‘तुझसे पैसे लूंगा?’, नाना पाटेकर ने फीस लेने से किया था मना, रोहित शेट्टी ने निधन पर भावुक होकर बताया किस्सा

Last Updated:October 08, 2026, 21:57 IST
दिग्गज एक्टर नाना पाटेकर के निधन से पूरा सिनेमा जगत सदमे में है. उनके जाने के बाद फिल्ममेकर रोहित शेट्टी ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट शेयर कर उनसे जुड़ा एक दिल छू लेने वाला किस्सा बयां किया है. डायरेक्टर ने खुलासा किया कि ‘गोलमाल अगेन’ में स्पेशल कैमियो करने के बाद जब उन्होंने नाना पाटेकर से उनकी फीस पूछी, तो उन्होंने एक रुपया लेने से साफ मना कर दिया और पैसे किसी अनाथ आश्रम में दान करने की बात कही थी.
ख़बरें फटाफट
रोहित शेट्टी ने नाना पाटेकर को दी श्रद्धांजलि. (फोटो: IMDb/Instagram@itsrohitshetty)
नई दिल्ली. भारतीय सिनेमा के दिग्गज एक्टर नाना पाटेकर के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में सन्नाटा पसर गया है. 8 अक्टूबर को गोवा में 75 साल की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली. उनके जाने की खबर सामने आते ही पूरे देश और सिनेमा जगत में शोक की लहर दौड़ गई. सोशल मीडिया पर बॉलीवुड सितारे नम आंखों से श्रद्धांजलि दे रहे हैं. इसी बीच रोहित शेट्टी ने भी सोशल मीडिया पर नाना पाटेकर को याद करते हुए एक बेहद भावुक पोस्ट शेयर किया है.
रोहित शेट्टी ने बताया कि नाना पाटेकर उनके सबसे बड़े और सबसे ईमानदार आलोचक थे, जो बिना किसी लाग-लपेट के उनकी फिल्मों पर बेबाक राय दिया करते थे. डायरेक्टर ने यह भी खुलासा किया कि साल 2017 में आई फिल्म ‘गोलमाल अगेन’ में एक स्पेशल अपीयरेंस के लिए नाना पाटेकर ने एक रुपया भी फीस लेने से मना कर दिया था और कहा था कि वो पैसे किसी अनाथ आश्रम को दान कर दिए जाएं.
नाना पाटेकर के निधन पर रोहित शेट्टी का पोस्ट.
रोहित शेट्टी ने शेयर किया भावुक पोस्ट
रोहित शेट्टी ने इंस्टाग्राम हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘प्रिय दादा, मुझे आपकी देर रात आने वाली कॉल्स बहुत याद आएंगी. बिना किसी हैलो या औपचारिकता के सीधे आपकी कड़क आवाज आती थी अबे शेट्टी, क्या कर रहा है? और मैं भी आपको चिढ़ाने के लिए जानबूझकर पूछता था कि कौन बोल रहा है? जिस पर आपका तुरंत जवाब आता था- साले, नाना बोल रहा हूं.’
रोहित शेट्टी की फिल्मों पर नाना पाटेकर देते थे राय
अपनी बात आगे बढ़ाते हुए रोहित ने लिखा कि नाना पाटेकर कभी बातों को घुमा-फिराकर नहीं कहते थे. उन्होंने लिखा, ‘मेरी हर फिल्म रिलीज होने के बाद आप मुझे अपनी एकदम सीधी राय देते थे कि ये वाली तूने अच्छी बनाई है. ये वाली मुझे पसंद नहीं आई, ये वाली सुपरहिट है या फिर ये तूने हिट बनाने की कोशिश की है और फिर अपने ही खास अंदाज में मुझे समझाते हुए कहते कि अबे, तू खुद स्टार है और तुझे इतने स्टार्स की जरूरत नहीं है.’
नाना पाटेकर ने फिल्म के लिए नहीं ली थी कोई फीस
रोहित शेट्टी ने ‘गोलमाल अगेन’ में नाना पाटेकर के कैमियो से जुड़ा एक बहुत ही खास किस्सा बताया है. उन्होंने लिखा, ‘मैं कभी नहीं भूल सकता जब आपने ‘गोलमाल अगेन’ में एक छोटा सा रोल किया था. मैंने आपसे पूछा था कि दादा, आपकी फीस कितनी होगी? तब आपने मेरी तरफ देखा और अपने उसी कड़क अंदाज में कहा कि तुमसे पैसे लूंगा? मैं एक अनाथ आश्रम का नंबर देता हूं, वहां दान कर देना. दादा, बस यही आपकी पहचान थी-एकदम सीधे, बिना किसी बनावट के, दिलदार और सच्चे. आपका मुझे उस अपनेपन से शेट्टी कहना बहुत याद आएगा. दादा, आपकी कमी हमेशा खलेगी.’
नाना पाटेकर ने 75 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
बताते चलें कि नाना पाटेकर का गोवा में दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया. वह अपने डोना पोला स्थित आवास पर बेहोश पाए गए थे, जिसके बाद उन्हें तुरंत मणिपाल अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने लगभग 45 मिनट से एक घंटे तक उन्हें बचाने की हर संभव कोशिश की, लेकिन सुबह करीब 5:20 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.About the AuthorKamta PrasadSenior Sub Editor
कामता प्रसाद (KP) एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिनके पास मीडिया इंडस्ट्री में काम करने का 11 सालों का लंबा अनुभव है. वर्तमान में वह न्यूज18 हिंदी में बतौर सीनियर सब एडिटर अपनी सेवाएं दे रहे हैं. कामता को एंटरटेनमेंट …
October 08, 2026, 18:44 IST



