंगापुर जा रही रोडवेज बस का है. बस चालक भगवान सहाय का आरोप है कि पुलिस की वर्दी पहने एक व्यक्ति ने नशे की हालत में उनके साथ मारपीट की. घटना के बाद रोडवेज कर्मचारियों में गुस्सा फैल गया.
सिविल लाइन थाना प्रभारी शंभू सिंह शेखावत ने बताया कि उन्हें जानकारी मिली थी कि अंबेडकर सर्किल के पास बसों का जाम लगा है. इसलिए वो यहां पहुंचे. यहां पहुंचने के बाद उन्हें पूरे मामले के बारे में जानकारी मिली. इसी आधार पर अब पुलिस ने कार्रवाई शुरू की है.
सड़कों पर खड़ी की बसें
गुस्साए कर्मचारियों ने बस स्टैंड के बाहर अंबेडकर सर्किल पर बसें खड़ी कर दीं और विरोध शुरू कर दिया. चक्का जाम की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कर्मचारियों से बातचीत शुरू की. करीब आधे घंटे तक पुलिस ने समझाइश के साथ जाम खुलवाने की कोशिश की. बाद में रोडवेज बसों को वहां से रवाना कराया गया और यातायात धीरे-धीरे सामान्य हुआ.
पुलिस अब मारपीट करने वाले व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. चालक भगवान सहाय समेत कुछ अन्य लोगों को पुलिस थाने भी ले गई, जहां घटना को लेकर जानकारी जुटाई गई. सिविल लाइन थाना प्रभारी शंभू सिंह शेखावत ने रोडवेज कर्मचारियों को मामले में निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है.
About the Authorसज्जन कुमार दड़बीSenior Sub Editor
Sajan Kumar is a journalist with professional experience in digital news, web journalism, SEO content, copy editing and social media storytelling. He has been working in journalism since 2020 and has worked wit…
और पढ़ेंLocation :
Alwar,Rajasthan
First Published :
September 30, 2026, 16:59 IST



