Kaila Devi Temple: नवरात्रि में कैलादेवी मंदिर में 10 दिन तक रहेगी रौनक, सुरक्षा के लिए प्रशासन ने बनाया खास प्लान

Last Updated:October 10, 2026, 13:16 IST
Kaila Devi Temple: करौली के प्रसिद्ध कैलादेवी मंदिर में 11 से 20 अक्टूबर तक शारदीय नवरात्रि मेला आयोजित होगा. मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए 250 पुलिसकर्मी और 300 से अधिक CCTV कैमरे तैनात रहेंगे. जानिए मेले में दर्शन, पार्किंग, चिकित्सा और अन्य सुविधाओं के लिए क्या-क्या इंतजाम किए गए हैं.
करौली. राजस्थान के प्रसिद्ध कैलादेवी मंदिर में शारदीय नवरात्रि मेले की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. 11 से 20 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले इस मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है, इसे देखते हुए जिला प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट ने सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है. प्रशासन का प्रयास है कि श्रद्धालुओं को माता के दर्शन करने में किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े.
जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने कैलादेवी मंदिर परिसर का निरीक्षण कर मेले की तैयारियों का जायजा लिया, उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने और सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए. वहीं, पुलिस अधीक्षक लोकेश सोनवाल ने कानून व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और यातायात प्रबंधन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए करीब 250 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी. मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी रखी जाएगी. इसके अलावा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन की ओर से एसडीआरएफ और सिविल डिफेंस की टीमें भी तैनात रहेंगी.
कालीसिल नदी के घाटों पर भी रहेगी सुरक्षा
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कालीसिल नदी के घाटों पर विशेष इंतजाम किए जाएंगे. यहां सफाई व्यवस्था के साथ सुरक्षा और गोताखोरों की तैनाती की जाएगी. मंदिर परिसर में पेयजल, साफ-सफाई, विश्राम स्थल, पार्किंग, प्रवेश और निकास मार्गों की व्यवस्था की गई है. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कतार व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा. दिव्यांग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए ट्राईसाइकिल उपलब्ध कराने की तैयारी है. इसके साथ ही चिकित्सा सेवाओं, एंबुलेंस और आपातकालीन व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं. मंदिर ट्रस्ट के करीब 200 कर्मचारी मेले के दौरान विभिन्न व्यवस्थाओं को संभालेंगे.
नवरात्रि में होंगे विशेष पूजा-अनुष्ठान
मंदिर ट्रस्ट के प्रबंधक प्रदीप द्विवेदी ने मेले के दौरान श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की जानकारी दी. वहीं, राशि प्रकाश जतीन के अनुसार, नवरात्रि के दौरान मंदिर में प्रतिदिन पूजा-अनुष्ठान किए जाएंगे. इस दौरान 101 दुर्गा सप्तशती और 108 भैरव स्तोत्र का पाठ होगा। इसके साथ ही दुर्गा भागवत का आयोजन भी किया जाएगा. नवरात्रि में प्रतिदिन कन्या पूजन और कन्याओं को भोजन कराने की परंपरा निभाई जाएगी. कई श्रद्धालु मंदिर में घट स्थापना कर विशेष अनुष्ठान भी करेंगे. जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए हैं. मेले के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधाओं पर लगातार नजर रखी जाएगी, ताकि देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले श्रद्धालु शांतिपूर्ण माहौल में माता कैलादेवी के दर्शन कर सकें.
About the Authorमोनाली पाल
नमस्ते मेरा नाम मोनाली है, पेशे से पत्रकार हूं, ख़बरें लिखने का काम है. लेकिन कैमरे पर समाचार पढ़ना बेहद पसंद है. 2016 में पत्रकारिता में मास्टर्स करने के बाद पांच साल कैमरे पर न्यूज़ पढ़ने के साथ डेस्क पर खबरे…
और पढ़ेंLocation :
Karauli,Rajasthan
First Published :
October 10, 2026, 13:14 IST



