Punjab CM Camp Office Raid | Bhagwant Mann | पंजाब सीएम के कैंप ऑफिस पर CBI की रेड, ट्रांसफर पोस्टिंग केस में OSD के घर भी छापा, भड़क गए भगवंत मान

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के कैंप ऑफिस में सीबीआई ने मंगलवार 6 अक्तूबर को छापेमारी की है. चंडीगढ़ के सेक्टर-2 स्थित हाउस नंबर 50 में सीबीआई की टीम जांच के लिए पहुंची है. इस बंगले को पंजाब सीएम का कैंप ऑफिस-कम-गेस्ट हाउस बताया जाता है. इसके साथ ही मुख्यमंत्री के OSD राजबीर सिंह घुम्मन के पुश्तैनी गांव घराचों स्थित घर पर भी सीबीआई की टीम ने छापा मारा है. इस छापे को लेकर सीएम भगवंत मान ने केंद्र में सत्ताधारी बीजेपी पर निशाना साधा है.
यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है, जब मुख्यमंत्री कार्यालय से जुड़े कथित भ्रष्टाचार और ट्रांसफर-पोस्टिंग से जुड़े मामले में पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने सीबीआई जांच का आदेश दिया है. हाईकोर्ट ने सीबीआई को आपराधिक मामला दर्ज कर जांच करने और दो महीने में स्टेटस रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था. पंजाब सरकार ने इस आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है.
ट्रांसफर-पोस्टिंग केस में CBI ने दर्ज किया केस
CBI सूत्रों के मुताबिक, एजेंसी ने ट्रांसफर और पोस्टिंग से जुड़े मामले में केस दर्ज किया है. केस दर्ज होने के बाद ही जांच के तहत अलग-अलग ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है.
इस मामले की शुरुआत प्रवर्तन निदेशालय (ED) की ओर से पंजाब के DGP को भेजे गए पत्रों से हुई थी. ED ने सरकारी ट्रांसफर-पोस्टिंग, जमीन के इस्तेमाल से जुड़ी मंजूरियों और अन्य सरकारी कामकाज में कथित अनियमितताओं के आरोप लगाए थे. इन पत्रों में मुख्यमंत्री के OSD राजबीर सिंह घुम्मन का भी नाम आया था.
हाईकोर्ट के सामने मामला पहुंचने के बाद अदालत ने सीबीआई को स्वतंत्र जांच के लिए केस अपने हाथ में लेने का निर्देश दिया. अदालत ने एजेंसी को दो महीने में अपनी रिपोर्ट दाखिल करने को कहा है.
हाईकोर्ट के इस आदेश के खिलाफ पंजाब सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है. सुप्रीम कोर्ट में पंजाब सरकार की याचिका पर जल्द सुनवाई की मांग की गई. हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने इससे इनकार कर दिया, जिसके बाद सीबीआई का यह एक्शन देखा गया.
भगवंत मान ने BJP पर लगाए आरोप
सीबीआई की छापे को लेकर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये केंद्र की सत्ताधारी बीजेपी पर निशाना साधा. पंजाबी में किए इस पोस्ट में सीएम मान ने लिखा, ‘बीजेपी ने पंजाब चुनावों की तैयारी शुरू कर दी है… मेरे कैंप ऑफिस पर CBI का छापा पड़ा… अब पंजाब सरकार और मुझे बदनाम करने के लिए पंजाब में ED और CBI का गलत इस्तेमाल किया जाएगा… लोगों से मिल रहे प्यार से बीजेपी घबरा गई है.’
‘भ्रष्टाचार को खत्म करने का वक्त आ गया’
बीजेपी नेता मंजिंदर सिंह सिरसा ने इस मामले में भगवंत मान सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, ‘सब पकड़े जाएंगे… सब पकड़े जाएंगे! पिछले साढ़े चार साल में पंजाब की जनता को जिस तरह लूटा गया, पीटा गया, युवाओं को नशे की तरफ धकेला गया, इंसाफ की मांग कर रही पंजाब की बेटियों और बहनों को सड़कों पर घसीटा गया और पगड़ियों व दुपट्टों का अपमान किया गया- अब हिसाब लेने का वक्त आ गया है. लूट का हो या मारपीट का… सबका हिसाब होगा. सब पकड़े जाएंगे… सब पकड़े जाएंगे. भगवंत मान के कैंप कार्यालय और उनके OSD से जुड़े ठिकानों पर CBI की छापेमारी… भ्रष्टाचार को खत्म करने का वक्त आ गया है!’



