‘आज उनका मैसेज नहीं आया’, नाना पाटेकर को याद कर भर आईं अमिताभ बच्चन आंखें, KBC के सेट पर दी भावुक श्रद्धांजलि

नई दिल्ली. कुछ लोग जिंदगी में ऐसे होते हैं, जिनकी मौजूदगी का एहसास रोज होता है. लेकिन उनके चले जाने के बाद उनकी कमी हर दिन खलती है. कभी उनकी कही कोई बात याद आती है, तो कभी फोन पर होने वाली बातचीत की आदत दिल को बेचैन कर देती है. फिर एक दिन ऐसा आता है, जब उस इंसान का इंतजार हमेशा के लिए अधूरा रह जाता है. कुछ ऐसा ही भावुक पल महानायक अमिताभ बच्चन के लिए भी आया, जब उन्हें अपने करीबी दोस्त और दिग्गज एक्टर नाना पाटेकर को याद करना पड़ा. कौन बनेगा करोड़पति के मंच पर नाना को श्रद्धांजलि देते हुए बिग बी की बातें उनके प्रति सम्मान, दोस्ती और बिछड़ने के दर्द को बयां कर गईं.
अमिताभ बच्चन ने अपने शो ‘कौन बनेगा करोड़पति’ (KBC) के मंच से नाना पाटेकर को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी. बिग बी ने नाना के निधन पर दुख जताते हुए कहा कि उनके जाने से केवल भारतीय फिल्म उद्योग को ही नहीं, बल्कि उन सभी लोगों को गहरा सदमा पहुंचा है, जिनका उनसे किसी न किसी रूप में जुड़ाव रहा था. पोस्ट को शेयर करते हुए उन्होंने एक्स पर लिखा- ‘स्तब्ध ! हर दूरे दिन उनका और हमारा संपर्क मेसेज द्वारा रहता था.आज उनका मेसेज नहीं आया.’
नाना के निधन से अमिताभ बच्चन स्तब्ध
अमिताभ बच्चन ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो कहते हैं- ‘देवियों और सज्जनों, नाना पाटेकर जी का अचानक आज सुबह स्वर्गवास हो गया. एक अद्वितीय कलाकार, दोस्त, शुभचिंतक और एक उत्कृष्ट समाज सेवक अब हमारे बीच नहीं रहे.’ उनके इन शब्दों में एक ऐसे कलाकार के जाने का दुख था, जिसने अपने अभिनय के साथ-साथ अपने व्यक्तित्व से भी लोगों के दिलों में खास जगह बनाई. यहां देखें वीडियो
‘उनकी बेबाकी और सादगी उन्हें सबसे अलग बनाती थी’
नाना पाटेकर अपने बेबाक अंदाज और बेधड़क होकर अपनी बात कहने के लिए पहचाने जाते थे. वह उन कलाकारों में शामिल रहे, जिन्होंने पर्दे पर अलग-अलग किरदारों को जीवंत करने के साथ अपनी असल जिंदगी में भी एक अलग पहचान बनाई. अमिताभ बच्चन ने भी नाना की इन्हीं खूबियों को याद किया. बिग बी ने कहा, ‘उनकी बेबाकी, उनकी सादगी और सच को सच कहने का साहस, ये सारी बातें उन्हें सबसे अलग बनाती थीं. कुछ लोग हमारी जिंदगी से चले जाते हैं, लेकिन उनकी आवाज, उनके परोपकार, उनकी सीख हमेशा के लिए हमारे भीतर रह जाती है. नाना उन लोगों में से एक थे.’
KBC के मंच पर नाना की यादें हुईं ताजा
अमिताभ बच्चन ने नाना पाटेकर के साथ KBC के मंच पर बिताए पलों को भी याद किया. उन्होंने कहा कि नाना एक विशेष कार्यक्रम में शो के अतिथि बनकर आए थे और वह शाम हमेशा यादगार रहेगी. उस दौरान नाना की बातों ने सभी को प्रभावित किया था. बिग बी ने उनके उस सामाजिक कार्य का भी जिक्र किया, जिसके लिए उन्होंने शो में जीती हुई धनराशि समर्पित की थी. अमिताभ ने बताया कि महाराष्ट्र के सूखे से प्रभावित गांवों में नाना ने किसानों से संपर्क किया और उनकी मदद के लिए व्यक्तिगत स्तर पर काम किया. नाना का यह पक्ष उनके संवेदनशील व्यक्तित्व और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी को दिखाता है.
अमिताभ ने किया नाना की कला को सलाम
नाना को याद करते हुए अमिताभ बच्चन ने उन्हें व्यक्तिगत तौर पर नमन किया और उनकी कला को सलाम किया. उन्होंने कहा, ‘आपको नाना, व्यक्तिगत रूप से नमन और आपकी उस कला को प्रणाम, जिसे आपने पूरी ईमानदारी से जिया और हम सबको समर्पित किया.’ आखिर में अमिताभ बच्चन ने KBC परिवार की ओर से नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि दी. उनके शब्दों में एक कलाकार के प्रति सम्मान के साथ उस इंसान को खोने का दर्द भी महसूस हुआ, जिसने अपनी कला, सादगी और समाज सेवा से लोगों के दिलों में जगह बनाई थी.



