Diwali Cleaning Tips I किचन में बार-बार आ जाती हैं चींटियां? नींबू से लेकर दालचीनी तक, ये उपाय आएंगे काम

Last Updated:October 03, 2026, 11:42 IST
Insects Cleaning Tips: दिवाली से पहले किचन की सफाई करते समय अगर चींटियों की समस्या परेशान कर रही है, तो कुछ आसान घरेलू उपाय काम आ सकते हैं. नींबू, सिरका, नमक, हल्दी, दालचीनी और लौंग जैसी चीजों के इस्तेमाल के साथ खाने की सामग्री को एयरटाइट कंटेनर में रखने और किचन को सूखा रखने से चींटियों की परेशानी कम करने में मदद मिल सकती है.
दिवाली का त्योहार नजदीक आते ही लोग घर की साफ-सफाई में जुट जाते हैं, रसोई की सफाई पर भी खास ध्यान दिया जाता है, क्योंकि किचन में रखी खाने-पीने की चीजों में अक्सर चींटियां लग जाती हैं. खासकर मीठी चीजें, आटा, चावल, दाल और पका हुआ खाना चींटियों को जल्दी आकर्षित करता है. इससे खाना खराब होने के साथ रसोई की साफ-सफाई और सेहत को लेकर भी चिंता बढ़ जाती है. अगर आपके किचन में भी चींटियों की समस्या बनी रहती है, तो कुछ आसान घरेलू उपाय अपनाकर इन्हें दूर रखा जा सकता है.
चींटियां अक्सर खाने के टुकड़ों और उनकी खुशबू के कारण किचन में पहुंचती हैं, इसलिए रोजाना किचन प्लेटफॉर्म, फर्श और गैस के आसपास अच्छी तरह सफाई करें. खाने के टुकड़े या गिरे हुए पदार्थ तुरंत साफ करें, किचन में पानी या नमी जमा न होने दें और जगह को सूखा रखें.
आटा, चीनी, दाल, चावल, बिस्किट और दूसरी खाद्य सामग्री को खुले में रखने से बचें. इन्हें हमेशा एयरटाइट कंटेनर में रखें, इससे खाने की खुशबू बाहर नहीं फैलेगी और चींटियों के पहुंचने की संभावना भी कम होगी.
Add as Preferred Source on Google
नींबू और सिरके की तेज गंध चींटियों को पसंद नहीं होती, किचन के कोनों, शेल्फ और उन जगहों पर जहां से चींटियां आती हैं, वहां नींबू का रस लगाया जा सकता है. इसके अलावा पानी में थोड़ा सिरका मिलाकर सफाई करने से भी चींटियों को दूर रखने में मदद मिल सकती है.
चींटियों के आने-जाने वाले रास्ते पर थोड़ा नमक या हल्दी छिड़क सकते हैं. यह एक आसान घरेलू उपाय है, जिससे चींटियों का रास्ता बदलने में मदद मिल सकती है किचन की अलमारी या शेल्फ में कपूर के छोटे टुकड़े रखे जा सकते है. इसी तरह दालचीनी पाउडर या लौंग को चींटियों के आने वाली जगहों के पास रखने से भी उनकी मौजूदगी कम करने में मदद मिल सकती है.
दिवाली से पहले अगर किचन की नियमित सफाई के साथ इन आसान उपायों को अपनाया जाए, तो चींटियों की परेशानी काफी हद तक कम की जा सकती है. खाने की चीजों को हमेशा ढककर और साफ-सुथरी जगह पर रखना सबसे जरूरी है.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
October 03, 2026, 11:42 IST



